Breaking News
शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप:पिता ने थाने में दी तहरीर, कहा- बड़ी बेटी के देवर ने बहलाया

शामली के कांधला में एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बड़ी बहन के देवर पर लगाया आरोप पीड़ित पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बड़ी बेटी की शादी कांधला थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई है। आरोप है कि बड़ी बेटी का देवर काफी समय से उनकी नाबालिग बेटी के संपर्क में था। उसने शादी का झांसा देकर किशोरी को अपने विश्वास में लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। शादी का भरोसा देकर चुप रहने का आरोप शिकायत के अनुसार, आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देता रहा। इसी भरोसे के कारण किशोरी ने घटना की जानकारी लंबे समय तक किसी को नहीं दी। जब परिजनों को पूरे मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने आरोपी और उसके परिवार से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया। शादी से मुकरने पर थाने पहुंचे परिजन पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी के परिजनों ने पहले शादी कराने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में अपने वादे से पीछे हट गए। इसके बाद पीड़ित पिता अपनी बेटी के साथ कांधला थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई पीड़ित पिता ने पुलिस से अपनी नाबालिग बेटी को न्याय दिलाने और आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है। किशोरी की उम्र, घटना से जुड़े तथ्यों और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *