Breaking News
व्हाट्सऐप लिंक पर क्लिक करते ही उड़ गए 12.56 लाख:आगरा में साइबर ठगों का डबल अटैक, बुजुर्ग समेत 2 लोग साइबर ठगों के बने शिकार

आगरा में साइबर ठगों ने दो अलग-अलग मामलों में लोगों को डिजिटल जाल में फंसाकर 24 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी कर ली। शास्त्रीपुरम निवासी बुजुर्ग से क्रेडिट कार्ड वेरिफिकेशन के नाम पर 12.56 लाख उड़ाए गए। वहीं दूसरे पीड़ित से ऑनलाइन दवा और ट्रेडिंग के नाम पर करीब 12 लाख रुपये ठग लिए गए। दोनों मामलों में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लिंक पर क्लिक करते ही खाली हुआ खाता
शास्त्रीपुरम निवासी बृजमोहन गोयल के पास व्हाट्सऐप पर ‘सीनियर सिटीजन क्रेडिट कार्ड वेरिफिकेशन’ के नाम से मैसेज आया। साथ में एक लिंक भेजा गया। लिंक खोलते ही सामने बैंक जैसी वेबसाइट खुली। ठगों ने उनसे बैंकिंग डिटेल भरवाई और फिर मोबाइल की स्क्रीन शेयर कराई। जैसे ही स्क्रीन शेयर हुई, ठगों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर खाते से करीब 12.56 लाख रुपये निकाल लिए। रकम कटने के बाद पीड़ित को ठगी का पता चला। शिकायत पर पुलिस ने बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की जांच शुरू की है। दवा कंपनी और ट्रेडिंग के नाम पर ठगे 12 लाख
दूसरे मामले में भूप सिंह को पहले TATA 1mg के नाम पर ऑनलाइन दवा का झांसा देकर 5.33 लाख रुपये ठगे गए। इसके कुछ दिन बाद TATA Fintech ट्रेडिंग के नाम पर मुनाफे का लालच देकर उनसे 6.66 लाख रुपये और ट्रांसफर करा लिए गए।पुलिस के मुताबिक ठग पहले छोटे निवेश पर मुनाफा दिखाते हैं, फिर फीस और अतिरिक्त निवेश के नाम पर रकम बढ़ाते जाते हैं। भूप सिंह के साथ भी यही तरीका अपनाया गया। बैंक ट्रेल खंगाल रही पुलिस
साइबर क्राइम पुलिस अब दोनों मामलों में रकम किन खातों में गई, आगे कहां ट्रांसफर हुई और किन मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल हुआ, इसकी पड़ताल कर रही है। दोनों में आरोपी अभी अज्ञात हैं।अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अनजान लिंक न खोलें, स्क्रीन शेयर न करें और किसी भी निवेश से पहले उसकी प्रमाणिकता जरूर जांचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *