पुलिस ने महिला का लाखों की कीमत का बैग लौटाया:बदायूं में आंधी-बारिश के बीच ऑटो में छूटा था सामान, एसएसपी ने किया सम्मानित
बदायूं में आंधी-बारिश के दौरान एक महिला का लाखों रुपये कीमत का बैग ऑटो में छूट गया था। पुलिस की तत्परता से यह बैग महिला को सुरक्षित वापस मिल गया। बैग में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन समेत सभी कीमती सामान मौजूद था। महिला और उसके परिवार ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। यह घटना थाना अलापुर क्षेत्र की है। ग्राम विशनपुरी निवासी मिथलेश, पत्नी मुनेन्द्र, 16 जून को अपनी मां और बच्चों के साथ मायके ग्राम महरौली (थाना मूसाझाग) से ससुराल जा रही थीं। रास्ते में म्याऊं में ऑटो से उतरते समय उनका बैग गाड़ी में ही छूट गया। बैग में कीमती जेवरात, नकदी और एक मोबाइल फोन रखा था। बैग गायब होने की सूचना मिथलेश ने तत्काल पुलिस चौकी म्याऊं पर दी। चौकी प्रभारी ने सक्रियता दिखाते हुए ऑटो चालक से संपर्क किया और कुछ ही समय में बैग को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद बैग महिला को सौंप दिया गया। सामान वापस मिलने पर महिला और उसके परिजनों ने बदायूं पुलिस की ईमानदारी और त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की। उपनिरीक्षक की इस सराहनीय कार्यशैली को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। एसएसपी ने कहा कि ऐसे कार्य पुलिस की जिम्मेदारी और जनता के प्रति विश्वास को मजबूत करते हैं।

