Breaking News
जौनपुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान:लोगों से बूथ पर पहुंचकर सूची में नाम जांचने की अपील की

जौनपुर में शनिवार को संदीप बिंद, रवि यादव और उनके साथियों ने बीएलओ के सहयोग से मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और वर्तमान सूची की जांच का कार्य किया। इस दौरान मतदाता पंजीकरण से संबंधित आवश्यक जानकारी भी प्राप्त की गई। अभियान के तहत पात्र नागरिकों से अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जांचने की अपील की गई। जिन पात्र नागरिकों के नाम सूची में दर्ज नहीं हैं, उनसे नए मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन करने का आग्रह किया गया। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सभी योग्य नागरिकों की भागीदारी हो।

गोंडा में IG​​RS शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही:डीएम ने बीएसए को नोटिस, सचिव को निलंबित करने के दिए निर्देश

गोंडा में डीएम प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की जिला अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक हुई। इसमें आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की गई। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और गलत आख्या प्रस्तुत करने के मामले सामने आने पर डीएम ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। बीएसए को शोकॉज नोटिस, एडीओ पंचायत का वेतन रोका आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर डीएम ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह को शोकॉज नोटिस जारी करने का आदेश दिया। वहीं, पोर्टल पर गलत आख्या प्रस्तुत करने के मामले में वजीरगंज के एडीओ पंचायत सतीश चन्द्र तिवारी का वेतन रोकने, विभागीय जांच कराने और उन्हें जिला मुख्यालय से संबद्ध करने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत तेलियानी कानूनगो के सचिव देवेन्द्र पाण्डेय पर झूठी आख्या लगाने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अलावा डीपीआरओ, डीपीओ (कार्यक्रम) और सीडीपीओ पण्डरीकृपाल व मनकापुर का एक-एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए गए। स्कूलों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों की मांगी सूची डीएम ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए बीएसए से ऐसे सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों की विस्तृत सूची तत्काल मांगी, जिनके ऊपर से हाईटेंशन बिजली के तार गुजर रहे हैं। उन्होंने विद्युत विभाग से तार हटाने के काम की स्थिति भी स्पष्ट करने को कहा। इसके साथ ही जिले के सभी जर्जर विद्यालय भवनों के चिन्हीकरण और ध्वस्तीकरण की प्रगति रिपोर्ट तलब की गई। खबर के बाद फर्नीचर की व्यवस्था के निर्देश दैनिक भास्कर में विद्यालयों में डेस्क और बेंच की कमी को लेकर प्रकाशित खबर के बाद डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों के बैठने के लिए सीट-बेंच उपलब्ध नहीं हैं, वहां ग्राम पंचायतों के सहयोग से फर्नीचर उपलब्ध कराने के लिए डीपीआरओ को पत्रावली तैयार करने को कहा गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और तथ्यों पर आधारित होना चाहिए। जनहित के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम बोले- शिकायतों का निस्तारण सरकार की प्राथमिकता:मेरठ में समाधान दिवस पर 159 शिकायतें मिलीं, 10 का मौके पर निस्तारण

मेरठ की तहसील सदर में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ हुआ। इस दौरान कुल 159 शिकायतें मिलीं, जिनमें से 10 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि आम लोगों की शिकायतों को हल करना प्रदेश सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समय पर और अच्छी तरह से निपटारा करें। इस समाधान दिवस पर ‘मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0’ के तहत ‘पिंक-समाधान-दिवस’ भी मनाया गया। इसमें सहयोग करने वाली महिलाओं और बच्चियों को सम्मानित किया गया। मिली शिकायतों में चकरोड पर अवैध कब्जा, भूमि की पैमाइश और पेंशन से जुड़े मामले शामिल थे। इस मौके पर एसएसपी बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले और सीएमओ डॉ. राम प्रसाद समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

मूर्ति विसर्जन स्थल पर CCTV से होगी निगरानी:कमिश्नर व DIG ने कृत्रिम तालाबों का निरीक्षण किया; आने-जाने के होंगे अलग रास्ते

कमिश्नर इन्द्र विक्रम सिंह एवं DIG एस चनप्पा ने अन्य अधिकारियों के साथ शनिवार को विभिन्न स्थानों पर बनाए गए मूर्ति विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया। नगर निगम की ओर से इसके लिए कृत्रिम तालाब बनाए गए हैं। कमिश्नर ने कहा विसर्जन स्थल पर CCTV कैमरे लगवाकर नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि विसर्जन स्थल तक आने एवं जाने के अलग-अलग रास्ते बनाए जाएं, जिससे जाम न लगने पाए।
नगर निगम की ओर से राप्ती नदी के तट पर एकला बांध के पास 3 कृत्रिम तालाब बनाए गए हैं और इसमें राप्ती नदी का पानी भरा गया है। इसी प्रकार डोमिनगढ़ में भी दो तालाब बनाए गए हैं। ये तालाब रोहिन नदी के किनारे हैं। इसमें रोहिन नदी का पानी भरा गया है। महेसरा पुल के पास भी कृत्रिम तालाब बनाए गए हैं। कमिश्नर सबसे पहले राप्ती नदी के तट के किनारे एकला बांध के पास बनाए गए विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि विसर्जन के लिए आने-जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग की व्यवस्था की जाए। जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने नगर आयुक्त अजय जैन को निर्देश दिया कि पुलिस विभाग से समन्वय स्थापित कर जो जरूरी व्यवस्था है, उसे उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि विसर्जन स्थल पर शुद्ध पेयजल की उपलब्धता के साथ पार्किंग की व्यवस्था भी की जाए। पर्याप्त लाइटिंग एवं साफ-सफाई की व्यवस्था करने का निर्देश भी कमिश्नर ने दिया। कमिश्नर ने कहा कि विसर्जन स्थल पर कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए। पब्लिक एड्रेस सिस्टम एक्टिव रखें। डोमिनगढ़ के पास बनाए गए विसर्जन स्थल का भी उन्होंने निरीक्षण किया। कमिश्नर ने शहरवासियों से अपील की है कि मूर्ति विसर्जन के कार्य को धैर्यपूर्वक संपन्न करें। विसर्जन का काम क्रम से किया जाए। इसमें प्रशासन का सहयोग करें। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त अजय जैन, एसपी सिटी निमिष पाटिल आदि लोग उपस्थित रहे।

आगरा के सिकंदरा में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग:चौकी से 200 मीटर दूर महिला से लूट, CCTV खंगाल रही पुलिस

थाना सिकंदरा क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े महिला के गले से सोने की दो चेन लूट लीं। वारदात पश्चिमपुरी चौकी से महज 200 मीटर दूर हुई। इससे पुलिस की गश्त पर सवाल उठ रहे हैं। घटना शनिवार दोपहर करीब 3 बजे की है। फरीदाबाद निवासी ललित कुमार दिल्ली बिजली बोर्ड में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं। उन्होंने बताया कि उनके मामा रिटायर्ड एसपी शीतल प्रकाश आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-1 में रहते हैं। शनिवार को उनके बेटे दीपक की शादी पश्चिमपुरी के एक बैंक्वेट हॉल में है। शादी में शामिल होने के लिए ललित परिवार के साथ आगरा आए थे। वे पश्चिमपुरी से ईंट मंडी रोड पर श्याम वृंदावन अपार्टमेंट के सामने होटल पैराडाइज में रुके थे। दोपहर में पत्नी अर्चना कुछ सामान लेने पैदल निकली थीं। होटल से कुछ ही दूरी पर पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की दो चेन छीन लीं। धक्का लगने से अर्चना सड़क पर गिर गईं और चोटिल हो गईं। उन्होंने शोर मचाया और बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार में भाग निकले। सूचना पर ललित ने तुरंत 112 पर कॉल की। वारदात की जानकारी मिलते ही सिकंदरा थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर चेकिंग शुरू की। वायरलेस पर सभी थानों को अलर्ट किया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पश्चिमपुरी से ईंट मंडी रोड पर शराब की दुकान के पास खुलेआम शराब पी जाती है। ठेल और खोखों पर दिनभर भीड़ लगी रहती है। वहीं मोडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों पर युवक दिनभर स्टंट करते हैं। पुलिस अभियान के बावजूद कार्रवाई नहीं करती। एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है। चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

गुरुकुल किड्स एकेडमी में नवरात्रि उत्सव पर रंगारंग कार्यक्रम

बाबा न्यूज
आगरा। गुरुकुल किड्ज एकेडमी में नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रांगण में भक्ति, उल्लास और पारंपरिक संस्कृति से परिपूर्ण इस आयोजन ने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
कार्यक्रम की शुरूआत माँ दुर्गा की पूजा और दीप प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में गरबा और डांडिया की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें छोटे बच्चों की उत्साहपूर्वक भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। साथ ही विद्यालय की भव्य सजावट, रंगोली और पारंपरिक प्रतीकों ने नवरात्रि के महत्व को भली-भांति दर्शाया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या हेमलता जौहरी ने कहा कि नवरात्रि केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह आत्मबल, नारी शक्ति और भारतीय संस्कृति का प्रतीक है। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गतिविधियाँ उनके भीतर छिपी प्रतिभा