Breaking News
सपा कार्यकर्ताओं ने मनाया आजम खान का 78वां जन्मदिन:रामपुर में नेताओं ने केक काटकर दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की

रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खान का 78वां जन्मदिन शुक्रवार को सपा कार्यालय में मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए, उनके दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। जिला कारागार में बंद आजम खान के जन्मदिन पर नमाज के बाद दोपहर करीब तीन बजे पार्टी नेता और कार्यकर्ता कार्यालय में एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने केक काटकर जन्मदिन मनाया और एक-दूसरे को केक खिलाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर ने की। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आजम खान के राजनीतिक जीवन और समाजवादी विचारधारा के प्रति उनके योगदान को याद किया। नगर अध्यक्ष मोहम्मद आसिम राजा ने आजम खान के जीवन और राजनीतिक सफर पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वह समाजवादी विचारधारा के प्रमुख नेताओं में से एक रहे हैं। उन्होंने राम मनोहर लोहिया के सिद्धांतों पर चलते हुए सामाजिक असमानता के खिलाफ संघर्ष किया। आसिम राजा ने बताया कि आजम खान कई बार केंद्र सरकार में मंत्री रहे और लोकसभा तथा राज्यसभा दोनों सदनों में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने रामपुर समेत प्रदेश की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाई और समाज के कमजोर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई। कार्यक्रम में सपा नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खान के नेतृत्व में समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने की बात कही। नेताओं ने दावा किया कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के जरिए समाज में बदलाव और सभी वर्गों को समान अधिकार दिलाने की लड़ाई जारी रहेगी। इस अवसर पर प्रदेश सचिव अमरजीत सिंह, आभेंद्र चौहान, अखिलेश गंगवार, अमरीश पटेल, पूर्व पालिकाध्यक्ष बिलासपुर मोहम्मद हसन खां, पूर्व विधायक विजय सिंह, जिला महासचिव हरशान सिंह यादव, अनुग्रह चौधरी, सतनाम सिंह मट्टू, डॉ. नूर मोहम्मद, प्रमोद गंगवार, आरिफ आरौमा, जावेद खां, हरपाल सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने आजम खान के समर्थन में नारे भी लगाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *