भाजपा नेत्री की बेटी से 39 हजार की ठगी:गूगल से डॉक्टर का नंबर खोजना पड़ा महंगा, खाते से निकाले रुपए
सुलतानपुर में भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष सुनीता बरनवाल की बेटी सौम्या बरनवाल साइबर ठगी का शिकार हो गई हैं। उनके बैंक खाते से लगभग 39 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस संबंध में सौम्या ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को शिकायत दर्ज कराई है। घटना 12 जून की है, जब सौम्या ने सिविल लाइन, सुलतानपुर के मनोवैज्ञानिक चिकित्सक डॉ. एसएम वर्मा का नंबर गूगल पर खोजा। डॉक्टर से बातचीत के बाद, उन्हें अस्पताल रिसेप्शन के मोबाइल नंबर 8432591851 से एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने एक लिंक भेजकर 5 रुपये का भुगतान कर नंबर बुक कराने को कहा। सौम्या को इस पर संदेह हुआ और उन्होंने कोई भुगतान नहीं किया। इसके बावजूद, 15 और 16 जून को उनके खाते से चार बार में लगभग 39 हजार रुपये निकाल लिए गए। पैसे निकलने का संदेश मिलते ही सौम्या ने साइबर क्राइम सेंटर को सूचना दी और कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जहां से आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन मिला है। सौम्या बरनवाल ने बताया कि उन्होंने न तो कोई ओटीपी साझा किया और न ही कोई पैसा भेजा, फिर भी उनके खाते से पैसे निकल गए। उन्होंने कहा कि गूगल से मिले चिकित्सक के नंबर पर आया बुकिंग लिंक पूरी तरह फर्जी निकला। सौम्या ने लोगों से साइबर क्राइम और बैंक धोखाधड़ी की बढ़ती घटनाओं के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक चारू निगम से मामले की सत्यता की जांच का भी अनुरोध किया है। इस मामले पर सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

