Breaking News
संभल में दुर्गा वाहिनी ने दुर्गाष्टमी पर किया शस्त्र पूजन:बालिकाओं को आत्मरक्षा और स्वाभिमान के प्रति किया प्रेरित

संभल में रविवार को 5:30 बजे विश्व हिंदू परिषद की प्रमुख इकाई दुर्गा वाहिनी के तत्वावधान में दुर्गाष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन, माँ भगवती की आराधना और पारंपरिक शस्त्र पूजन के माध्यम से नारी शक्ति, आत्मसम्मान और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने माँ भगवती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सनातन परंपरा के अनुसार शस्त्र पूजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन दुर्गा वाहिनी की प्रखंड संयोजिका सोनी के तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर मातृशक्ति की जिला संयोजिका दीपा वार्ष्णेय की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता दुर्गा वाहिनी की जिला संयोजिका प्रतीक्षा गुप्ता ने उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को संबोधित करते हुए दुर्गाष्टमी के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दुर्गाष्टमी केवल पूजन-अर्चन तक सीमित नहीं है, बल्कि नारी शक्ति के जागरण, आत्मरक्षा और स्वाभिमान का प्रतीक भी है। माँ दुर्गा के विभिन्न स्वरूप अन्याय, अधर्म और असत्य के विरुद्ध दृढ़ता से खड़े होने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं को अपनी आंतरिक शक्ति पहचानकर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। नारी में ममता और करुणा के साथ साहस, धैर्य और संघर्ष की क्षमता भी विद्यमान है। आवश्यकता पड़ने पर वह स्वयं की रक्षा करने के साथ समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने बालिकाओं को आत्मविश्वास बढ़ाने और अपने स्वाभिमान के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
विशिष्ट अतिथि दीपा वार्ष्णेय ने संस्कारवान समाज के निर्माण में मातृशक्ति के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए सामाजिक एवं पारिवारिक मूल्यों को मजबूत बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रखंड संयोजिका सोनी ने सभी कार्यकर्ताओं और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। माँ अम्बे की महाआरती और भारत माता के जयकारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

रिटायर्ड बैंककर्मी के खाते से 14.90 लाख पार,FIR:अलीगढ़ में जिंदगी भर की कमाई पर साइबर ठगों का हाथ, मोबाइल पर खाते से जुड़ी जानकारी लेकर ठगी

साइबर ठगों ने ओरिएंटल बैंक से रिटायर्ड पेंशनर के खाते से 14.90 लाख रुपये पार कर दिए। ठगी का शिकार हुए बुजुर्ग ने पुलिस को बताया कि यह उनकी जिंदगी भर की कमाई थी और इसी रकम से उन्हें आगे का जीवन चलाना है। 15 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे हुई ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में शनिवार देर शाम साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
महुआ खेड़ा क्षेत्र की एटा चुंगी रोड स्थित ग्रीन पार्क अपार्टमेंट निवासी अजय कुमार गोयल (66) ने शिकायत में बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल पर खाते से जुड़ी जानकारी हासिल कर ऑनलाइन धोखाधड़ी की। इसके बाद खाते से पांच अलग-अलग ट्रांजेक्शन में रकम निकाल ली गई। इनमें 5 लाख, 7 लाख, 2.50 लाख और 20-20 हजार रुपये शामिल हैं। इस तरह कुल 14 लाख 90 हजार रुपये खाते से निकल गए।
पांच ट्रांजेक्शन में साफ हुआ खाता
शिकायत के मुताबिक, ठगी की रकम एक बार में नहीं, बल्कि पांच अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए निकाली गई। पीड़ित ने बैंक स्टेटमेंट भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। उन्होंने रकम वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जीवन भर की कमाई गंवाने की चिंता
रिटायर्ड पेंशनर ने पुलिस को बताया कि यह उनकी जीवन भर की कमाई थी। उम्र के इस पड़ाव पर यही रकम उनके जीवनयापन के लिए बेहद जरूरी है। मामले में साइबर क्राइम पुलिस थाने में शनिवार देर शाम एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66D और भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है।

MLC चुनाव में डुप्लीकेट वोटरों पर सपा ने उठाए सवाल:आयोग से की शिकायत, मतदान और मतगणना के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व पारदर्शिता की मांग

समाजवादी पार्टी ने विधान परिषद की 11 सीटों के लिए होने वाले चुनाव में मतदाता सूची की गड़बड़ियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत की है। पार्टी ने वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में हजारों डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम दर्ज होने का आरोप लगाते हुए मतदाता सूची की जांच कराने की मांग की है। साथ ही मतदान और मतगणना के दौरान मीडिया कर्मियों को अनुमति देने, पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने की मांग की है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन सौंपा। केके श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चन्द्र सिंह यादव और राधेश्याम सिंह ने ज्ञापन देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के नाम मतदाता सूची में कई-कई जगह दर्ज हैं। पार्टी ने इसके समर्थन में 276 पृष्ठों में दर्ज कथित डुप्लीकेट मतदाताओं का विवरण संलग्न करने की बात कही है। मिर्जापुर में एक ही नाम तीन से पांच बार दर्ज होने का आरोप सपा ने मिर्जापुर जिले की मतदाता सूची के कुछ उदाहरण देते हुए डुप्लीकेट नाम दर्ज होने की शिकायत की है। ज्ञापन के अनुसार, बूथ संख्या 226 पर मतदाता क्रमांक 862, 863 और 864 पर रविशंकर पांडेय का नाम तीन बार दर्ज है। पार्टी ने उन्हें मिर्जापुर में भाजपा का जिला मंत्री बताते हुए संबंधित फोटो और मतदाता सूची का विवरण संलग्न करने की बात कही है। इसी तरह बूथ संख्या 242 पर अंजली मौर्या का नाम क्रमांक 15 से 19 तक लगातार पांच बार दर्ज होने का आरोप लगाया गया है। इसी बूथ पर स्मृति सिंह का नाम क्रमांक 582 से 584 तक तीन बार दर्ज होने की शिकायत है। पवन कुमार गुप्ता का नाम क्रमांक 320 और 321 पर तथा बूथ संख्या 245 पर जितेंद्र कुमार सरोज का नाम क्रमांक 215 और 216 पर दो-दो बार दर्ज होने का उल्लेख भी ज्ञापन में किया गया है। सपा ने मांग की है कि मतदान के दिन डुप्लीकेट मतदाताओं को एक से अधिक बार वोट डालने से रोकने के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएं। लखनऊ खंड के 102 संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा की मांग लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की गई है। ज्ञापन में सात जिलों के कुल 102 पोलिंग स्टेशनों को संवेदनशील बताया गया है। इनमें लखीमपुर के 31, सीतापुर के 14, रायबरेली के 19, बाराबंकी के 7, हरदोई के 11, प्रतापगढ़ के 7 और लखनऊ के 13 मतदान केंद्र शामिल हैं। पार्टी ने सभी मतदान केंद्रों पर वीडियो कैमरे लगाने और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की मांग की है। साथ ही मतदान के बाद मतपेटियों को सील कर सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा बलों की निगरानी में रखने की बात कही है। मतगणना के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न होने देने और जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि मतगणना शुरू होने के बाद उसे पूरा होने तक निर्बाध रूप से जारी रखा जाए। निर्धारित संख्या में अधिकृत एजेंटों को ही प्रवेश मिले और अनधिकृत लोगों को मतगणना केंद्रों में आने से रोका जाए। सपा ने मतदान एवं मतगणना केंद्रों पर सिविल पुलिस से अलग पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने की मांग की है। पहचान पत्र में पते या अंग्रेजी स्पेलिंग के अंतर पर वोट न रोका जाए सपा ने मतदाताओं को मतदान से वंचित किए जाने की आशंका जताते हुए निर्वाचन अधिकारियों के लिए स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि चुनाव आयोग के प्रारूप-18 और ऑनलाइन सॉफ्टवेयर में ब्लॉक या वार्ड का कॉलम नहीं होने के कारण मतदान केंद्र के निर्धारण में परेशानी हो सकती है। उदाहरण देते हुए कहा गया है कि गोमतीनगर के विनीत खंड में रहने वाले किसी मतदाता का मतदान केंद्र मोहनलालगंज निर्धारित हो सकता है। ऐसे में आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र पर गोमतीनगर का पता होने के आधार पर उसे मतदान से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। पार्टी ने पीठासीन अधिकारियों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश देने की मांग की है। इसी तरह मतदाता सूची और पहचान पत्र में नाम या पिता के नाम की अंग्रेजी स्पेलिंग में मामूली अंतर होने पर मतदान रोकने का विरोध किया गया है। ज्ञापन में रीता सिंह के नाम का उदाहरण देते हुए कहा गया है कि पहचान पत्र पर ‘RITA SINGH’ और मतदाता सूची में ‘REETA SINGH’ दर्ज होने के बावजूद उच्चारण समान है। ऐसे मामलों में मतदाता को वोट डालने की अनुमति मिलनी चाहिए।सपा ने प्रतापगढ़ जिले में कुछ मतदान केंद्रों पर 11 अक्टूबर को मतदाता सूची के क्रमांक बदलने की शिकायत भी की है। पार्टी का कहना है कि 10 अक्टूबर तक उपलब्ध सूची के आधार पर मतदाता पर्चियां वितरित कराई जा चुकी हैं। ऐसे में मतदाता सूची में नाम दर्ज होने पर केवल क्रमांक बदलने के कारण किसी मतदाता को मतदान से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में स्कूलों को परेशान करने का आरोप ज्ञापन में वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची के पुनः सत्यापन को लेकर भी आपत्ति जताई गई है। सपा का आरोप है कि अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने और निरंतर पुनरीक्षण के तहत शामिल मतदाताओं की सूची जारी होने के बाद भी कई जिलों में जिलाधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक विद्यालयों से दोबारा जांच करा रहे हैं। पार्टी ने दावा किया है कि प्रधानाचार्यों के प्रमाणपत्रों पर जिला विद्यालय निरीक्षकों के हस्ताक्षर के बाद ही मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए थे। इसके बावजूद विद्यालयों, प्रबंधकों और कर्मचारियों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। सपा ने निर्वाचन आयोग के नियमों का हवाला देते हुए कहा है कि अंतिम सूची प्रकाशित होने के बाद इस तरह दोबारा सत्यापन और नाम हटाने की कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए। पार्टी ने इस प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में प्रदेश के सभी संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान और मतगणना को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया है।

84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर पुल निर्माण के दौरान हादसा:एमपी के मजदूर की मौत, निर्माण कार्य करते समय सिर में लगी गंभीर चोट

अयोध्या जिले के खंडासा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन 84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर पुल निर्माण के दौरान हुए हादसे में मध्य प्रदेश के 35 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मजदूर के सिर में गंभीर चोट लगने के बाद साथी कर्मचारी उसे कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही निर्माण कंपनी के अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के मुताबिक, खंडासा थाना क्षेत्र के कलंदरपुर गांव के पास 84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर पुल का निर्माण कराया जा रहा है। इसका ठेका कालूवालिया कंपनी को मिला है। कंपनी में मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के व्यवहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत छूदा गांव निवासी बृज किशोर मजदूर के रूप में काम कर रहे थे। बताया जाता है कि वह करीब छह दिन पहले ही अन्य मजदूरों के साथ काम करने के लिए यहां आए थे। रविवार को दोपहर बाद बृज किशोर पुल निर्माण के दौरान स्टेजिंग में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके सिर में रॉड लगने से गंभीर चोट आ गई। चोट लगते ही वह मौके पर गिर पड़े। हादसे के बाद वहां काम कर रहे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। साथी मजदूर आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज ले गए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। लेबर ठेकेदार सिद्धू पुत्र राधेश्याम, निवासी मध्य प्रदेश ने बताया कि बृज किशोर छह दिन पहले ही उनके साथ काम करने आए थे। काम के दौरान उनके सिर में रॉड लग गई। इसके बाद साथी कर्मचारियों के साथ उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उधर, घटना की सूचना पर कंपनी के डीपीएम दिनेश कौशिक, मैनेजर और इंजीनियर मनोज कुमार समेत अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे और हादसे के संबंध में जानकारी ली।

बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता: मेरठ और लखनऊ ने जीते खिताब:अंडर-19 में मेरठ, अंडर-17 में लखनऊ ने 7-7 विकेट से दर्ज की जीत

मुरादाबाद में प्रदेशीय बालिका विद्यालयीय क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 रविवार को खत्म हुई। फाइनल में मेरठ और लखनऊ मंडल ने खिताब जीते। अंडर-19 में मेरठ ने वाराणसी को और अंडर-17 में लखनऊ ने अयोध्या को सात-सात विकेट से हराया। अंडर-19 फाइनल पारकर इंटर कॉलेज मैदान पर हुआ। वाराणसी ने 96 रन बनाए। मेरठ ने 16 ओवर में 3 विकेट खोकर मैच जीता। किंजल (33 रन, 1 विकेट) ‘फाइनल की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ रहीं। अंडर-17 फाइनल एमपीएस मैदान पर हुआ। अयोध्या 54 रन पर ऑलआउट हुई। लखनऊ की आर्यमा (3 रन, 4 विकेट) ने टीम को जीत दिलाई, वह ‘फाइनल की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ चुनी गईं। कानपुर की नेहा वर्मा (187 रन) और अलीगढ़ की गरिमा सिंह (88 रन) सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज रहीं। मेरठ की डॉली (8 विकेट) और अयोध्या की शीतल (8 विकेट) सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बनीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ समापन
प्रतियोगिता के समापन समारोह में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। आकांक्षा विद्यापीठ इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। वहीं, जेआर अग्रवाल कन्या इंटर कॉलेज और प्रभादेवी आदर्श कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने समूह नृत्य पेश किया। मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक द्वादश मंडल मुरादाबाद शिवलाल और विशिष्ट अतिथि अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों ने विजेता टीमों की खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक मुरादाबाद और अमरोहा सहित प्रतियोगिता से जुड़े अधिकारी, शिक्षक और खेल आयोजन में सहयोग करने वाले लोग मौजूद रहे।