रक्षाबंधन से पहले आगरा में मिलावट पर बड़ा एक्शन:7 हजार लीटर दूध और 145 किलो खोया नष्ट, 16 नमूने लिए
आगरा में रक्षाबंधन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों और वाहनों की जांच कर 16 खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने लिए। कार्रवाई के दौरान 7 हजार लीटर दूध और 145 किलो खोया नष्ट कराया गया।
सैंया टोल पर 7 हजार लीटर दूध पकड़ा
खाद्य सुरक्षा टीम ने मंगलवार देर रात सैंया टोल प्लाजा के पास MP06GA3008 नंबर के वाहन को रोककर जांच की। वाहन में करीब 7 हजार लीटर सप्लायर दूध मिला। वाहन त्यागी दूध डेयरी, कैलारस, मुरैना का था। चालक रामनिवास कुशवाह से दूध से जुड़े लाइसेंस, क्रय-विक्रय बिल और टेस्टिंग रिपोर्ट मांगी गई, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। दूध कहां से लाया गया और कहां ले जाया जा रहा था, इसकी भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। टीम ने दूध का एक विधिक नमूना लेकर जांच के लिए भेजा। बाकी 1.75 लाख रुपये कीमत का 7 हजार लीटर दूध नष्ट करा दिया। मिठाई और डेयरी उत्पादों के नमूने लिए
अभियान के दौरान कई दुकानों से घेवर, मेवा बाटी, देशी घी, काजू कतली, पनीर, दही, गुजिया और खोया लड्डू समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इन सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
145 किलो खोया नष्ट, 52 किलो अपमिश्रक सीज
फतेहाबाद के ग्राम नाथूपुर में श्यामू सिंह के प्रतिष्ठान पर भी कार्रवाई की गई। यहां खोया का नमूना और वनस्पति जैसे अपमिश्रक का नमूना लिया गया। मौके पर करीब 145 किलो खोया, जिसकी कीमत 29 हजार रुपए थी, नष्ट कराया गया। इसके अलावा करीब 52 किलो अपमिश्रक सीज कर कारोबारी की अभिरक्षा में सौंप दिया गया। रिपोर्ट आने के बाद होगी कानूनी कार्रवाई
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II महेंद्र के अनुसार, सभी 16 विधिक नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने कहा कि रक्षाबंधन के दौरान मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

