वाराणसी को ‘बेस्ट-रिवर-फ्रंट-टाउन’ श्रेणी में मिला देश में तीसरा स्थान:नई दिल्ली में राष्ट्रपति ने किया महापौर-नगर आयुक्त को सम्मानित
स्वच्छता और नदी संरक्षण के क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-2026’ के तहत ‘बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में वाराणसी नगर निगम को देश भर में तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा, महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को यह सम्मान प्रदान किया। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा भी मौजूद रहे। देश की प्रमुख नदियों वाले शहरों से थी कड़ी प्रतिस्पर्धा
इस बार का सर्वेक्षण केवल गंगा नदी तक सीमित नहीं था, बल्कि इसमें देश भर की विभिन्न नदियों के किनारे बसे प्रमुख शहरों ने हिस्सा लिया था। काशी वर्ष 2020 से अब तक लगातार शीर्ष शहरों में अपनी जगह बनाता आ रहा है। केंद्रीय टीम ने तीन चरणों – दस्तावेजी मूल्यांकन, बिना पूर्व सूचना के प्रत्यक्ष अवलोकन और नागरिक फीडबैक के आधार पर यह चयन किया। प्रयोगशाला में अप-स्ट्रीम (अस्सी) से डाउन-स्ट्रीम (राजघाट) तक गंगा जल की शुद्धता और ऑक्सीजन स्तर की भी कड़ी जांच की गई, जिसमें बनारस खरा उतरा। आधुनिक प्रबंधन और 24 घंटे सफाई ने दिलाया मुकाम
अस्सी से नमो घाट तक 84 से अधिक घाटों पर तीन शिफ्टों में चौबीसों घंटे सफाई, नालों की टैपिंग कर पानी को एसटीपी तक पहुंचाना और ‘ट्रैश स्कीमर’ मशीनों से तैरते कचरे की सफाई काशी की सफलता के मुख्य आधार रहे। इसके अलावा घाटों की पूजन सामग्री व फूलों को गंगा में प्रवाहित करने के बजाय उनसे खाद व अगरबत्ती बनाने की पहल को भी सराहा गया। पीएम के विजन से मिली सफलता
नई दिल्ली में पुरस्कार मिलने का सीधा प्रसारण सिगरा स्थित नगर निगम मुख्यालय सभागार में देखा गया। सम्मान मिलते ही सभागार ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गूंज उठा।महापौर अशोक कुमार तिवारी ने इस उपलब्धि को पीएम मोदी के विजन और सीएम योगी के मार्गदर्शन का परिणाम बताते हुए सफाई मित्रों को असली नायक कहा। वहीं, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने तकनीक और जनसहभागिता से स्वच्छता मानकों को और बेहतर करने का संकल्प दोहराया। अब जानिए प्रक्रिया बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन में कितने और कौन-कौन से शहर आते हैं?
केंद्रीय शहरी कार्य मंत्रालय और राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) की इस श्रेणी में वे सभी शहर शामिल किए जाते हैं जो सीधे नदी के किनारे बसे हैं या जिनकी सीमा नदियों से सटी हुई है। ऐसे में इस बार प्रतिस्पर्धा केवल गंगा नदी ही नहीं देश की प्रमुख नदियों वाले शहरों से थी।’ कैसे होती ह़ै रिवर टाउन सर्वे की प्रक्रिया
बेस्ट गंगा टाउन का चयन सामान्य स्वच्छता सर्वेक्षण से अलग और बेहद कड़े मानकों पर होता है। इसकी प्रक्रिया मुख्य रूप से तीन चरणों में पूरी होती है – दस्तावेजी मूल्यांकन : नगर निगम द्वारा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), नालों की टैपिंग और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के दावों के डिजिटल प्रमाण जांचे जाते हैं। प्रत्यक्ष अवलोकन : केंद्रीय टीम बिना पूर्व सूचना के शहर में आकर गंगा घाटों, नदी के किनारों और आसपास के मोहल्लों की जमीनी हकीकत देखती है। नागरिक फीडबैक : स्थानीय निवासियों और बाहर से आने वाले पर्यटकों से घाटों की सफाई व सुविधाओं पर सीधा फीडबैक लिया जाता है। नदियों जल की जांच का तरीका और सैंपलिंग सर्वेक्षण में सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा नदियों के पानी की गुणवत्ता की जांच होती है। इसके लिए स्वतंत्र एजेंसियों और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मानकों का पालन किया जाता है। कहां से लिए जाते हैं सैंपल: शहर में नदियों के प्रवेश बिंदु (अप-स्ट्रीम, जैसे- सामने घाट/अस्सी), शहर के मध्य (दशाश्वमेध घाट) और शहर से बाहर निकलने वाले बिंदु (डाउन-स्ट्रीम, जैसे- राजघाट/आदिकेशव घाट) से पानी के सैंपल लिए जाते हैं। क्या जांचा जाता है: प्रयोगशाला में पानी में घुलनशील ऑक्सीजन (डीओ), बायोकेमिकल ऑक्सीजन डिमांड (बीडीओ), फीकल कोलीफॉर्म (बैक्टीरिया) और पीएच स्तर की जांच होती है। अप-स्ट्रीम और डाउन-स्ट्रीम के पानी की गुणवत्ता में अंतर न के बराबर होने पर ही शहर को पूरे अंक मिलते हैं। किन मानकों पर खरा उतरा अपना बनारस घाटों की चौबीसों घंटे सफाई: अस्सी से लेकर नमो घाट तक 84 से अधिक घाटों पर तीन शिफ्टों में सफाई और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था। नालों की टैपिंग: गंगा में गिरने वाले छोटे-बड़े नालों को टैप कर उनका पानी सीधे एसटीपी तक पहुंचाना। फ्लोटिंग कचरा प्रबंधन: गंगा की धारा में तैरने वाले फूल-माला, प्लास्टिक व अन्य कचरे को निकालने के लिए आधुनिक ‘ट्रैश स्कीमर’ मशीनों का निरंतर संचालन। पूजन सामग्री का निस्तारण: घाटों पर अर्पित किए जाने वाले फूलों व पूजन सामग्री को गंगा में प्रवाहित करने के बजाय अलग एकत्र कर उनसे खाद व अगरबत्ती बनाना।

