Breaking News
नमो भारत का 5 करोड़ जर्नी का आंकड़ा:दिल्ली- गाजियाबाद व मेरठ में 93 दिनों में रिकॉर्ड हुईं 1 करोड़ यात्रियों ने किया सफर

नमो भारत कॉरिडोर ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 5 करोड़ कम्यूटर जर्नी का आंकड़ा पार कर लिया है। संपूर्ण कॉरिडोर के परिचालित होने के कुछ ही महीनों में हासिल हुई यह उपलब्धि देश के प्रथम रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम यानी RRTS पर यात्रियों के लगातार बढ़ते भरोसे और सबसे तेज यात्रा में से एक है। यह यात्रा दिल्ली से गाजियाद होते हुए मेरठ की है। कम्यूटर ट्रिप्स का माइलस्टोन 2023 में हुई शुरूआत कॉरिडोर पर यात्रियों की संख्या में लगातार तेजी देखी जा रही है और हर अगली एक करोड़ कम्यूटर जर्नी पहले के मुकाबले बहुत कम समय में रिकॉर्ड की जा रही है। 21 अक्टूबर 2023 को साहिबाबाद से दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिक खंड के उद्घाटन के साथ इसकी शुरूआत हुई। इसके बाद 16 मई 2025 को परिचालन आरंभ होने के 574 दिनों में एक करोड़ कम्यूटर जर्नी का माइलस्टोन पार कर लिया गया। इसके बाद यात्रियों की संख्या में तेज उछाल दर्ज किया गया। इस माइलस्टोन के 211 दिनों के भीतर 11 दिसंबर 2025 को कॉरिडोर पर 2 करोड़, 2 मई 2026 को 143 दिनों में 3 करोड़ और 10 अगस्त 2026 को महज 101 दिनों में 4 करोड़ कम्यूटर जर्नी का आंकड़ा दर्ज किया गया। इस रफ्तार में और तेज़ी लाते हुए 10 नवंबर 2026 को 5 करोड़ कम्यूटर जर्नी का आंकड़ा भी पार कर लिया गया, आखिरी एक करोड़ कम्यूटर जर्नी महज 93 दिनों में दर्ज हुईं। बहुत तेजी से बढ़ रही यात्रियों की संख्या पिछले एक साल में ही कॉरिडोर पर 3 करोड़ से अधिक कम्यूटर जर्नी रिकॉर्ड की गई। दिसंबर 2025 में दर्ज 2 करोड़ से बढ़कर नवंबर 2026 में यह आंकड़ा 5 करोड़ तक पहुंच गया। 22 फरवरी 2026 को नमो भारत कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो को यात्रियों के लिए परिचालित कर दिया गया था। यात्रियों की संख्या में लगातार हो रही बढ़ोतरी इस क्षेत्र की बदलती परिवहन जरूरतों को पूरा करने में नमो भारत की बढ़ती भूमिका को दर्शाती है। जाम से भी मिली बेहतर मदद नमो भारत ने दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच आवागमन को काफी सुगम बना दिया है। तेज कनेक्टिविटी, AC कोच, विश्वसनीय सेवा और सुविधाजनक इंटरचेंज की वजह से अब नौकरी, शिक्षा, कारोबार और अन्य जरूरतों के लिए क्षेत्रीय यात्राएं पहले से कहीं अधिक आसान हो गई हैं। ट्रैफिक जाम और खराब मौसम के दौरान यह सड़क मार्ग में दिल्ली मेट्रो, भारतीय रेलवे, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों और सिटी बस सेवाओं सहित सार्वजनिक परिवहन के अन्य साधनों के साथ यात्रियों के सफर को बहुत ही आरामदायक बनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस कॉरिडोर को सुशासन का एक उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए इसकी सराहना की है। उन्होंने परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने, इसकी 160 किमी प्रति घंटे की परिचालन गति और 99 प्रतिशत से अधिक की शानदार समयबद्धता की विशेष रूप से प्रशंसा की है।

वाराणसी को ‘बेस्ट-रिवर-फ्रंट-टाउन’ श्रेणी में मिला देश में तीसरा स्थान:नई दिल्ली में राष्ट्रपति ने किया महापौर-नगर आयुक्त को सम्मानित

स्वच्छता और नदी संरक्षण के क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-2026’ के तहत ‘बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में वाराणसी नगर निगम को देश भर में तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा, महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को यह सम्मान प्रदान किया। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा भी मौजूद रहे। देश की प्रमुख नदियों वाले शहरों से थी कड़ी प्रतिस्पर्धा
इस बार का सर्वेक्षण केवल गंगा नदी तक सीमित नहीं था, बल्कि इसमें देश भर की विभिन्न नदियों के किनारे बसे प्रमुख शहरों ने हिस्सा लिया था। काशी वर्ष 2020 से अब तक लगातार शीर्ष शहरों में अपनी जगह बनाता आ रहा है। केंद्रीय टीम ने तीन चरणों – दस्तावेजी मूल्यांकन, बिना पूर्व सूचना के प्रत्यक्ष अवलोकन और नागरिक फीडबैक के आधार पर यह चयन किया। प्रयोगशाला में अप-स्ट्रीम (अस्सी) से डाउन-स्ट्रीम (राजघाट) तक गंगा जल की शुद्धता और ऑक्सीजन स्तर की भी कड़ी जांच की गई, जिसमें बनारस खरा उतरा। आधुनिक प्रबंधन और 24 घंटे सफाई ने दिलाया मुकाम
अस्सी से नमो घाट तक 84 से अधिक घाटों पर तीन शिफ्टों में चौबीसों घंटे सफाई, नालों की टैपिंग कर पानी को एसटीपी तक पहुंचाना और ‘ट्रैश स्कीमर’ मशीनों से तैरते कचरे की सफाई काशी की सफलता के मुख्य आधार रहे। इसके अलावा घाटों की पूजन सामग्री व फूलों को गंगा में प्रवाहित करने के बजाय उनसे खाद व अगरबत्ती बनाने की पहल को भी सराहा गया। पीएम के विजन से मिली सफलता
नई दिल्ली में पुरस्कार मिलने का सीधा प्रसारण सिगरा स्थित नगर निगम मुख्यालय सभागार में देखा गया। सम्मान मिलते ही सभागार ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गूंज उठा।महापौर अशोक कुमार तिवारी ने इस उपलब्धि को पीएम मोदी के विजन और सीएम योगी के मार्गदर्शन का परिणाम बताते हुए सफाई मित्रों को असली नायक कहा। वहीं, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने तकनीक और जनसहभागिता से स्वच्छता मानकों को और बेहतर करने का संकल्प दोहराया। अब जानिए प्रक्रिया बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन में कितने और कौन-कौन से शहर आते हैं?
​केंद्रीय शहरी कार्य मंत्रालय और राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) की इस श्रेणी में वे सभी शहर शामिल किए जाते हैं जो सीधे नदी के किनारे बसे हैं या जिनकी सीमा नदियों से सटी हुई है। ऐसे में इस बार प्रतिस्पर्धा केवल गंगा नदी ही नहीं देश की प्रमुख नदियों वाले शहरों से थी।’ कैसे होती ह़ै रिवर टाउन सर्वे की प्रक्रिया
​बेस्ट गंगा टाउन का चयन सामान्य स्वच्छता सर्वेक्षण से अलग और बेहद कड़े मानकों पर होता है। इसकी प्रक्रिया मुख्य रूप से तीन चरणों में पूरी होती है – ​दस्तावेजी मूल्यांकन : नगर निगम द्वारा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), नालों की टैपिंग और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के दावों के डिजिटल प्रमाण जांचे जाते हैं। ​प्रत्यक्ष अवलोकन : केंद्रीय टीम बिना पूर्व सूचना के शहर में आकर गंगा घाटों, नदी के किनारों और आसपास के मोहल्लों की जमीनी हकीकत देखती है। ​नागरिक फीडबैक : स्थानीय निवासियों और बाहर से आने वाले पर्यटकों से घाटों की सफाई व सुविधाओं पर सीधा फीडबैक लिया जाता है। नदियों जल की जांच का तरीका और सैंपलिंग ​सर्वेक्षण में सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा नदियों के पानी की गुणवत्ता की जांच होती है। इसके लिए स्वतंत्र एजेंसियों और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मानकों का पालन किया जाता है। ​कहां से लिए जाते हैं सैंपल: शहर में नदियों के प्रवेश बिंदु (अप-स्ट्रीम, जैसे- सामने घाट/अस्सी), शहर के मध्य (दशाश्वमेध घाट) और शहर से बाहर निकलने वाले बिंदु (डाउन-स्ट्रीम, जैसे- राजघाट/आदिकेशव घाट) से पानी के सैंपल लिए जाते हैं। ​क्या जांचा जाता है: प्रयोगशाला में पानी में घुलनशील ऑक्सीजन (डीओ), बायोकेमिकल ऑक्सीजन डिमांड (बीडीओ), फीकल कोलीफॉर्म (बैक्टीरिया) और पीएच स्तर की जांच होती है। अप-स्ट्रीम और डाउन-स्ट्रीम के पानी की गुणवत्ता में अंतर न के बराबर होने पर ही शहर को पूरे अंक मिलते हैं। किन मानकों पर खरा उतरा अपना बनारस ​घाटों की चौबीसों घंटे सफाई: अस्सी से लेकर नमो घाट तक 84 से अधिक घाटों पर तीन शिफ्टों में सफाई और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था। ​नालों की टैपिंग: गंगा में गिरने वाले छोटे-बड़े नालों को टैप कर उनका पानी सीधे एसटीपी तक पहुंचाना। फ्लोटिंग कचरा प्रबंधन: गंगा की धारा में तैरने वाले फूल-माला, प्लास्टिक व अन्य कचरे को निकालने के लिए आधुनिक ‘ट्रैश स्कीमर’ मशीनों का निरंतर संचालन। पूजन सामग्री का निस्तारण: घाटों पर अर्पित किए जाने वाले फूलों व पूजन सामग्री को गंगा में प्रवाहित करने के बजाय अलग एकत्र कर उनसे खाद व अगरबत्ती बनाना।

झांसी में छत से गिरे रेलकर्मी की मौत, VIDEO:दूज से एक दिन पहले पत्नी को मायके भेजकर गमले व्यवस्थित कर रहे थे

झांसी में भाई दूज पर एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पत्नी भाई का टीका करने मायके गई थी और पति घर पर ही था। पत्नी को बस में बैठाकर घर लौटे रेलकर्मी दीपक कुमार छत पर रखे गमले ठीक करने पहुंच गए। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वह छत से सीधे सड़क पर जा गिरे। गंभीर हालत में परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। उधर, पत्नी को मायके में पति के हादसे का पता चला तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पुलिया नंबर-9 स्थित न्यू कछियाना मोहल्ले की है। यहां रहने वाले दीपक कुमार (35) रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी (ट्रॉली मैन) थे। उनके बड़े भाई भानु प्रताप ने बताया कि दीपावली की छुट्टी के चलते दीपक घर पर ही थे। बुधवार को भाई दूज के अवसर पर वह मंगलवार की दोपहर में पत्नी आरती को बंगरा जाने वाली बस में बैठाकर आए थे। आरती अपने मायके में भाई का टीका करने गई थीं। गमले ठीक करने छत पर चढ़े थे भानु प्रताप के मुताबिक, उनका मकान एक मंजिला है और छत पर बाउंड्री नहीं बनी है। ऐसे में छत के किनारों पर पौधों के गमले रखे हुए हैं। पत्नी को मायके भेजने के बाद मंगलवार की शाम करीब 4 बजे दीपक इन्हीं गमलों को व्यवस्थित करने के लिए छत पर पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क पर जा गिरे। परिजन उन्हें आनन-फानन में रेलवे अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पहले गमला गिरा, फिर सड़क पर आ गिरा दीपक
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें पहले छत से एक गमला सड़क पर गिरता दिखाई देता है। इसके तुरंत बाद दीपक भी चेहरे और पेट के बल सड़क पर गिरते नजर आते हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटना की परिस्थितियों के आधार पर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 2017 में हुई थी शादी, दो छोटे बच्चों को छोड़ गए
दीपक की रेलवे में नौकरी वर्ष 2015 में लगी थी। वर्ष 2017 में उनकी शादी बंगरा निवासी आरती से हुई थी। उनके दो बेटे नृत्यांश (7) और भोला (3) हैं। भाई दूज के दिन पत्नी मायके में भाई का टीका कर रही थी, वहीं घर पर हुए हादसे ने उसकी जिंदगी उजाड़ दी। पति की मौत की खबर के बाद पत्नी और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

सपा सांसद सुमन बोले-2027 के चुनाव में जातियां टूटेंगी-जनविद्रोह होगा:आगरा में दलित महासम्मेलन से वेस्ट यूपी में चुनावी बिगुल फूंकेगी सपा

समाजवादी पार्टी 15 नवंबर को आगरा में दलित महासम्मेलन के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव का चुनावी बिगुल फूंकने की तैयारी में है। सम्मेलन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दलित समाज के लोगों को जुटाने का लक्ष्य है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने दावा किया है कि यह सम्मेलन बेहद भव्य होगा। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल होंगे। सुमन के मुताबिक, आगरा की जमीन दलित आंदोलन के लिहाज से बेहद उपजाऊ है। यहां के लोग राजनीतिक रूप से जागरूक हैं और बदलाव चाहते हैं।
दैनिक भास्कर से बातचीत में रामजीलाल सुमन ने कहा कि उन्होंने पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश का दौरा कर सम्मेलन के लिए लोगों से संपर्क किया है। दौरे के दौरान जिस तरह का रिस्पॉन्स मिला है, उससे उन्हें सम्मेलन की बड़ी सफलता का भरोसा है। उन्होंने कहा कि आगरा को सम्मेलन के लिए चुनने के पीछे यहां की ऐतिहासिक और राजनीतिक पृष्ठभूमि है। सवाल: सपा ने दलित सम्मेलन के लिए आगरा को क्यों चुना?
रामजीलाल सुमन: सबसे अहम सवाल यह है कि बाबा साहब डा. भीमराव अंबेडकर का 1956 में इंतकाल हुआ, अपने मरने से पहले उन्होंने एक पार्टी बनाई थी, जिसका नाम था रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया। इस पार्टी का असर महाराष्ट्र से भी ज़्यादा पश्चिम उत्तर प्रदेश में था। तमाम सामान्य सीटों पर दलित लोग जीत गए थे। तो समाजवादी पार्टी आंदोलन की दृष्टि से यह ज़मीन हमारे लिए बहुत उपजाऊ है, यहां के लोग बहुत जागरूक हैं और यह जन्मजात भाजपा और RSS के विरोधी हैं। सवाल: सपा आगरा में दलित सम्मेलन कर रही है, जबकि यहां भाजपा-बसपा की जड़ें मजबूत रही हैं?
रामजीलाल सुमन: आज पूरे समाज में एक मनोवैज्ञानिक प्रभाव है, पूरे समाज में यह चर्चा है कि एक पार्टी जो चलती थी, जिनको एक महिला चलाती थी, वह कहीं न कहीं BJP से मिली हुई हैं। उनमें लोग निराशा-हताशा में हैं। BJP जो है, वर्ण व्यवस्था में विश्वास रखने वाली पार्टी है, मनु इनके आदर्श हैं और जब देश का संविधान बन रहा था, उस समय भी इन लोगों का मानना यह था कि जब हमारे देश में पहले से एक संविधान विद्यमान है तो किसी और संविधान की ज़रूरत नहीं है।
इन्होंने 1949 में दिल्ली के रामलीला मैदान में डा. अंबेडकर का पुतला फूंका था। ऐसे में लोग मानते हैं कि अगर BJP को हराना है तो फिर समाजवादी पार्टी के अलावा कोई रास्ता नहीं है। लोग हमारी तरफ मुखातिब हो रहे हैं। सवाल: दलित सम्मेलन को लेकर कैसा माहौल है?
रामजीलाल सुमन: पूरे पश्चिम उत्तर प्रदेश के लोग इस सम्मेलन में आ रहे हैं, जो दलित समाज से संबंधित हैं। मैंने पूरे पश्चिम उत्तर प्रदेश का दौरा किया है और हमें विश्वास है कि जिस तरह से हम दौरे पर गए और लोगों का रिस्पॉन्स मिला, लोगों का रुझान मिला, उसके चलते मैं कह सकता हूं कि बहुत आलीशान सम्मेलन होगा यह। सवाल: सम्मेलन में कितनी भीड़ जुटाने का टारगेट है और किन-किन जिलों से लगभग लोग आएंगे?
रामजीलाल सुमन: नहीं, मैं आकलन तो नहीं कर सकता लेकिन सम्मेलन बहुत आलीशान होगा और आशातीत सफलता सम्मेलन को मिलेगी। सवाल: राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अलावा कौन-कौन नेता यहां आएंगे?
रामजीलाल सुमन: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी के अलावा जो पार्टी के सांसद और विधायक हैं, उनमें कई लोगों से हमने संपर्क किया है। अभी लोगों के निश्चित आने की सूचना नहीं है। सवाल: 2027 के जो चुनाव बहुत नज़दीक हैं, ऐसे में इस सम्मेलन को कैसे देख रहे हैं?
रामजीलाल सुमन: देखिए, एक बात बहुत साफ़ हो जानी चाहिए कि पहले इन्होंने जज़्बात के आधार पर चुनाव जीते थे…भावना के आधार पर…मज़हब के सवाल पर, मगर इस चुनाव में जातियां टूटेंगी। यह चुनाव मुद्दों पर आधारित होगा। यह चुनाव होगा भूख, प्यास, बेबसी, लाचारी, ग़रीबी, ग़ुरबत, महंगाई और इस सरकार की विफलता के ख़िलाफ़।
जातियां टूटेंगी, जनविद्रोह होगा। और आप कल्पना नहीं कर सकते, समाज का कोई वर्ग ऐसा नहीं है जो वर्ग इनके ख़िलाफ़ न हो। तो यह चुनाव, 2027 का चुनाव ऐतिहासिक होगा और हर क़ीमत पर बीजेपी इस चुनाव को हारेगी।

सीतापुर में दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत:हादसे में दो लोग घायल, एक जिला अस्पताल के लिए रेफर

सीतापुर के रामपुर कलां थाना क्षेत्र में बुधवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है। गौरा गांव के सामने हुआ हादसा हादसा बुधवार शाम करीब पांच बजे रामपुर कलां थाना क्षेत्र के गौरा गांव के सामने हुआ। जानकारी के मुताबिक, दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में अभिषेक पिता अशोक कुमार (24), निवासी जुड़नापुर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहला पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दो युवक गंभीर रूप से घायल हादसे में शुभम पुत्र उमेश कुमार (16), निवासी डेरापंचायन और सरोज कुमार पिता राजकुमार (20), निवासी तोड़कपुर भी घायल हो गए। दोनों को सीएचसी पहला ले जाया गया। शुभम का वहीं इलाज चल रहा है, जबकि सरोज की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों बाइक कब्जे में लीं प्रभारी निरीक्षक लाला गोस्वामी ने बताया कि पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।