कानपुर में चरस सप्लाई करने वाले दो भाई अरेस्ट:नेपाल से शर्ट और बैग में छिपाकर लाए 1.35 करोड़ की चरस
बर्रा पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने नेपाल से चरस लाकर शहर में सप्लाई करने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 1.35 करोड़ कीमत की 8.458 किलो चरस बरामद हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर बर्रा पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने प्रिया नर्सिंगहोम अंडरपास के पास घेराबंदी कर रावतपुर थानाक्षेत्र के मसवानपुर निवासी रमजान अहमद और एजाज अहमद को दबोच लिया। तलाशी के दौरान बैग और शर्ट के अंदर छिपाकर रखी गई 8.458 किग्रा चरस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह बलरामपुर के बढ़नी बार्डर के रास्ते नेपाल से चरस लाकर शहर समेत आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। हर चक्कर पर मिलते थे पांच हजार रुपये डीसीपी साउथ ने बताया कि आरोपी भाइयों का काम नेपाल से चरस लाकर शहर में पहुंचाना था। इसके लिए उन्हें प्रति चक्कर पांच हजार रुपये मिलते थे और लगभग हर हफ्ते ही दोनों नेपाल जाते थे। इसके बाद शहर आकर अलग-अलग जगहों पर सप्लाई कर देते थे। फिलहाल गिरोह से जुड़े लोगों के बारे में कुछ जानकारी हाथ लगी है। सरगना समेत अन्य गिरोह के सदस्यों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी करके पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। छह महीने में दूसरी बार पकड़ी चरस, नहीं ढूंढ पाए नेटवर्क छह महीने के भीतर नेपाल कनेक्शन से जुड़ी चरस तस्करी का यह दूसरा बड़ा मामला सामने आया है। इससे पहले 26 दिसंबर 2025 को बर्रा पुलिस और एसटीएफ ने नेपाल के जानकी नगर खोकसी निवासी प्रदीप कर्ण को गिरफ्तार कर उसके पास से 13.2 किलोग्राम चरस बरामद की थी। जांच में सामने आया था कि वह काठमांडू निवासी बमबम और बिहार के रक्सेल निवासी मुन्ना के लिए चरस और गांजा की खेप लेकर आता था। हालांकि लगातार दूसरी बड़ी बरामदगी के बावजूद पुलिस अब तक इस तस्करी नेटवर्क के सरगनाओं और इसके पूरे सप्लाई चेन का खुलासा नहीं कर सकी है, जो पुलिस के लिए अब भी चुनौती बना हुआ है।

