रिटायर्ड बैंककर्मी के खाते से 14.90 लाख पार,FIR:अलीगढ़ में जिंदगी भर की कमाई पर साइबर ठगों का हाथ, मोबाइल पर खाते से जुड़ी जानकारी लेकर ठगी
साइबर ठगों ने ओरिएंटल बैंक से रिटायर्ड पेंशनर के खाते से 14.90 लाख रुपये पार कर दिए। ठगी का शिकार हुए बुजुर्ग ने पुलिस को बताया कि यह उनकी जिंदगी भर की कमाई थी और इसी रकम से उन्हें आगे का जीवन चलाना है। 15 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे हुई ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में शनिवार देर शाम साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
महुआ खेड़ा क्षेत्र की एटा चुंगी रोड स्थित ग्रीन पार्क अपार्टमेंट निवासी अजय कुमार गोयल (66) ने शिकायत में बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल पर खाते से जुड़ी जानकारी हासिल कर ऑनलाइन धोखाधड़ी की। इसके बाद खाते से पांच अलग-अलग ट्रांजेक्शन में रकम निकाल ली गई। इनमें 5 लाख, 7 लाख, 2.50 लाख और 20-20 हजार रुपये शामिल हैं। इस तरह कुल 14 लाख 90 हजार रुपये खाते से निकल गए।
पांच ट्रांजेक्शन में साफ हुआ खाता
शिकायत के मुताबिक, ठगी की रकम एक बार में नहीं, बल्कि पांच अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए निकाली गई। पीड़ित ने बैंक स्टेटमेंट भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। उन्होंने रकम वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जीवन भर की कमाई गंवाने की चिंता
रिटायर्ड पेंशनर ने पुलिस को बताया कि यह उनकी जीवन भर की कमाई थी। उम्र के इस पड़ाव पर यही रकम उनके जीवनयापन के लिए बेहद जरूरी है। मामले में साइबर क्राइम पुलिस थाने में शनिवार देर शाम एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66D और भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है।

