Breaking News
गोरखपुर रेलवे स्टेशन को अव्वल बनाने का संकल्प:स्टेशन डायरेक्टर ने तिरंगा लहराया, अधिकारियों-कर्मचारियों ने एकता की शपथ ली

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर स्टेशन डायरेक्टर रतनदीप गुप्ता ने तिरंगा फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान और देशभक्ति के गीतों का सामूहिक गायन किया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा स्टेशन परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा। कार्यक्रम में रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। सभी ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। स्टेशन डायरेक्टर बोले- बेहतर काम के लिए आपसी तालमेज जरूरी स्टेशन डायरेक्टर रतनदीप गुप्ता ने कहा कि रेलवे में बेहतर काम के लिए सभी विभागों के बीच आपसी तालमेल और टीम भावना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की संख्या और उनकी सुविधाओं की अपेक्षाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में रेलवे के सामने नई चुनौतियां भी हैं। इन चुनौतियों का सामना बेहतर समन्वय, नई तकनीक, नवाचार और बेहतर कार्य संस्कृति के साथ किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का साधन नहीं है, बल्कि यह समाज के हर वर्ग को सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी निभाती है। रेलवे की कोशिश होनी चाहिए कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक भी सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक रेल सेवाएं पहुंचें। गोरखपुर स्टेशन के आधुनिकीकरण पर जोर
स्टेशन डायरेक्टर ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मल्टी लेवल कार पार्किंग का विकास और उद्घाटन किया गया है। इसके अलावा मिडिल फुट ओवर ब्रिज सहित कई अन्य यात्री सुविधाओं और आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्य भी चल रहे हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य स्टेशन आने वाले यात्रियों को बेहतर आवागमन, सुरक्षित रास्ते, पार्किंग और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। आने वाले समय में इन विकास कार्यों से यात्रियों को स्टेशन परिसर में आने-जाने में और अधिक सुविधा मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया संकल्प
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने तथा भारतीय रेल को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया। सभी ने यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मिल-जुलकर काम करने की बात कही। कार्यक्रम में आरपीएफ के अधिकारी और कर्मचारी, ऑपरेटिंग, कॉमर्शियल सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान गोरखपुर रेलवे स्टेशन का पूरा परिसर देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से सराबोर नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *