डीएम ने मोहर्रम पर नई परंपरा, जुलूस मार्ग अस्वीकार किए:जालौन में परंपरागत तरीके से होंगे आयोजन, शांति समिति की बैठक

जालौन में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जनपद स्तरीय शांति समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान धर्मगुरुओं, ताजियादारों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों से संवाद कर पर्व से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बैठक में कहा कि जालौन जनपद अपनी गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक समरसता के लिए जाना जाता है। उन्होंने निर्देश दिए कि मोहर्रम पर्व के सभी कार्यक्रम पूर्व वर्षों की भांति परंपरागत रूप से ही आयोजित किए जाएं। किसी भी नई परंपरा, नए जुलूस मार्ग या नई गतिविधि की अनुमति नहीं दी जाएगी। डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को ताजिया मार्गों का संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत और प्रकाश व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। छोटी से छोटी समस्या का भी समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। एसपी ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को शांति समिति के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों से लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी जालौन रिन्कू सिंह राही सहित समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, धर्मगुरु, ताजियादार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *