योगसाधकों ने लिया थैलेसीमिया मुक्त भारत का संकल्प

समत्व फाउंडेशन द्वारा विशाल एवं विशेष योग शिविर किया आयोजित
बाबा न्यूज
आगरा। विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर समाज सेवा में अग्रणी संस्था समत्व फाउंडेशन (पंजी.) द्वारा भारतीय योग संस्थान के सहयोग से श्री गीता गोविंद वाटिका(जोनल पार्क) ताजनगरी फेस-2 पर एक विशाल एवं विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर भर से आए सैकड़ों योग साधकों ने योग, प्राणायाम एवं ध्यान के माध्यम से थैलेसीमिया मुक्त भारत का संकल्प लिया।
संस्था के संरक्षक एवं योग गुरु वी.पी. शुक्ला ने योगाभ्यास कराते हुए बताया कि थैलेसीमिया एक गंभीर आनुवांशिक बीमारी है, जिसके प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि योग और जनजागरूकता के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली एवं इस बीमारी के प्रति जागरूक किया जा सकता है।
संस्था के अध्यक्ष लाल सिंह धाकरे ने बताया कि समत्व फाउंडेशन विगत कई वर्षों से थैलेसीमिया पीड़ित मरीजों की सहायता हेतु रक्तदान शिविर एवं जागरूकता अभियान चला रहा है। संस्था का प्रयास है कि किसी भी थैलेसीमिया मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।
महासचिव दिनेश अगरिया ने बताया कि विवाह पूर्व थैलेसीमिया जांच को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है,जिससे आने वाली पीढ़ियों को इस गंभीर बीमारी से बचाया जा सके।संस्था भविष्य में भी रक्तदान एवं थैलेसीमिया जागरूकता से जुड़े अभियान लगातार चलाती रहेगी। इस अवसर पर रमन गुप्ता,राघवेंद्र शर्मा, रजनीकांत लवानिया, विपिन वर्मा, माता प्रसाद जादौन, टी.सी. त्यागी, उमेश वर्मा, बबलू राठौर, पवन गुप्ता, संजय शर्मा, कमल सिंह धाकरे, वीरेंद्र शर्मा,आरती शर्मा, अंजना त्यागी, मीना सिंह और नीलम सहित योगसाधक उपस्थित रहे।

