जिलाधिकारी ने नीट परीक्षा-2026 की समीक्षा की:कहा- निष्पक्ष और नकलविहीन पेपर कराना टारगेट, लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में आगामी नीट परीक्षा-2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक किया। इस दौरान परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में नीट परीक्षा के नोडल अधिकारी एवं केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य आर.के. त्रिपाठी ने तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित यह परीक्षा 21 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। जनपद में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 6205 परीक्षार्थी शामिल होंगे। नोडल अधिकारी के अनुसार, परीक्षा के सुचारु संचालन और प्रभावी निगरानी के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक-एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है। सुरक्षा, यातायात, विद्युत आपूर्ति, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए हैं। दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार 15 मिनट का अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा, ताकि उन्हें परीक्षा देने में कोई असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने कहा, नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए परीक्षा को पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराएं। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण समय पर सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए और बाधा उत्पन्न करने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *