संदीप-सौरभ की सगाई के लिए ट्रैफिक प्लान जारी:अलीगढ़ में 14 नवंबर को सुबह 8 बजे से डायवर्जन, वीवीआईपी मूवमेंट से पहले पुलिस ने तैयारियां तेज कीं
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ सिंह के 14 नवंबर को तालानगरी में होने वाले सगाई समारोह को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वीवीआईपी और वीआईपी आगमन की आधिकारिक सूचना आने से पहले ही यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है। एसपी यातायात प्रवीन कुमार की ओर से जारी इस प्लान के मुताबिक, शनिवार सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। अलग-अलग मार्गों से आने वाले वाहनों को निर्धारित स्थानों से डायवर्ट किया जाएगा। 38 स्थानों पर लगेंगे बैरियर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए शहर और आयोजन स्थल तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों पर 38 स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे। पनैठी फ्लाईओवर, कमालपुर कट, आगरा और मथुरा चेंजर, खैरेश्वर चौराहा, भांकरी कट, क्वार्सी चौराहा, महेशपुर तिराहा, बोनेर तिराहा, ओजोन कट और एटा चुंगी समेत प्रमुख स्थानों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। कानपुर, एटा, आगरा, मथुरा, खुर्जा, बुलंदशहर, टप्पल और अतरौली की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। बसों के लिए भी अलग व्यवस्था दिल्ली, खुर्जा, खैर, टप्पल, आगरा, मथुरा और एटा की तरफ से आने वाली रोडवेज, प्राइवेट और महानगर बसें निर्धारित कट और चौराहों तक ही आ सकेंगी। यात्रियों को वहीं उतारने के बाद बसों को बाईपास से गंतव्य की ओर रवाना किया जाएगा। नरोरा और रामघाट रोड की तरफ से आने वाली बसों के लिए हरदुआगंज बंबा और कासिमपुर मोड़ तक की व्यवस्था रहेगी। 10 स्थानों पर पार्किंग आयोजन में आने वाले लोगों के वाहनों के लिए 10 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें तालानगरी में किढ़ारा और कौंडरा गांव की तरफ सर्विस रोड, ट्राइडेंट स्कूल के पास खाली मैदान, दीनदयाल विकलांग विद्यालय, कलश बैंक्वेट हॉल के आसपास और डीपीएस स्कूल के सामने के स्थान शामिल हैं। वीवीआईपी पार्किंग पंडाल के अंदर और वीआईपी पार्किंग कार्यक्रम स्थल के पीछे रहेगी। वीवीआईपी मूवमेंट पर नो ट्रैफिक जोन वीआईपी आगमन और प्रस्थान के दौरान तालानगरी चौकी से डीपीएस स्कूल तक नो-ट्रैफिक जोन रहेगा। वहीं वीवीआईपी मूवमेंट के समय धनीपुर एयरपोर्ट से बोनेर, ओजोन कट, ओजोन सिटी, विजडम गंदा नाला और 38वीं वाहिनी पीएसी होते हुए कार्यक्रम स्थल तक यातायात पूरी तरह रोका जाएगा। चार क्रेन भी अलग-अलग रूट पर तैनात रहेंगी, ताकि सड़क पर खराब या दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को तत्काल हटाया जा सके। एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को प्रतिबंध से छूट रहेगी। आधिकारिक सूचना से पहले तेज हुईं तैयारियां वीवीआईपी आगमन को लेकर अभी आधिकारिक कार्यक्रम की सूचना नहीं आई है, लेकिन पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उम्मीद है कि गुरुवार देर रात या शुक्रवार तक वीवीआईपी के आगमन की आधिकारिक सूचना मिलनी शुरू हो जाएगी। इसके बाद सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जाएगा। आसपास के आधा दर्जन स्कूल शनिवार को बंद सगाई समारोह के आयोजन स्थल के आसपास करीब 100 से 150 मीटर के दायरे में स्थित आधा दर्जन बड़े स्कूल शनिवार को बंद रहेंगे। हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल के संचालक राकेश नंदन ने इसकी पुष्टि की है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के मद्देनजर इन स्कूलों में शनिवार को अवकाश घोषित किया गया है। वहीं रामघाट रोड पर स्थित अन्य स्कूलों को भी बंद रखने की संभावना है। इन स्कूलों के संबंध में शुक्रवार तक निर्णय और सूचना आने की उम्मीद है।

