संभल में ट्रांसफार्मर से 800 लीटर तेल चोरी:90 हजार का नुकसान, 6 घंटे बिजली गुल, 5 हजार से ज्यादा लोग परेशान रहे
संभल के हयातनगर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक 750 KV ट्रांसफार्मर से 800 लीटर तेल चोरी कर लिया। इस घटना के कारण लगभग 5000 की आबादी को छह घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। चोरी हुए तेल की कीमत करीब 90,000 रुपये बताई जा रही है। यह घटना सरायतरीन पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर स्थित मुख्य बाजार के रिक्शा स्टैंड पर हुई। बिजली विभाग को शनिवार सुबह 10 बजे ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने की जानकारी मिली, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हयातनगर बिजली विभाग के एसडीओ राहुल चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही लाइनमैन की टीम को मौके पर भेजा गया। ट्रांसफार्मर में तेल भरने का काम पूरा कर लिया गया है, लेकिन उसे गर्म होने के बाद ही चालू किया जा सकेगा। गर्मी के मौसम को देखते हुए, प्रभावित उपभोक्ताओं के लिए दूसरे ट्रांसफार्मर से अस्थायी तौर पर बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है। एसडीओ चौधरी ने यह भी बताया कि चोरी किए गए 800 लीटर तेल की अनुमानित कीमत 90,000 रुपये है। सरायतरीन के जेई सतीश चंद्र की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जेई सतीश चंद्र के अनुसार, इस 750 KV ट्रांसफार्मर से लगभग 500 कनेक्शन जुड़े हुए थे, जिससे करीब 5000 लोग प्रभावित हुए। विभाग ने देर रात तक ट्रांसफार्मर को पूरी तरह चालू करने का आश्वासन दिया है।

