Breaking News
झांसी में छत से गिरे रेलकर्मी की मौत, VIDEO:दूज से एक दिन पहले पत्नी को मायके भेजकर गमले व्यवस्थित कर रहे थे

झांसी में भाई दूज पर एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पत्नी भाई का टीका करने मायके गई थी और पति घर पर ही था। पत्नी को बस में बैठाकर घर लौटे रेलकर्मी दीपक कुमार छत पर रखे गमले ठीक करने पहुंच गए। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वह छत से सीधे सड़क पर जा गिरे। गंभीर हालत में परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। उधर, पत्नी को मायके में पति के हादसे का पता चला तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पुलिया नंबर-9 स्थित न्यू कछियाना मोहल्ले की है। यहां रहने वाले दीपक कुमार (35) रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी (ट्रॉली मैन) थे। उनके बड़े भाई भानु प्रताप ने बताया कि दीपावली की छुट्टी के चलते दीपक घर पर ही थे। बुधवार को भाई दूज के अवसर पर वह मंगलवार की दोपहर में पत्नी आरती को बंगरा जाने वाली बस में बैठाकर आए थे। आरती अपने मायके में भाई का टीका करने गई थीं। गमले ठीक करने छत पर चढ़े थे भानु प्रताप के मुताबिक, उनका मकान एक मंजिला है और छत पर बाउंड्री नहीं बनी है। ऐसे में छत के किनारों पर पौधों के गमले रखे हुए हैं। पत्नी को मायके भेजने के बाद मंगलवार की शाम करीब 4 बजे दीपक इन्हीं गमलों को व्यवस्थित करने के लिए छत पर पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क पर जा गिरे। परिजन उन्हें आनन-फानन में रेलवे अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पहले गमला गिरा, फिर सड़क पर आ गिरा दीपक
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें पहले छत से एक गमला सड़क पर गिरता दिखाई देता है। इसके तुरंत बाद दीपक भी चेहरे और पेट के बल सड़क पर गिरते नजर आते हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटना की परिस्थितियों के आधार पर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 2017 में हुई थी शादी, दो छोटे बच्चों को छोड़ गए
दीपक की रेलवे में नौकरी वर्ष 2015 में लगी थी। वर्ष 2017 में उनकी शादी बंगरा निवासी आरती से हुई थी। उनके दो बेटे नृत्यांश (7) और भोला (3) हैं। भाई दूज के दिन पत्नी मायके में भाई का टीका कर रही थी, वहीं घर पर हुए हादसे ने उसकी जिंदगी उजाड़ दी। पति की मौत की खबर के बाद पत्नी और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *