गर्भवती महिला की सैफई पीजीआई में मौत:मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
इटावा में ऊसराहार थाना क्षेत्र के अघीनी गांव निवासी साढ़े आठ माह की गर्भवती महिला की इलाज के दौरान सैफई पीजीआई में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए ऊसराहार थाने में शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अघीनी गांव निवासी पूनम पत्नी मुलायम सिंह उम्र करीब 24 वर्ष गर्भवती थी। पूनम की डिलीवरी 26 जून बताई जा रही थी। बुधवार सुबह उसकी तबीयत बिगड़ने पर पति और परिजन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊसराहार लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (पीजीआई) रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के पति मुलायम सिंह ने बताया कि मंगलवार रात तक सब कुछ सामान्य था। सभी लोगों ने खाना खाया और इसके बाद सो गए। बुधवार सुबह अचानक पूनम की तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। सीएचसी से रेफर किए जाने के बाद उसे सैफई पीजीआई ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयास के बाद भी उसकी जान नहीं बच सकी। मुलायम सिंह के अनुसार घटना की जानकारी जब पूनम के मायके वालों को दी गई तो उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए और हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके बाद मायके पक्ष के लोग ऊसराहार थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। पूनम का विवाह वर्ष 2020 में मुलायम सिंह के साथ हुआ था। यह उसका दूसरा बच्चा होने वाला था। उसका करीब चार साल का एक बेटा भी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

