Breaking News
आगरा के सिकंदरा में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग:चौकी से 200 मीटर दूर महिला से लूट, CCTV खंगाल रही पुलिस

थाना सिकंदरा क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े महिला के गले से सोने की दो चेन लूट लीं। वारदात पश्चिमपुरी चौकी से महज 200 मीटर दूर हुई। इससे पुलिस की गश्त पर सवाल उठ रहे हैं। घटना शनिवार दोपहर करीब 3 बजे की है। फरीदाबाद निवासी ललित कुमार दिल्ली बिजली बोर्ड में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं। उन्होंने बताया कि उनके मामा रिटायर्ड एसपी शीतल प्रकाश आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-1 में रहते हैं। शनिवार को उनके बेटे दीपक की शादी पश्चिमपुरी के एक बैंक्वेट हॉल में है। शादी में शामिल होने के लिए ललित परिवार के साथ आगरा आए थे। वे पश्चिमपुरी से ईंट मंडी रोड पर श्याम वृंदावन अपार्टमेंट के सामने होटल पैराडाइज में रुके थे। दोपहर में पत्नी अर्चना कुछ सामान लेने पैदल निकली थीं। होटल से कुछ ही दूरी पर पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की दो चेन छीन लीं। धक्का लगने से अर्चना सड़क पर गिर गईं और चोटिल हो गईं। उन्होंने शोर मचाया और बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार में भाग निकले। सूचना पर ललित ने तुरंत 112 पर कॉल की। वारदात की जानकारी मिलते ही सिकंदरा थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर चेकिंग शुरू की। वायरलेस पर सभी थानों को अलर्ट किया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पश्चिमपुरी से ईंट मंडी रोड पर शराब की दुकान के पास खुलेआम शराब पी जाती है। ठेल और खोखों पर दिनभर भीड़ लगी रहती है। वहीं मोडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों पर युवक दिनभर स्टंट करते हैं। पुलिस अभियान के बावजूद कार्रवाई नहीं करती। एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है। चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *