सीतापुर में लापता युवक का शव पेड़ से लटका मिला:लखीमपुर का रहने वाला था, पुलिस जांच में जुटी, 3 दिन पहले घर से निकला था
सीतापुर के शहर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब आरएमपी ग्राउंड के सामने जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान 28 वर्षीय अजीत कुमार पुत्र कमलेश कुमार निवासी तेंदुआ, थाना मितौली, जनपद लखीमपुर खीरी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अजीत कुमार अपने चार भाइयों के साथ वर्ष 2020 से सीतापुर शहर स्थित कोल्ड्रिंग एजेंसी में लोडिंग-अनलोडिंग का काम करता था। मृतक के भाई उपेंद्र कुमार ने बताया कि अजीत 11 अगस्त की रात करीब नौ बजे घर जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं पहुंचा।
सुबह तक अजीत के घर नहीं पहुंचने पर परिवार और उसके साथ काम करने वाले भाइयों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों के साथ ही परिचितों और संभावित स्थानों पर उसकी जानकारी की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार शाम परिजन और उसके साथी आरएमपी ग्राउंड के सामने स्थित जंगल की तरफ तलाश करते हुए पहुंचे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ से लटके अजीत के शव पर पड़ी। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर सदर बाजार चौकी इंचार्ज स्वाती चतुर्वेदी, पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

