Breaking News
रमापति तिवारी हत्याकांड…बहू और 2 नाबालिग बेटे गिरफ्तार:कुल्हाड़ी और बाइक बरामद, जमीन विवाद में हुई थी हत्या

सुल्तानपुर में चांदा पुलिस और एसओजी टीम ने एक हत्या के मामले में एक महिला और उसके दो नाबालिग बेटों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी मंगलवार को रामपुर अंडरपास, थाना चांदा के पास से हुई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और मोटरसाइकिल भी बरामद की है। यह मामला 17 जुलाई की रात का है, जब 65 वर्षीय रमापति तिवारी पर भूमि बंटवारे और रास्ते के विवाद को लेकर हमला किया गया था। वादिनी, मृतक की बड़ी बहू ममता तिवारी ने 18 जुलाई को चांदा थाने में सूचना दी थी कि आरोपियों ने उनके ससुर पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद रमापति तिवारी को सीएचसी चांदा से सुलतानपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना के संबंध में चांदा थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और वादिनी व गवाहों के बयान दर्ज किए गए। अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई गई। पूछताछ के दौरान एक नाबालिग की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की गई। साथ ही, घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 36 वर्षीय शशि तिवारी पत्नी बलवंत तिवारी, और उनके दो नाबालिग बेटे (लगभग 17 और 16 वर्ष) शामिल हैं। सभी सुलतानपुर जनपद के चांदा थाना क्षेत्र के ग्राम तमरसेपुर बरनी के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, यह हत्या भूमि विवाद और रास्ते के बंटवारे को लेकर हुई थी। मृतक रमापति तिवारी के तीन बेटे हैं। उनके बड़े बेटे हेमंत और सबसे छोटे बेटे जसवंत उनके साथ रहते थे, जबकि मझला बेटा बलवंत (45) अपनी पत्नी शशि (42) और बेटों शुभम (18) व सुधांशु (16) के साथ अलग रहता था। मृतक की बड़ी बहू ममता तिवारी ने बताया कि उनके ससुर रोज की तरह दूध बेचने चांदा बाजार गए थे। शुक्रवार रात करीब 11 बजे वह दूध बेचकर घर लौट रहे थे, तभी घर से कुछ दूर पहले घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पड़ोसी राजन ने बताया कि उन्होंने रमापति को सड़क किनारे पड़े देखा था और उनके सिर से खून निकल रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *