शहीदों के सरताज गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर कल होंगे धार्मिक आयोजन

बाबा न्यूज
आगरा। सिख धर्म के पंचम गुरु एवं शहीदों के सरताज धन धन श्री गुरु अर्जन देव जी के पावन शहीदी दिवस के अवसर पर 18 जून शहर के विभिन्न गुरुद्वारों में धार्मिक कार्यक्रमों, कीर्तन दरबारों एवं छबील सेवा का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर गुरु साहिब की महान शहादत को नमन करते हुए संगत को उनके आदर्शों, त्याग, सेवा और मानवता के संदेश से प्रेरित किया जाएगा।
प्रबंधक कमेटी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार प्रातः अमृतवेले गुरुद्वारा दशम पिता, शाहगंज में सुबह 4 बजे से सुखमनी पाठ एवं गुरबाणी कीर्तन का आयोजन होगा, जिसमें पंथ के प्रसिद्ध कीर्तनीय वीर महेंद्र पाल सिंह संगत को गुरबाणी रस से निहाल करेंगे।
इसके अतिरिक्त गुरुद्वारा दशमेश दरबार, शहीद नगर (विभव नगर) में विशेष कीर्तन दरबार की हाजिरी भाई हरजिंदर सिंह देंगे। इसके अपरान्त हजारों श्रद्धालुओं के लिए ठंडे मीठे छबील की सेवा वहीं शाम के विशेष कीर्तन समगाम शाम 7 बजे से गुरुद्वारा श्री कलघीधर साहिब, सदर बाजार में भी भव्य कीर्तन समागम का आयोजन होगा, जिसमें पंथ के प्रसिद्ध कीर्तनीय हरप्रीत सिंह एवं जसविन्दर सिंह अम्बाले वाले गुरबाणी की हाजिरी भरकर गुरु रूप संगत को निहाल करेंगे।
प्रबंधक कमेटी के बॉबी आनंद, हरपाल सिंह, अमरदेव सिंह साहनी गुरु सेवक श्याम भोजवानी एवं प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने समस्त साध-संगत से इन पावन आयोजनों में बढ़ चढ़कर शामिल होकर गुरु साहिब की शहादत को श्रद्धापूर्वक नमन करने तथा गुरु घर की खुशियां प्राप्त करने की अपील की है।

जीएलआर नम्बर 514, ‘सी’ क्लास लैण्ड पर निर्मित 121 दुकानों को स्थायी रूप से फ्रीहोल्ड किया जाए

 

सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में रक्षा मंत्री से मिले विधायक डॉक्टर जी एस धर्मेश, पूर्व विधायक केशव मेहरा, छावनी परिषद के मनोनीत सदस्य राजेश गोयल
बाबा न्यूज
आगरा। आगरा छावनी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को हल करने के लिए बुधवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से एक प्रतिनिधिमंडल नवीन जैन, राज्यसभा सांसद के नेतृत्व में मिला एवं आगरा छावनी क्षेत्र की अनेक गम्भीर समस्याओं से अवगत कराया।
डा. जीएस धर्मेश, विधायक एवं केशो मेहरा, पूर्व विधायक ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार व्यक्त किया कि वर्ष 2023 में सेल्फ फाइनेन्स स्कीम के अन्तर्गत शॉपिंग आर्केड, सदर बाजार, आगरा छावनी, जीएलआर नम्बर 514, ‘सी’ क्लास लैण्ड पर निर्मित 121 दुकानों की ई-नीलामी का ओदश रक्षा सचिव द्वारा निर्गत हो गया था, लेकिन उन्होंने विशेष रुचि लेकर इन दुकानदारों के ऊपर कच्चे धागे से लटकती हुई तलवार को आदेश दिनांक 20.04.2023 द्वारा रुकवा दिया।
डा. जीएस धर्मेश एवं केशो मेहरा ने कहा कि इस संदर्भ में छावनी परिषद अधिनियम में कोई संशोधन अब तक नहीं हो पाया है, इसलिए शॉपिंग आर्केेड ट्रेडर्स एसोसिएशन ने यह अपेक्षा की है कि जीएलआर नम्बर 514, ‘सी’ क्लास लैण्ड पर निर्मित 121 दुकानों को स्थायी रूप से फ्रीहोल्ड करने का आदेश निर्गत करने की कृपा करें। जिससे समस्या का स्थायी हल हो सके।
नवीन जैन, राज्यसभा सांसद ने छावनी परिषद, आगरा में वर्षों से लम्बित जीएलआर म्युटेशन की समस्या की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि लम्बित म्युटेशन के प्रकरणों को शीघ्रातिशीघ्र हल किया जाए, इस सम्बन्ध में नियम बनाए जाएं जिससे कि म्युटेशन के सम्बन्ध में जो भी प्रार्थनापत्र आएं, उनका दो माह के अन्दर निस्तारण किया जाए।
राजेश गोयल, मनोनीत सदस्य, छावनी परिषद, आगरा एवं सजल बंसल ने कहा कि छावनी क्षेत्र के जर्जर मकानों को चिन्हित कर उनके भवन स्वामियों को निर्देशित किया जाए कि अपने भवन का स्वयं ध्वस्तीकरण करा लें, अन्यथा छावनी परिषद ध्वस्तीकरण कर देगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विश्वास दिलाया कि छावनी की इन समस्याओं का शीघ्र हल कराया जाएगा।

पुलिस ने महिला का लाखों की कीमत का बैग लौटाया:बदायूं में आंधी-बारिश के बीच ऑटो में छूटा था सामान, एसएसपी ने किया सम्मानित

बदायूं में आंधी-बारिश के दौरान एक महिला का लाखों रुपये कीमत का बैग ऑटो में छूट गया था। पुलिस की तत्परता से यह बैग महिला को सुरक्षित वापस मिल गया। बैग में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन समेत सभी कीमती सामान मौजूद था। महिला और उसके परिवार ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। यह घटना थाना अलापुर क्षेत्र की है। ग्राम विशनपुरी निवासी मिथलेश, पत्नी मुनेन्द्र, 16 जून को अपनी मां और बच्चों के साथ मायके ग्राम महरौली (थाना मूसाझाग) से ससुराल जा रही थीं। रास्ते में म्याऊं में ऑटो से उतरते समय उनका बैग गाड़ी में ही छूट गया। बैग में कीमती जेवरात, नकदी और एक मोबाइल फोन रखा था। बैग गायब होने की सूचना मिथलेश ने तत्काल पुलिस चौकी म्याऊं पर दी। चौकी प्रभारी ने सक्रियता दिखाते हुए ऑटो चालक से संपर्क किया और कुछ ही समय में बैग को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद बैग महिला को सौंप दिया गया। सामान वापस मिलने पर महिला और उसके परिजनों ने बदायूं पुलिस की ईमानदारी और त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की। उपनिरीक्षक की इस सराहनीय कार्यशैली को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। एसएसपी ने कहा कि ऐसे कार्य पुलिस की जिम्मेदारी और जनता के प्रति विश्वास को मजबूत करते हैं।

कानपुर में चरस सप्लाई करने वाले दो भाई अरेस्ट:नेपाल से शर्ट और बैग में छिपाकर लाए 1.35 करोड़ की चरस

बर्रा पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने नेपाल से चरस लाकर शहर में सप्लाई करने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 1.35 करोड़ कीमत की 8.458 किलो चरस बरामद हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर बर्रा पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने प्रिया नर्सिंगहोम अंडरपास के पास घेराबंदी कर रावतपुर थानाक्षेत्र के मसवानपुर निवासी रमजान अहमद और एजाज अहमद को दबोच लिया। तलाशी के दौरान बैग और शर्ट के अंदर छिपाकर रखी गई 8.458 किग्रा चरस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह बलरामपुर के बढ़नी बार्डर के रास्ते नेपाल से चरस लाकर शहर समेत आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। हर चक्कर पर मिलते थे पांच हजार रुपये डीसीपी साउथ ने बताया कि आरोपी भाइयों का काम नेपाल से चरस लाकर शहर में पहुंचाना था। इसके लिए उन्हें प्रति चक्कर पांच हजार रुपये मिलते थे और लगभग हर हफ्ते ही दोनों नेपाल जाते थे। इसके बाद शहर आकर अलग-अलग जगहों पर सप्लाई कर देते थे। फिलहाल गिरोह से जुड़े लोगों के बारे में कुछ जानकारी हाथ लगी है। सरगना समेत अन्य गिरोह के सदस्यों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी करके पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। छह महीने में दूसरी बार पकड़ी चरस, नहीं ढूंढ पाए नेटवर्क छह महीने के भीतर नेपाल कनेक्शन से जुड़ी चरस तस्करी का यह दूसरा बड़ा मामला सामने आया है। इससे पहले 26 दिसंबर 2025 को बर्रा पुलिस और एसटीएफ ने नेपाल के जानकी नगर खोकसी निवासी प्रदीप कर्ण को गिरफ्तार कर उसके पास से 13.2 किलोग्राम चरस बरामद की थी। जांच में सामने आया था कि वह काठमांडू निवासी बमबम और बिहार के रक्सेल निवासी मुन्ना के लिए चरस और गांजा की खेप लेकर आता था। हालांकि लगातार दूसरी बड़ी बरामदगी के बावजूद पुलिस अब तक इस तस्करी नेटवर्क के सरगनाओं और इसके पूरे सप्लाई चेन का खुलासा नहीं कर सकी है, जो पुलिस के लिए अब भी चुनौती बना हुआ है।

गर्भवती महिला की सैफई पीजीआई में मौत:मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

इटावा में ऊसराहार थाना क्षेत्र के अघीनी गांव निवासी साढ़े आठ माह की गर्भवती महिला की इलाज के दौरान सैफई पीजीआई में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए ऊसराहार थाने में शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अघीनी गांव निवासी पूनम पत्नी मुलायम सिंह उम्र करीब 24 वर्ष गर्भवती थी। पूनम की डिलीवरी 26 जून बताई जा रही थी। बुधवार सुबह उसकी तबीयत बिगड़ने पर पति और परिजन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊसराहार लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (पीजीआई) रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के पति मुलायम सिंह ने बताया कि मंगलवार रात तक सब कुछ सामान्य था। सभी लोगों ने खाना खाया और इसके बाद सो गए। बुधवार सुबह अचानक पूनम की तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। सीएचसी से रेफर किए जाने के बाद उसे सैफई पीजीआई ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयास के बाद भी उसकी जान नहीं बच सकी। मुलायम सिंह के अनुसार घटना की जानकारी जब पूनम के मायके वालों को दी गई तो उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए और हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके बाद मायके पक्ष के लोग ऊसराहार थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। पूनम का विवाह वर्ष 2020 में मुलायम सिंह के साथ हुआ था। यह उसका दूसरा बच्चा होने वाला था। उसका करीब चार साल का एक बेटा भी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

सिपाही पर विवादित जमीन पर कब्जा कराने का आरोप:पीड़ित परिवार SSP से मिला, हाईकोर्ट में विचाराधीन भूमि पर निर्माण का मामला

मुज़फ़्फ़रनगर के चरथावल थाना क्षेत्र के गांव रोनी हरजीपुर में एक विवादित भूमि को लेकर नया मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने बिरालासी चौकी पर तैनात एक सिपाही पर विपक्षी पक्ष से मिलीभगत कर जमीन पर जबरन निर्माण कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। बुधवार को मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेसवार्ता में पीड़ित जमील ने बताया कि गांव में खसरा संख्या 175 की भूमि पर उनका परिवार पिछले लगभग 30 वर्षों से काबिज है और वहां उनका मकान बना हुआ है। उन्होंने दावा किया कि इस भूमि से संबंधित मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट में सेकंड अपील संख्या 703/2013 के तहत विचाराधीन है। जमील के अनुसार, बुधवार सुबह बिरालासी चौकी पर तैनात सिपाही दिनेश विपक्षी पक्ष के साथ विवादित भूमि पर पहुंचा। वहां सिपाही की मौजूदगी में नींव भरवाने का कार्य शुरू करा दिया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने सिपाही को हाईकोर्ट में मामला लंबित होने की जानकारी दी और संबंधित दस्तावेज दिखाए, तो सिपाही ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और कागजात फेंक दिए। जमील का यह भी आरोप है कि सिपाही ने उन्हें धमकी दी कि यदि उन्होंने ज्यादा विरोध किया तो उन्हें पुलिस से बदतमीजी के आरोप में जेल भेज दिया जाएगा। जमील का दावा है कि इस पूरी घटना का वीडियो उनके पास मौजूद है, जिसे वे जांच अधिकारियों को सौंपने के लिए तैयार हैं। प्रेसवार्ता में मौजूद सितारा, जो शकील राणा की पत्नी हैं, ने आरोप लगाया कि गरीब होने के कारण उनकी सुनवाई नहीं हो रही है और पुलिस स्वयं विपक्षी पक्ष का साथ दे रही है। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी (CO) सदर को सौंप दी गई है। वर्मा ने आश्वासन दिया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और यदि कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

भाजपा नेत्री की बेटी से 39 हजार की ठगी:गूगल से डॉक्टर का नंबर खोजना पड़ा महंगा, खाते से निकाले रुपए

सुलतानपुर में भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष सुनीता बरनवाल की बेटी सौम्या बरनवाल साइबर ठगी का शिकार हो गई हैं। उनके बैंक खाते से लगभग 39 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस संबंध में सौम्या ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को शिकायत दर्ज कराई है। घटना 12 जून की है, जब सौम्या ने सिविल लाइन, सुलतानपुर के मनोवैज्ञानिक चिकित्सक डॉ. एसएम वर्मा का नंबर गूगल पर खोजा। डॉक्टर से बातचीत के बाद, उन्हें अस्पताल रिसेप्शन के मोबाइल नंबर 8432591851 से एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने एक लिंक भेजकर 5 रुपये का भुगतान कर नंबर बुक कराने को कहा। सौम्या को इस पर संदेह हुआ और उन्होंने कोई भुगतान नहीं किया। इसके बावजूद, 15 और 16 जून को उनके खाते से चार बार में लगभग 39 हजार रुपये निकाल लिए गए। पैसे निकलने का संदेश मिलते ही सौम्या ने साइबर क्राइम सेंटर को सूचना दी और कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जहां से आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन मिला है। सौम्या बरनवाल ने बताया कि उन्होंने न तो कोई ओटीपी साझा किया और न ही कोई पैसा भेजा, फिर भी उनके खाते से पैसे निकल गए। उन्होंने कहा कि गूगल से मिले चिकित्सक के नंबर पर आया बुकिंग लिंक पूरी तरह फर्जी निकला। सौम्या ने लोगों से साइबर क्राइम और बैंक धोखाधड़ी की बढ़ती घटनाओं के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक चारू निगम से मामले की सत्यता की जांच का भी अनुरोध किया है। इस मामले पर सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गुरु अर्जन देव जी की शहादत की याद में सजेंगे कीर्तन दरबार

18 जून को मनाया जाएगा शहीदी दिवस, शहर भर में लगेगी मीठे शरबत की छबील
बाबा न्यूज
आगरा। शहीदों के सरताज व सिख धर्म के पांचवे गुरु साहिब श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज के शहीदी दिवस के अवसर पर 18 जून को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा माईथान आगरा में विशेष कीर्तन समागम का आयोजन किया जा रहा है । केंद्रीय तौर पर मनाये जा रहे इस विशेष कीर्तन समागम का पोस्टर विमोचन मंगलवार को गुरुद्वारा माईथान में किया गया।
इस अवसर पर गुरुद्वारा गुरु का ताल के बाबा अमरीक सिंह जी ने बताया कि गुरु अर्जन देव जी ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब की रचना की,जिसमें सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी गुरु अंगद ,गुरु अमर दास जी ,गुरु रामदास जी और अपनी वाणी के अलावा विभिन्न धर्मो के महापुरुषों की वाणी को भी शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि गुरु अर्जन देव जी ने तत्कालीन मुगलिया हुकूमत की बहुत ही असहनीय व दर्दनाक यातनाओं को शांति व सब्र के साथ सहते हुए अपनी शहादत दी थी । गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान कवलदीप सिंह ने बताया कि गुरु अर्जन देव जी का शहीदी दिवस 18 जून रविवार को पूरी दुनिया में भव्यता के साथ मनाया जा रहा है । आगरा के गुरुद्वारा माईथान की में इस अवसर पर शाम छह से रात्रि 10 बजे तक एक विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विशेष तौर पर रागी भाई बलप्रीत सिंह जी लुधियाना वाले अपनी अमृतमई वाणी से संगत को निहाल करेंगे। इसके अलावा गुरुद्वारा माईथान के हजूरी रागी भाई लखविंदर सिंह और शहर के अन्य रागी जत्थे भी अपनी हाजिरी भरेंगे ।हेड ग्रंथी ज्ञानी कुलविंदर सिंह ने बताया कि पहली बार शहीदी दिवस के अवसर यह कीर्तन समागम शाम के समय किया जा रहा है। इससे पहले यह कार्यक्रम केंद्रीय तौर पर मैथन में दिन में मनाया जाता था। उन्होंने बताया इस अवसरपर शहर भर के विभिन्न गुरुद्वारों ,सिख संस्थाओं की ओर से ठंडे मीठे शरबत की छबील लगाई जाएगी। छबील लगाये जाने की परंपरा गुरु अर्जन देव जी की शहादत के समय से निरंतर चली आ रही ये। मीडिया प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि कीर्तन समागम के दौरान बीपी आॅयल मिल में सभी चार पहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा माईथान के अध्यक्ष परमात्मा सिंह अरोड़ा गुरुद्वारा गुरु का ताल के ग्रंथी हरबंस सिंह, गुरुद्वारा विजयनगर कॉलोनी के प्रधान हरजिंदर सिंह ,परमजीत सिंह सरना ,वीरेंद्र सिंह वीरे,सतविंदर सिंह,प्रवीण अरोड़ा, हरपाल सिंह, पाली सेठी , राणा रणजीत सिंह,रक्षपाल सिंह रौनक वाधवा आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।

वृक्ष लगाएँ, पानी व्यर्थ न बहाए…

अखिल भारतीय महिला परिषद नगर शाखा ने ‘जलवायु परिवर्तन के कारण और दुष्परिणाम’ विषय पर महिलाओं और बच्चों को किया जागरूक
बाबा न्यूज
आगरा। चाहे जितना भी विकास करो। लेकिन वनों का न नाश करो। वृक्ष रहेंगे तो ही जीवन होगा। ऐसा तुम सब विश्वास करो..
वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. मधु भारद्वाज की इन संदेशप्रद पंक्तियों के साथ अखिल भारतीय महिला परिषद की नगर शाखा द्वारा उमा कुंज, भावना एस्टेट स्थित सीताराम मंदिर में एक जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई जिसमें 60 से अधिक महिलाओं और बच्चों को जलवायु परिवर्तन के कारण और दुष्परिणाम विषय पर जागरूक किया गया।
अध्यक्ष उमा सिंह ने कहा कि वन कम होने से वर्षा कम होती है। जल स्तर और आॅक्सीजन लेवल कम होता है। तापमान बढ़ जाता है। ग्लेशियर पिघलते हैं और सागर के सीमावर्ती स्थानों पर खतरा बढ़ जाता है।
सरोज प्रशांत ने कहा कि वनों और वृक्षों को बचाना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। मानी महाजन ने प्रोजेक्टर के माध्यम से चित्रों के साथ सरल शब्दों में समझाया कि वृक्ष लगाएँ। पानी व्यर्थ न बहाएँ। वाहन और एसी जरूरत पड़ने पर ही चलाएँ। जलवायु परिवर्तन के दुष्परिणामों से जनजीवन को बचाने के लिए ये सावधानियाँ बरतना आवश्यक है।
संगोष्ठी में उमा सिंह, रजनी शर्मा, सरोज प्रशांत, चित्ररेखा कटियार, ममता खन्ना, रूपा मेहरा, रश्मि कुलश्रेष्ठ, चंदा मेहरोत्रा और वर्षा खन्ना भी प्रमुख रूप से मौजूद रहीं। प्रेमलता मिश्रा ने संचालन किया।

श्री शिव महापुराण में गणेश जन्मोत्सव प्रसंग सुनाया

पांचवे दिन कार्तिक जी उत्त्पत्ति व ताड़कासुर का वध का किया वर्णन
बाबा न्यूज
आगरा। जब अधर्म बढ़ता है और धर्म संकट में पड़ जाता है, तब भगवान किसी न किसी रूप में संसार का कल्याण करने के लिए अवतरित होते हैं। तारकासुर के अत्याचारों से देवता व्याकुल हो गए थे। तब भगवान शिव और माता पार्वती के तेज से भगवान कार्तिकेय का प्राकट्य हुआ। कार्तिकेय ने देवसेना के सेनापति बनकर तारकासुर का वध किया और धर्म की स्थापना की। ये उद्द्गार विश्व सनातन ट्रस्ट की ओर से कमला नगर स्थित सुभाष नगर चौराहे पर चल रही शिव पुराण कथा मे व्यास पीठासीन कार्ष्णि मयंक उपाध्याय महाराज का। पांचवे दिन शनिवार को कार्तिक जी उत्त्पत्ति, ताड़कासुर का वध, गणेश जन्मोत्सव और विवाह वर्णन किया गया।

कार्ष्णि मयंक उपाध्याय ने कहा कि माता पार्वती ने अपने प्रेम और शक्ति से गणेशजी को उत्पन्न किया। भगवान शिव द्वारा उन्हें गणों का अधिपति और प्रथम पूज्य बनने का वरदान मिला। इसी कारण किसी भी शुभ कार्य की शुरूआत भगवान गणेश के स्मरण से की जाती है। गणेश विवाह की कथा जीवन में ज्ञान और बुद्धिमत्ता के महत्व को दशार्ती है। जब पृथ्वी की परिक्रमा की प्रतियोगिता हुई, तब गणेशजी ने माता-पिता को ही समस्त संसार मानकर उनकी परिक्रमा की। उनकी इस बुद्धिमत्ता से प्रसन्न होकर भगवान शिव और माता पार्वती ने उनका विवाह ऋद्धि और सिद्धि के साथ कराया। भगवान गणेश के जन्म प्रसंग के आते ही पूरा पंडाल ‘गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया’ के जयकारों से गूंज उठा। सुबह बाल संस्कार शिविर में 40 बच्चो को संस्कार की शिक्षा दी।

शिवपुराण में आज
अध्यक्ष आकाश शर्मा व सचिव रेखा शर्मा ने बताया कि बुधवार को हनुमान जन्मोत्सव, नंदी अवतार, तुलसी अवतार, 12 शिवलिंग उत्त्पति और महत्व और बेल पत्तो की महत्वता के दिव्य प्रसंग होंगे। शिव महापुराण का समापन 18 जून को किया जायेगा। इस अवसर पर कमलेश शर्मा, भारत उपाध्याय, राजीव गुप्ता, डॉ ज्योति गुप्ता, ऋषिकेश झा, कामना गोयल, नीलू मित्तल, रितु गर्ग, वंदना गुप्ता, नेहा गुप्ता, ललिता वर्मा, मिनी वर्मा, संतोष तनेजा, प्राश बत्रा आदि मौजूद रहे।