Breaking News
कांवड़ यात्रा की तैयारियों में जुटी गाजियाबाद पुलिस:दिल्ली बॉर्डर का संयुक्त निरीक्षण, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था पर बनी रणनीति

गाजियाबाद में आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को गाजियाबाद कमिश्नरेट के पुलिस उपायुक्त यातायात और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात ने दिल्ली पुलिस के पुलिस उपायुक्त (यातायात) तथा यातायात निरीक्षकों के साथ दिल्ली-गाजियाबाद बॉर्डर का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, दोनों राज्यों के अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान वाहनों और कांवड़ियों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए एक समन्वय बैठक की। अधिकारियों ने सीमा से जुड़े प्रमुख मार्गों, डायवर्जन प्वाइंट, बैरिकेडिंग, यातायात संचालन और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान यात्रा के दौरान संभावित भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए आवश्यक रणनीति पर भी चर्चा की गई। संयुक्त निरीक्षण में अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और आम नागरिकों को भी न्यूनतम परेशानी के साथ यातायात सुविधा मिल सके। इसके लिए दोनों राज्यों की यातायात पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर सहमति बनी। अधिकारियों ने संबंधित यातायात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित रूट प्लान का प्रभावी ढंग से पालन किया जाए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए, आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग और संकेतक लगाए जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह सतर्क रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के गाजियाबाद से होकर गुजरने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को मजबूत किया जा रहा है, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *