Breaking News
बुजुर्ग महिला के खाते से 13 लाख रुपये निकाले:मोबाइल नंबर लिंक कर गबन का आरोप, पति के इलाज के लिए जमा कराए थे

बस्ती जिले के रुधौली थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला के बैंक खाते से लगभग 13 लाख रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने 25 अगस्त 2026 को दोपहर 3.04 बजे गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ गबन और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रुद्रनगर गांव निवासी 62 वर्षीय प्रेमा देवी पत्नी शिवकुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी जमीन बेचकर मिले 13 लाख रुपये से अधिक की रकम पति के इलाज के लिए रुधौली स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में अपने खाते में जमा कराई थी। आरोप है कि गांव के ही रुद्रपुर निवासी सियाराम ने उनके बैंक खाते में अपना मोबाइल नंबर लिंक करा लिया। इसके बाद सियाराम ने खाते से फोन-पे और गूगल-पे जैसी डिजिटल भुगतान सुविधाएं सक्रिय कर लीं। इन सुविधाओं का उपयोग करते हुए धीरे-धीरे खाते से करीब 13 लाख रुपये निकाल लिए गए। रकम निकलने की जानकारी होने पर महिला ने तत्काल पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। SP के आदेश पर रुधौली थाने में यह मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक एजाज अहमद को सौंपी गई है। पुलिस बैंक खाते और डिजिटल भुगतान से जुड़े सभी लेनदेन की गहनता से जांच कर रही है। साथ ही आरोपी के मोबाइल नंबर और उससे हुए लेनदेन की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *