हापुड़ में अवैध प्लाटिंग पर चला एचपीडीए का बुलडोजर:36,500 वर्गमीटर भूमि पर विकसित 4 अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई
हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण (एचपीडीए) ने शुक्रवार को अवैध प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण ने कुल 36,500 वर्गमीटर भूमि पर विकसित की जा रही चार अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। पुलिस बल की मौजूदगी में इन कॉलोनियों के सड़क निर्माण, प्लॉटों के सीमांकन और अन्य अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई के तहत, गांव गोयना में कुलदीप, धर्मेंद्र और गजेंद्र द्वारा करीब 2,500 वर्गमीटर भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। इसके बाद, मोदीनगर रोड पर एक स्कूल के पीछे राकेश त्यागी और गजेंद्र त्यागी द्वारा लगभग 8,000 वर्गमीटर भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर भी बुलडोजर चलाया गया। इसी क्रम में, गांव गोयना में ही पदम सिंह और रूप सिंह द्वारा करीब 16,000 वर्गमीटर भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को भी ध्वस्त किया गया। इसके अतिरिक्त, गांव गोयना से पहले अशोक अग्रवाल द्वारा लगभग 10,000 वर्गमीटर भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी के निर्माण को भी प्राधिकरण की टीम ने जेसीबी से हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। प्राधिकरण के अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को बिना स्वीकृति के विकसित की जा रही कॉलोनियों में निवेश न करने की सलाह भी दी। अवैध प्लाटिंग पर जारी रहेगी कार्रवाई एचपीडीए के उपाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि प्राधिकरण की अनुमति के बिना विकसित की जा रही किसी भी अवैध कॉलोनी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी भूखंड या प्लॉट की खरीदारी से पहले उसकी वैधता और प्राधिकरण से स्वीकृति की जांच अवश्य कर लें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

