Breaking News
गुप्त नवरात्र की अष्टमी पर मां पीतांबरा की विशेष आराधना

 


रात्रि हवन में दी गईं बगलामुखी के मंत्रों की आहुति
बाबा न्यूज
आगरा। गुप्त नवरात्र के पावन पर्व पर प्राचीन सीताराम मंदिर, वजीरपुरा में आयोजित नौ दिवसीय विशेष रात्रि हवन एवं मां भगवती की आराधना का क्रम श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ जारी है। अष्टमी तिथि पर मां पीतांबरा (बगलामुखी) की विशेष पूजा-अर्चना, मंत्रोच्चार एवं हवन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर विधि-विधान से आहुतियां अर्पित कीं और परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता तथा शत्रु बाधाओं से रक्षा की कामना की।
मंदिर के महंत अनंत उपाध्याय ने कहा कि गुप्त नवरात्र साधकों और शक्ति उपासकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाते हैं। इस अवधि में की गई देवी आराधना, जप, तप, हवन और साधना का फल कई गुना बढ़कर प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि गुप्त नवरात्र आत्मशुद्धि, आध्यात्मिक उन्नति और देवी कृपा प्राप्त करने का श्रेष्ठ अवसर हैं, इसलिए श्रद्धालुओं को पूर्ण श्रद्धा और नियमपूर्वक मां आदिशक्ति की उपासना करनी चाहिए।
महंत अनंत उपाध्याय ने अष्टमी तिथि का महत्व बताते हुए कहा कि इस दिन मां पीतांबरा अर्थात मां बगलामुखी की आराधना का विशेष विधान है। मां बगलामुखी दशमहाविद्याओं में आठवीं महाविद्या मानी जाती हैं और इन्हें शत्रुओं का स्तंभन करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है। उनकी कृपा से साधक को साहस, आत्मविश्वास, वाणी में प्रभाव, न्यायिक कार्यों में सफलता तथा विरोधियों पर विजय प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि मां की उपासना सदैव धर्म, सत्य और लोककल्याण की भावना से करनी चाहिए।
रात्रि हवन के दौरान वैदिक मंत्रों एवं मां पीतांबरा के मंत्रों के साथ आहुतियां समर्पित की गईं। मंदिर परिसर मां के जयकारों, घंटा-घड़ियाल और शंखनाद से भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ हवन में सहभागिता निभाई तथा मां भगवती से सभी के कल्याण की प्रार्थना की।
इस अवसर पर मनीष अग्रवाल, हर्षवर्धन पाठक, मुकेश शर्मा, अरुण उपाध्याय, मनोज अग्रवाल, हनी, बॉबी, डॉ. संजीव नेहरू आदि श्रद्धालु उपस्थित रहे।

 

नई सौदागर लाइन में खुली पुलिस चौकी

पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने किया विधिवत उद्घाटन
बाबा न्यूज
आगरा। सदर थाना क्षेत्र स्थित नई सौदागर लाइन पुलिस चौकी का पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। नई पुलिस चौकी के शुरू होने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की उम्मीद जताई गई है।
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने कहा कि नई पुलिस चौकी के संचालन से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। पुलिस की मौजूदगी बढ़ने से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ ही आमजन को त्वरित और बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसरोकारों के प्रति संवेदनशील रहते हुए जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समारोह में डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास, डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार, एसीपी सदर राम प्रवेश गुप्ता, थाना प्रभारी सदर विजय विक्रम सिंह, चौकी प्रभारी रिकी पूनिया, उपनिरीक्षक अभय प्रताप और उपनिरीक्षक अतुल शर्मा समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
वहीं सामाजिक क्षेत्र से भूषण कुमार, हिमांशु सचदेवा, राजेश शुक्ला, आशा कपूर सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। स्थानीय लोगों ने नई पुलिस चौकी के शुभारंभ का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि चौकी खुलने से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ेगी और लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित पुलिस सहायता मिल सकेगी।

 

एनसीसी जीवन जीने का एक तरीका

 

गणेश राम नागर बालिका विद्यालय में 368 बालिकाओं को मिले एनसीसी प्रमाण पत्र
बाबा न्यूज
आगरा। वन यू पी गर्ल्स बटालियन एनसीसी बालूगंज आगरा का एनसीसी ए, बी,सी प्रमाण पत्र वितरण समारोह का भव्य आयोजन गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर बलकेश्वर में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन बटालियन के कमांडिंग आॅफिसर कर्नल शैलेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में किया गया। समारोह की शुरूआत मुख्य अतिथि के आगमन और कैडेटों द्वारा दिए गए ‘गार्ड आॅफ आॅनर’ के साथ हुई।
इस कार्यक्रम में वन यू पी गर्ल्स बटालियन के अंतर्गत आने वाले कुल13 इकाइयों के शैक्षणिक संस्थाओं के एनसीसी कैडेट्स, संस्थाओं के प्रिंसिपल, एसोसिएट एनसीसी आॅफिसर व केयरटेकर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरूआत स्वागत और प्रस्तावना से एएनओ कैप्टन नीलम कान्त द्वारा की गई। सर्टिफिकेट वितरण समारोह का आयोजन आरंभ किया गया । जिसमें ‘अ’, ‘इ’ और ‘उ’ सर्टिफिकेट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को,कैंपों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सर्टिफिकेट वितरण कुल संख्या 368 रही।
इस अवसर पर बटालियन के कमांडिंग आॅफिसर ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहां कि एनसीसी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि जीवन जीने का एक तरीका है।यह युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और देश सेवा की भावना पैदा करता है आज सर्टिफिकेट पाने वाले सभी कैडेट्स हमारे देश के भविष्य हैं और मुझे पूर्ण विश्वास है कि वह समाज में एक सकारात्मक बदलाव लेकर आएंगे। मनुष्य को सफलता पुरुषार्थ से मिलती है पुरुषार्थ करने पर ही प्रार्थना काम आती है सफलता की सीढ़ी हमें साधनों से नहीं साधना से मिलती है। इतिहास की जितनी भी महान हस्तियां हैं उन्होंने अनुशासन में रहकर ही सफलता हासिल की है एनसीसी हमें एक जिम्मेदार नागरिक बनाती है ।
अंत में एएनओ कैप्टन सुरत प्यारी ने गणेश रामनागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की प्रबंधिका बीना शर्मा एवं प्रधानाचार्या चारु पटेल का व्यवस्था देने के लिए धन्यवाद किया। लेफ्टिनेंट सरिता चौहान ने मीडिया प्रभारी का संचालन किया।