सीतापुर में दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत:हादसे में दो लोग घायल, एक जिला अस्पताल के लिए रेफर
सीतापुर के रामपुर कलां थाना क्षेत्र में बुधवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है। गौरा गांव के सामने हुआ हादसा हादसा बुधवार शाम करीब पांच बजे रामपुर कलां थाना क्षेत्र के गौरा गांव के सामने हुआ। जानकारी के मुताबिक, दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में अभिषेक पिता अशोक कुमार (24), निवासी जुड़नापुर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहला पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दो युवक गंभीर रूप से घायल हादसे में शुभम पुत्र उमेश कुमार (16), निवासी डेरापंचायन और सरोज कुमार पिता राजकुमार (20), निवासी तोड़कपुर भी घायल हो गए। दोनों को सीएचसी पहला ले जाया गया। शुभम का वहीं इलाज चल रहा है, जबकि सरोज की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों बाइक कब्जे में लीं प्रभारी निरीक्षक लाला गोस्वामी ने बताया कि पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

