कानपुर वालों का अपना घर बनाना होगा आसान:कल्याणपुर में खुली देश की पहली PMAY नोडल ब्रांच; सब्सिडी और होम लोन होगा आसान
कानपुर और आसपास के इलाकों में अपना खुद का घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए एक बड़ी और अच्छी खबर है। पीएनबी (PNB) हाउसिंग फाइनेंस ने शहर के कल्याणपुर इलाके में देश की पहली ‘प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) नोडल शाखा’ शुरू की है। इस खास ब्रांच को खोलने का इकलौता मकसद यह है कि घर खरीदारों को सरकारी सब्सिडी का फायदा और किफायती होम लोन की सुविधा बिना किसी भाग-दौड़ के एक ही जगह पर मिल सके। इसके साथ ही कंपनी ने शहर के किदवई नगर इलाके में भी एक नई होम लोन ब्रांच की शुरुआत की है। इन दो नई शाखाओं के खुलने से अब कानपुर में पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस की कुल 46 शाखाएं हो गई हैं, जिससे उत्तर प्रदेश के बाजार में कंपनी की पकड़ और मजबूत हो गई है। 7 हजार परिवारों को मिल चुका है फायदा, अब नया टारगेट पंजाब हाउसिंग कंपनी के प्रबंध निदेशक अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि,कंपनी की इस मुहिम से अब तक पीएमएवाई-यू 2.0 (PMAY-U 2.0) योजना के तहत 7,000 से अधिक परिवारों को सीधे तौर पर मदद मिल चुकी है। कंपनी ने अब अपना लक्ष्य और बड़ा कर दिया है। आने वाले अगस्त महीने तक करीब 10,000 परिवारों को इस योजना का लाभ पहुंचाने की तैयारी है। यह नई नोडल शाखा सरकार के ‘हाउसिंग फॉर ऑल’ (सबके लिए मकान) के संकल्प को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। यूपी में बढ़ता जा रहा है सस्ती शाखायों का जाल उत्तर प्रदेश में इस समय अफॉर्डेबल हाउसिंग (सस्ते मकानों) की मांग बहुत तेजी से बढ़ रही है और कानपुर इस मांग का एक बड़ा केंद्र बनकर उभरा है। इसी को देखते हुए वित्तीय कंपनियां यहां अपना दायरा बढ़ा रही हैं। मौजूदा समय में पूरे उत्तर प्रदेश के अंदर पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस की कुल 46 शाखाएं काम कर रही हैं। सबसे खास बात यह है कि इनमें से 30 शाखाएं खास तौर पर ‘रोशनी’ सेगमेंट के लिए तय की गई हैं, जो सीधे तौर पर सस्ते घरों के लिए लोन देने का काम करती हैं। आम जनता को क्या होगा सीधा फायदा?
आमतौर पर जब कोई मध्यमवर्गीय या गरीब परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर लेने की सोचता है, तो उसे सब्सिडी के कागजी काम और लोन पास कराने के लिए अलग-अलग बैंकों और दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे। कई बार सही जानकारी न होने से लोग सब्सिडी के लाभ से वंचित रह जाते थे। अब कानपुर के कल्याणपुर में देश की पहली समर्पित नोडल ब्रांच खुल जाने से लोगों को यह परेशानियां नहीं झेलनी पड़ेंगी। यहां आकर लोग न सिर्फ सीधे सब्सिडी के नियमों को समझ सकेंगे, बल्कि बेहद आसान और सुलभ तरीके से किफायती दरों पर होम लोन के लिए आवेदन भी कर सकेंगे। इससे लोगों के अपने घर का सपना देखना और उसे पूरा करना काफी आसान हो जाएगा।

