बागपत अड्डे पर अचानक धंसी सड़क:राहगीरों की बढ़ी परेशानी, रात में हादसे का खतरा
मेरठ के व्यस्त बागपत अड्डा चौराहे पर रविवार को अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया। सड़क धंसने के बाद यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चौराहे पर दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है, ऐसे में सड़क धंसने से हादसे का खतरा भी बढ़ गया है। सड़क का हिस्सा धंसने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की नजर उस पर पड़ी। वाहन चालक धंसी हुई सड़क से बचकर निकलते नजर आए। कुछ लोगों ने बताया कि अगर वाहन चालक ने ध्यान नहीं दिया तो अचानक धंसे हिस्से में वाहन फंस सकता है और हादसा हो सकता है। रविवार सुबह भी मेरठ में बारिश हुई थी। इससे एक दिन पहले शनिवार को भी करीब दो-तीन घंटे लगातार बारिश हुई थी। इसके बाद बागपत अड्डे पर सड़क धंसने को लेकर लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण जमीन के नीचे पानी जाने से सड़क कमजोर हुई होगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर बारिश की वजह से ही सड़क धंसी है तो यह नगर निगम की सड़क निर्माण और गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में परेशानी और बढ़ जाएगी। अंधेरे में धंसी सड़क दिखाई नहीं देने से दोपहिया वाहन चालकों के लिए खास खतरा रहेगा। लोगों ने निगम से मौके पर जल्द मरम्मत कराने के साथ ही सड़क के धंसे हिस्से के आसपास बैरिकेडिंग या कोई चेतावनी लगाने की मांग की है, ताकि मरम्मत होने तक किसी तरह का हादसा न हो।

