Breaking News
गोरखपुर में डूबते युवक की सिपाही ने बचाई जान:प्रतिमा विसर्जन के दौरान डूबा, शोर सुनकर कांस्टेबल ने लगाई छलांग

गोरखपुर के पिपराइच इलाके में विसर्जन में खुशियां मनाई जा रही थीं, तालाब के किनारे भीड़ थी, ढोल-बाजे बज रहे थे। तभी एक युवक सबके मना करने के बाद भी गहरे पानी में उतर गया और देखते ही देखते डूबने लगा। तभी ड्यूटी पर तैनात सिपाही ने तालाब में छलांग लगा दी और युवक को मौत के मुंह से खींच लाया। पिपराइच के पिपरा बसंत गांव में यह घटना बुधवार शाम 5:30 बजे हुई। जान की बाजी लगाने वाले सिपाही अजीत कुमार को एसएसपी ने भी शाबाशी दी है। अब जानिए पूरा मामला बुधवार को गांव में लक्ष्मी प्रतिमा का विसर्जन हो रहा था। गांव के लोग और रिश्तेदार तालाब के किनारे खड़े थे। इसी दौरान रिश्तेदारी में आया युवक आकाश पासवान लोगों के मना करने के बाद भी तालाब के गहरे पानी में चला गया। पहले तो वह पानी में खेलता रहा, फिर अचानक गहरे पानी में जाने से डूबने लगा। हाथ-पैर मारने लगा, चिल्लाने लगा। किनारे खड़े लोग घबरा गए। किसी की हिम्मत नहीं हो रही थी कि गहरे पानी में कूदे। सिपाही ने नहीं सोचा, सीधे कूद गया विसर्जन ड्यूटी में तैनात आरक्षी अजीत कुमार ने जैसे ही युवक को डूबते देखा, उन्होंने एक पल भी देर नहीं की। वर्दी समेत ही तालाब में कूद पड़े। तैरकर आकाश के पास पहुंचे और उसे पकड़कर किनारे तक ले आए। किनारे पर लाते ही गांव वालों ने आकाश को संभाला। थोड़ी देर में वह होश में आ गया। डॉक्टरों ने बताया, अब वह खतरे से बाहर है। गांव में हो रही है सिपाही की तारीफ घटना के बाद से पूरे गांव में सिपाही अजीत कुमार की तारीफ हो रही है। ग्रामीणों का कहना है, अगर सिपाही 1 मिनट भी देर करता, तो बड़ा हादसा हो जाता। विसर्जन के दौरान पुलिस की मुस्तैदी से ही एक परिवार का चिराग बुझने से बच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *