Breaking News
केपी इंटर कॉलेज ने जीती जिला नेहरू हॉकी प्रतियोगिता:अंडर-15 वर्ग में लाला मनमोहन दास को 6-0 से हराया, अनमोल ने किए तीन गोल

प्रयागराज में सोमवार को जिला नेहरू हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। केपी इंटर कॉलेज के खेल मैदान में हुई इस प्रतियोगिता में अंडर-15 बालक वर्ग का खिताब मेजबान केपी इंटर कॉलेज ने जीता। फाइनल मुकाबले में उन्होंने लाला मनमोहन दास इंटर कॉलेज, झूसी को 6-0 से करारी शिकस्त दी। अंडर-15 बालक वर्ग के फाइनल में केपी इंटर कॉलेज ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा। टीम के खिलाड़ी अनमोल ने मैच के चौथे मिनट में पहला गोल किया, जिसके बाद नौवें मिनट में दूसरा गोल दागकर बढ़त 2-0 कर दी। दूसरे क्वार्टर में अनुराग और हरिशंकर पाल ने एक-एक गोल कर स्कोर 4-0 तक पहुंचाया। अंतिम क्वार्टर में अनमोल ने दो और गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की और टीम को 6-0 की एकतरफा जीत दिलाई। प्रतियोगिता का शुभारंभ कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. योगेंद्र सिंह ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि हॉकी भारत के स्वाभिमान, अनुशासन और टीम भावना का प्रतीक है। उन्होंने मेजर ध्यानचंद का उदाहरण देते हुए खिलाड़ियों को कठिन परिश्रम और लगन से खेलने के लिए प्रेरित किया। अंडर-17 बालक वर्ग में मजीदिया इस्लामिया इंटर कॉलेज और अंडर-17 बालिका वर्ग में लाला मनमोहन दास इंटर कॉलेज को एकमात्र प्रतिभागी होने के कारण विजेता घोषित किया गया। प्रतियोगिता का संचालन खेल प्रवक्ता उमेश खरे ने किया, जबकि दिव्यांक, सनी पांडे, अमित और ऋषि ने निर्णायक की भूमिका निभाई। समापन अवसर पर खिलाड़ियों को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी गई। इस दौरान अकील अब्बास रिजवी, डॉ. बृजेश खरे, हरी लाल, विपुल, नितिन पटेल सहित शिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *