Breaking News
घर में अकेली रह रही बुजुर्ग महिला की मौत:चोरी के बाद हत्या का आरोप, पुलिस ने चोरी से इनकार किया

संभल में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला अपने घर में मृत पाई गईं। उनकी पुत्रवधू ने आरोप लगाया है कि दो दिन पहले हुई चोरी के बाद बीती रात फिर चोरों ने घर में घुसकर उनकी सास की हत्या कर दी। हालांकि, इंस्पेक्टर संत कुमार ने चोरी की घटना से इनकार किया है, जबकि सीओ विवेक जावला ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है। यह घटना संभल जनपद के चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के पंजाबी मंदिर स्थित मोहल्ला कागजी की है। मृतका की पहचान 80 वर्षीय मेहराज बेगम पत्नी जफर हुसैन के रूप में हुई है, जो घर में अकेली रहती थीं। परिवार को सुबह 11 बजे घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद लोग घर पर जमा होने लगे। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई को लेकर आपस में चर्चा की। दोपहर 2:30 बजे पुलिस को सूचना दी गई और लगभग एक घंटे की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मेहराज बेगम के तीन बेटे हैं: जाकिर हुसैन (40), नाजिम हुसैन (35) और मारुल हुसैन (30)। घर छोटा होने के कारण तीनों बेटे अपनी मां से अलग किराए के मकान में रहते थे। मृतका के दामाद जमील अहमद ने बताया कि उनके घर में दो-तीन दिन पहले भी चोरी हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। पुलिस ने आकर जांच की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीती रात फिर चोरी हुई है, जिसमें तीन से चार बकरियां, सोने-चांदी के जेवर और 14,000 रुपये नकद चोर ले गए हैं।
पुत्रवधू मीना ने बताया कि जब वह दवा लेने जा रही थीं, तो उन्होंने दरवाजा खुला देखा और अंदर आ गईं। उन्होंने अपनी सास को हिलाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। पड़ोसियों को बुलाने के बाद पता चला कि उनकी सास का निधन हो चुका है। मीना के अनुसार, मेहराज बेगम के हाथ बाहर निकले हुए थे और उनके गले पर भी निशान थे। बहू शबनम ने बताया कि चोरी करके इन्हें मार दिया है। दो-तीन दिन पहले भी चोरी हुई थी और रात भी चोरी करने आए थे, सारा सामान ले गए हैं। सीओ चंदौसी विवेक जावला ने कहा कि महिला की मौत हुई है शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चोरी होने की कोई जानकारी नहीं है अगर ऐसा कुछ है तो परिवार के लोगों से बातचीत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *