जौनपुर में 10 बसों का चालान, 3 सीज:परिवहन विभाग ने अनाधिकृत बसों पर की कार्रवाई
जौनपुर में परिवहन विभाग ने अनाधिकृत रूप से संचालित बसों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत 10 बसों का चालान किया गया, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 3 बसों को सीज कर दिया गया। यह विशेष प्रवर्तन अभियान बीती रात एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में यात्री/मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार के साथ जनपद के विभिन्न मार्गों पर चलाया गया। अभियान के दौरान लगभग 50 बसों की सघन जांच की गई। जांच में बिना नंबर प्लेट, प्रेशर हॉर्न का उपयोग और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए पाई गईं 10 बसों का चालान किया गया। वहीं, तीन बसों में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उन्हें संबंधित थानों में सीज कर दिया गया। एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह ने वाहन संचालकों से यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

