फतेहपुर में भाकियू का कलेक्ट्रेट घेराव:अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसानों का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
फतेहपुर में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर केंद्र सरकार और अमेरिका के बीच हुए ट्रेड डील का विरोध किया। किसानों ने अपनी 14 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना दिया और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को सौंपा। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में किसान शाम करीब 4:20 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे और धरने पर बैठ गए। करीब आधे घंटे बाद पहुंचे एसडीएम को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। भाकियू के राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह ने कहा कि संगठन अमेरिका के साथ हुए ट्रेड डील का विरोध करता है। उनका कहना था कि इस समझौते का असर किसानों और व्यापारियों पर पड़ सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री से इस डील पर पुनर्विचार करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने 14 सूत्रीय मांगें भी उठाईं। इनमें सभी फसलों पर स्वामीनाथन आयोग की C2+50% सिफारिश के अनुसार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी, सरकारी खरीद कानून, गन्ने का राज्य परामर्श मूल्य (एसएपी) 500 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने और बकाया गन्ना भुगतान ब्याज सहित कराने की मांग शामिल रही। इसके अलावा कृषि एवं घरेलू उपयोग के लिए 300 यूनिट मुफ्त बिजली, स्मार्ट मीटर और बिजली के निजीकरण की प्रक्रिया वापस लेने, मनरेगा के तहत 200 दिन का रोजगार और 700 रुपये प्रतिदिन मजदूरी, डीएपी व यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता तथा बाढ़, सूखा, अतिवृष्टि और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई। भाकियू ने डेयरी क्षेत्र में विदेशी दुग्ध उत्पादों के आयात पर नियंत्रण की मांग करते हुए कहा कि इससे देश के दुग्ध उत्पादक किसानों के हितों की रक्षा की जानी चाहिए। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक उत्तम, देव नारायण पटेल, मुन्ना शेख, दिनेश शुक्ला, सुरेंद्र पटेल, अजीत, पप्पू यादव, हरिलाल सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

