84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर पुल निर्माण के दौरान हादसा:एमपी के मजदूर की मौत, निर्माण कार्य करते समय सिर में लगी गंभीर चोट
अयोध्या जिले के खंडासा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन 84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर पुल निर्माण के दौरान हुए हादसे में मध्य प्रदेश के 35 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मजदूर के सिर में गंभीर चोट लगने के बाद साथी कर्मचारी उसे कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही निर्माण कंपनी के अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के मुताबिक, खंडासा थाना क्षेत्र के कलंदरपुर गांव के पास 84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर पुल का निर्माण कराया जा रहा है। इसका ठेका कालूवालिया कंपनी को मिला है। कंपनी में मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के व्यवहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत छूदा गांव निवासी बृज किशोर मजदूर के रूप में काम कर रहे थे। बताया जाता है कि वह करीब छह दिन पहले ही अन्य मजदूरों के साथ काम करने के लिए यहां आए थे। रविवार को दोपहर बाद बृज किशोर पुल निर्माण के दौरान स्टेजिंग में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके सिर में रॉड लगने से गंभीर चोट आ गई। चोट लगते ही वह मौके पर गिर पड़े। हादसे के बाद वहां काम कर रहे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। साथी मजदूर आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज ले गए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। लेबर ठेकेदार सिद्धू पुत्र राधेश्याम, निवासी मध्य प्रदेश ने बताया कि बृज किशोर छह दिन पहले ही उनके साथ काम करने आए थे। काम के दौरान उनके सिर में रॉड लग गई। इसके बाद साथी कर्मचारियों के साथ उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उधर, घटना की सूचना पर कंपनी के डीपीएम दिनेश कौशिक, मैनेजर और इंजीनियर मनोज कुमार समेत अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे और हादसे के संबंध में जानकारी ली।

