Breaking News
गोरखपुर भाजपा की नई टीम में बड़ा फेरबदल:17 नए चेहरों की एंट्री, 4 पुराने पर भरोसा जताया

गोरखपुर महानगर भाजपा की ओर से जारी नई जिला कार्यसमिति में इस बार बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। पिछली कार्यसमिति के मुकाबले नई टीम में करीब 81 प्रतिशत कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारी दी गई है, जबकि केवल 19 प्रतिशत पुराने पदाधिकारी ही अपनी जगह बनाए रखने में सफल रहे हैं। जिला अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता की ओर से जारी सूची में कुल 21 पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। इनमें 8 जिला उपाध्यक्ष, 3 जिला महामंत्री, 8 जिला मंत्री, एक कोषाध्यक्ष और एक कार्यालय मंत्री शामिल हैं। पार्टी ने नई टीम में ऐसे कार्यकर्ताओं को भी जगह दी है, जो लंबे समय से संगठन के अलग-अलग स्तरों पर काम करते रहे हैं। माना जा रहा है कि नई टीम के जरिए भाजपा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को गति देने की कोशिश कर रही है। चार पुराने चेहरों पर फिर जताया भरोसा नई कार्यसमिति में पार्टी ने चार पुराने पदाधिकारियों को दोबारा जिम्मेदारी दी है। वहीं, 17 कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें कई ऐसे चेहरे हैं, जो पहले मंडल, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, महिला मोर्चा और अन्य संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। अब जानिए किसको क्या जिम्मेदारी मिली वरुण चौरसिया- जिला उपाध्यक्ष वरुण चौरसिया लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े हुए हैं। पार्टी में लगातार सक्रिय रहने और संगठन के लिए काम करने के कारण उन्हें नई जिला कार्यसमिति में जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी नेतृत्व ने इस बार पुराने और सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया है। रणविजय सिंह मुन्ना- जिला उपाध्यक्ष रणविजय सिंह मुन्ना को एक बार फिर जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वह लंबे समय से भाजपा से जुड़े हुए हैं और संगठन में काम करने का अनुभव रखते हैं। वर्तमान में वह चिरगांव ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि के तौर पर भी सक्रिय हैं। मनोज अग्रहरि- जिला महामंत्री मनोज अग्रहरि को पहले महानगर में मंत्री की जिम्मेदारी मिली थी। अब पार्टी ने उन्हें आगे बढ़ाते हुए जिला महामंत्री बनाया है। संगठन में लंबे समय से सक्रिय मनोज अग्रहरि को नई टीम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। निखिल मोटानी – जिला मंत्री निखिल मोटानी व्यापारी संगठन से जुड़े नेता हैं। वह व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाते रहे हैं। लंबे समय से भाजपा से जुड़े होने के कारण पार्टी ने उन्हें नई जिला कार्यसमिति में जिला मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है।
विक्की कुकरेजा- जिला कोषाध्यक्ष विक्की कुकरेजा को पार्टी ने जिला कोषाध्यक्ष बनाया है। वह सिंधी समाज के बीच भी सक्रिय माने जाते हैं और समाज का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। संगठन में उनकी सक्रियता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें महत्वपूर्ण वित्तीय जिम्मेदारी दी है। जगनेंद्र सिंह नीतू- जिला मंत्री जगनेंद्र सिंह नीतू वर्तमान में पंजाबी अकादमी के सदस्य हैं। वह भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं में शामिल हैं और मंदिर से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय माने जाते हैं। पार्टी ने उन्हें नई कार्यसमिति में जिला मंत्री की जिम्मेदारी दी है। सत्यम साहनी – जिला मंत्री सत्यम साहनी को जिला मंत्री बनाया गया है। इससे पहले वह पार्टी में मीडिया से जुड़े काम देखते रहे हैं। वर्तमान में वह निषाद समाज के बीच भी सक्रिय हैं। संगठन में उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी दी गई है। आनंद अग्रहरि- जिला मंत्री आनंद अग्रहरि इससे पहले मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वह लंबे समय से भाजपा संगठन में काम कर रहे हैं। अब पार्टी ने उन्हें जिला स्तर पर जिम्मेदारी देते हुए जिला मंत्री बनाया है। सिद्धांत घोष— जिला मंत्री सिद्धांत घोष बंगाली समाज के बीच सक्रिय हैं और समाज का नेतृत्व करते रहे हैं। पार्टी ने उन्हें भी नई जिला कार्यसमिति में शामिल करते हुए जिला मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है। संतोष शुक्ला- जिला उपाध्यक्ष संतोष शुक्ला लंबे समय से संघ और संगठन से जुड़े हुए हैं। संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें नई टीम में जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। मनीष जैन — जिला उपाध्यक्ष मनीष जैन इससे पहले भाजपा युवा मोर्चा में महानगर उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वह व्यापारी समाज से आते हैं और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर समय-समय पर आवाज उठाते रहे हैं। अब पार्टी ने उन्हें जिला उपाध्यक्ष बनाया है। श्वेता श्रीवास्तव — जिला उपाध्यक्ष श्वेता श्रीवास्तव इससे पहले महानगर महिला मोर्चा की अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। महिला मोर्चा में उनके काम को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें अब जिला स्तर पर आगे बढ़ाया है और जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। अच्युतानंद शाही — जिला महामंत्री अच्युतानंद शाही को लंबे समय से संगठनात्मक काम का अनुभव है। वह पहले महानगर महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अब पार्टी ने उन्हें जिला स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए जिला महामंत्री बनाया है। प्रेमनाथ शुक्ला — जिला मंत्री प्रेमनाथ शुक्ला लंबे समय से भाजपा से जुड़े हुए हैं और संगठन में लगातार सक्रिय रहे हैं। उनके लंबे अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें नई कार्यसमिति में जिला मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है। समरेंद्र कुमार सिंह- जिला महामंत्री समरेंद्र कुमार सिंह इससे पहले किसान मोर्चा में महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब पार्टी ने उन्हें मुख्य संगठन में आगे बढ़ाते हुए जिला महामंत्री की जिम्मेदारी दी है। किसान मोर्चा में उनके अनुभव का फायदा अब जिला संगठन को मिलने की उम्मीद है। विश्वेश श्रीवास्तव- विश्वेश श्रीवास्तव को जिला कार्यालय मंत्री बनाया गया है। ये गोरखपुर में एक कारोबारी हैं। पूर्व महानगर अध्यक्ष के भाई हैं। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी भाजपा की नई जिला कार्यसमिति में पुराने अनुभवी कार्यकर्ताओं के साथ संगठन के अलग-अलग मोर्चों पर काम कर चुके नेताओं को जगह दी गई है। नई टीम के सामने सबसे बड़ी जिम्मेदारी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने की होगी। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए नई कार्यसमिति का गठन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी की कोशिश है कि नई जिम्मेदारियों के जरिए संगठन में सक्रियता बढ़ाई जाए और अलग-अलग सामाजिक वर्गों के बीच भी पार्टी की पहुंच मजबूत की जाए। नई सूची में शामिल बाकी पदाधिकारी भी लंबे समय से पार्टी और संगठन से जुड़े हुए हैं। इन कार्यकर्ताओं को उनके अनुभव और सक्रियता के आधार पर अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *