Breaking News
फर्जी हस्ताक्षर से शेयर ट्रांसफर का आरोप:कल्याणपुर थाने में शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज

कानपुर के कल्याणपुर में ,फर्जी दस्तावेज और जाली हस्ताक्षरों के आधार पर निजी कंपनी के शेयर अपने नाम स्थानांतरित कराने के आरोप में कल्याणपुर थाने रविवार को करीब 12 बजे में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, इंदिरा नगर स्थित कान्हा श्याम रेजीडेंसी के नंदिनी ब्लॉक निवासी सुमन माथुर ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि उनके दिवंगत ससुर राधा मोहन माथुर और सास कांती माथुर के एनके ऑर्गेनिक इनऑर्गेनिक प्राइवेट लिमिटेड के शेयर प्रमाणपत्र उनके पास सुरक्षित हैं। उनका कहना है कि मूल शेयर प्रमाणपत्र और विधिवत हस्तांतरण पत्र के बिना इन शेयरों का हस्तांतरण संभव नहीं था। जाली हस्ताक्षर किया शेयर ट्रांसफर किया शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2010 में माधव माथुर ने कथित रूप से फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर तथा दिवंगत राधा मोहन माथुर और कांती माथुर के जाली हस्ताक्षरों का प्रयोग करते हुए शेयर अपने नाम स्थानांतरित करा लिए। आरोप है कि 21 अक्तूबर 2020 को आरोपी ने कलक्टरगंज थाने में आवेदन देकर अपने और सुमन माथुर के शेयर प्रमाणपत्र खो जाने की झूठी सूचना दी। इसके आधार पर संबंधित कंपनी के रजिस्ट्रार (आरओसी) से डुप्लीकेट शेयर प्रमाणपत्र जारी कराए गए और बाद में शेयर अपने नाम ट्रांसफर करा लिए गए, जबकि मूल शेयर प्रमाणपत्र आज भी सुमन माथुर के पास सुरक्षित हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्होंने इस संबंध में संबंधित कंपनियों और रजिस्ट्रार को आपत्ति एवं नोटिस भी भेजा है। उपलब्ध अभिलेखों और फोरेंसिक रिपोर्ट में जाली हस्ताक्षर और कूटरचना की पुष्टि होने का भी दावा किया गया है। उनका कहना है कि आरोपी के कृत्य से उनके वैध अधिकार प्रभावित हुए हैं और शेयरों को नुकसान पहुंचा है। थाना प्रभारी कल्याणपुर केशव तिवारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर माधव माथुर के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों, फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *