डीएम-एसएसपी ने मोहर्रम पर दिए सख्त निर्देश:12 फीट से ऊंचे ताजिए, अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन और अफवाह पर रोक
लखीमपुर खीरी में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं परंपरागत ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीएम अंजनी कुमार सिंह और एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने की। इसमें धर्मगुरुओं, ताजियादारों, संभ्रांत नागरिकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए मोहर्रम को पूरी गरिमा और शांति के साथ मनाने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ताजियों की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होगी तथा किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों की घटनाओं से सीख लेते हुए सभी को प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करना होगा, उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने बताया कि प्रशासन और पुलिस सभी समुदायों के लोगों के साथ लगातार संवाद बनाए हुए हैं। त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने नगर निकायों और ग्राम पंचायतों को धार्मिक स्थलों एवं जुलूस मार्गों पर विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही बिजली और पेयजल व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने पर जोर दिया। एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे, धैर्य और संयम के साथ मोहर्रम मनाने की अपील की। एसएसपी ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से सतर्क रहने को कहा तथा अपुष्ट जानकारी साझा न करने की सलाह दी। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने या अफवाह फैलाने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एएसपी पूर्वी पवन गौतम, सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी, एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार यादव, डिप्टी सीएमओ डॉ. धनीराम, डीपीआरओ विशाल सिंह सहित बड़ी संख्या में धर्मगुरु और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

