देवरिया में बेटी की शादी में रक्तदान शिविर:पौधा वितरण के साथ दिया गया सामाजिक सरोकार का संदेश

देवरिया भलुअनी कस्बे में एक विवाह समारोह चर्चा का विषय बन गया है। यहां एक बेटी की शादी को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए रक्तदान शिविर और पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अनूठी पहल को जिले में एक आदर्श वैवाहिक आयोजन के रूप में देखा जा रहा है। भलुअनी के एक मैरेज लॉन में शुक्रवार रात आयोजित विवाह समारोह में दुल्हन दिव्या मद्धेशिया को आशीर्वाद देने आए परिजनों, रिश्तेदारों और युवाओं ने रक्तदान किया। समारोह में लगाए गए “आशीर्वाद रक्तदान शिविर” में कुल 23 लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। रक्तदान करने वालों को रक्तवीर युवा क्लब गोरखपुर के संस्थापक एवं सीआईडी पुलिसकर्मी शिवांबुज पटेल और नाहिद स्टार चैरिटेबल ब्लड बैंक की टीम ने सम्मानित किया। उन्हें स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और पौधे भेंट किए गए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य रक्तदान से जीवन बचाने और पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था।

इस पहल के सूत्रधार स्वच्छ भलुअनी स्वस्थ भलुअनी (यूथ ब्रिगेड) के संस्थापक और समाजसेवी संतोष मद्धेशिया वैश्य हैं। वह स्वयं 26 बार रक्तदान कर चुके हैं। उन्होंने अपनी पुत्री दिव्या की शादी को समाज में जागरूकता फैलाने का माध्यम बनाया। संतोष मद्धेशिया ने बताया कि उनका उद्देश्य लोगों को रक्तदान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करना है। उनका मानना है कि इससे अधिक से अधिक लोग मानव जीवन और प्रकृति की रक्षा के लिए आगे आएंगे। रक्तदान शिविर में दुल्हन के चाचा राजेश मद्धेशिया और राकेश मद्धेशिया सहित शाहीन फातिमा, विशाल मद्धेशिया, प्रमोद मद्धेशिया, जयगोविंद मद्धेशिया, विजय गुप्ता, हरिकेश तिवारी, धनंजय यादव, गोपालचंद्र गुप्ता और सज्जाद अंसारी समेत कुल 23 लोगों ने भाग लिया। समारोह में मौजूद लोगों ने इस अनोखी पहल की सराहना की। कई लोगों ने कहा कि जिले में शादी समारोह के दौरान रक्तदान और पौधा वितरण जैसा आयोजन पहली बार देखने को मिला है। यह पहल समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *