सपा सांसद सुमन बोले-2027 के चुनाव में जातियां टूटेंगी-जनविद्रोह होगा:आगरा में दलित महासम्मेलन से वेस्ट यूपी में चुनावी बिगुल फूंकेगी सपा
समाजवादी पार्टी 15 नवंबर को आगरा में दलित महासम्मेलन के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव का चुनावी बिगुल फूंकने की तैयारी में है। सम्मेलन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दलित समाज के लोगों को जुटाने का लक्ष्य है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने दावा किया है कि यह सम्मेलन बेहद भव्य होगा। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल होंगे। सुमन के मुताबिक, आगरा की जमीन दलित आंदोलन के लिहाज से बेहद उपजाऊ है। यहां के लोग राजनीतिक रूप से जागरूक हैं और बदलाव चाहते हैं।
दैनिक भास्कर से बातचीत में रामजीलाल सुमन ने कहा कि उन्होंने पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश का दौरा कर सम्मेलन के लिए लोगों से संपर्क किया है। दौरे के दौरान जिस तरह का रिस्पॉन्स मिला है, उससे उन्हें सम्मेलन की बड़ी सफलता का भरोसा है। उन्होंने कहा कि आगरा को सम्मेलन के लिए चुनने के पीछे यहां की ऐतिहासिक और राजनीतिक पृष्ठभूमि है। सवाल: सपा ने दलित सम्मेलन के लिए आगरा को क्यों चुना?
रामजीलाल सुमन: सबसे अहम सवाल यह है कि बाबा साहब डा. भीमराव अंबेडकर का 1956 में इंतकाल हुआ, अपने मरने से पहले उन्होंने एक पार्टी बनाई थी, जिसका नाम था रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया। इस पार्टी का असर महाराष्ट्र से भी ज़्यादा पश्चिम उत्तर प्रदेश में था। तमाम सामान्य सीटों पर दलित लोग जीत गए थे। तो समाजवादी पार्टी आंदोलन की दृष्टि से यह ज़मीन हमारे लिए बहुत उपजाऊ है, यहां के लोग बहुत जागरूक हैं और यह जन्मजात भाजपा और RSS के विरोधी हैं। सवाल: सपा आगरा में दलित सम्मेलन कर रही है, जबकि यहां भाजपा-बसपा की जड़ें मजबूत रही हैं?
रामजीलाल सुमन: आज पूरे समाज में एक मनोवैज्ञानिक प्रभाव है, पूरे समाज में यह चर्चा है कि एक पार्टी जो चलती थी, जिनको एक महिला चलाती थी, वह कहीं न कहीं BJP से मिली हुई हैं। उनमें लोग निराशा-हताशा में हैं। BJP जो है, वर्ण व्यवस्था में विश्वास रखने वाली पार्टी है, मनु इनके आदर्श हैं और जब देश का संविधान बन रहा था, उस समय भी इन लोगों का मानना यह था कि जब हमारे देश में पहले से एक संविधान विद्यमान है तो किसी और संविधान की ज़रूरत नहीं है।
इन्होंने 1949 में दिल्ली के रामलीला मैदान में डा. अंबेडकर का पुतला फूंका था। ऐसे में लोग मानते हैं कि अगर BJP को हराना है तो फिर समाजवादी पार्टी के अलावा कोई रास्ता नहीं है। लोग हमारी तरफ मुखातिब हो रहे हैं। सवाल: दलित सम्मेलन को लेकर कैसा माहौल है?
रामजीलाल सुमन: पूरे पश्चिम उत्तर प्रदेश के लोग इस सम्मेलन में आ रहे हैं, जो दलित समाज से संबंधित हैं। मैंने पूरे पश्चिम उत्तर प्रदेश का दौरा किया है और हमें विश्वास है कि जिस तरह से हम दौरे पर गए और लोगों का रिस्पॉन्स मिला, लोगों का रुझान मिला, उसके चलते मैं कह सकता हूं कि बहुत आलीशान सम्मेलन होगा यह। सवाल: सम्मेलन में कितनी भीड़ जुटाने का टारगेट है और किन-किन जिलों से लगभग लोग आएंगे?
रामजीलाल सुमन: नहीं, मैं आकलन तो नहीं कर सकता लेकिन सम्मेलन बहुत आलीशान होगा और आशातीत सफलता सम्मेलन को मिलेगी। सवाल: राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अलावा कौन-कौन नेता यहां आएंगे?
रामजीलाल सुमन: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी के अलावा जो पार्टी के सांसद और विधायक हैं, उनमें कई लोगों से हमने संपर्क किया है। अभी लोगों के निश्चित आने की सूचना नहीं है। सवाल: 2027 के जो चुनाव बहुत नज़दीक हैं, ऐसे में इस सम्मेलन को कैसे देख रहे हैं?
रामजीलाल सुमन: देखिए, एक बात बहुत साफ़ हो जानी चाहिए कि पहले इन्होंने जज़्बात के आधार पर चुनाव जीते थे…भावना के आधार पर…मज़हब के सवाल पर, मगर इस चुनाव में जातियां टूटेंगी। यह चुनाव मुद्दों पर आधारित होगा। यह चुनाव होगा भूख, प्यास, बेबसी, लाचारी, ग़रीबी, ग़ुरबत, महंगाई और इस सरकार की विफलता के ख़िलाफ़।
जातियां टूटेंगी, जनविद्रोह होगा। और आप कल्पना नहीं कर सकते, समाज का कोई वर्ग ऐसा नहीं है जो वर्ग इनके ख़िलाफ़ न हो। तो यह चुनाव, 2027 का चुनाव ऐतिहासिक होगा और हर क़ीमत पर बीजेपी इस चुनाव को हारेगी।

