Breaking News
ATM से चोरी की कोशिश करने वाला आरोपी गिरफ्तार:लखनऊ में हूटर की आवाज सुनकर हुआ था फरार; 1kg गांजा बरामद

लखनऊ में स्टेट बैंक के एटीएम को तोड़कर रुपए चोरी करने का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वारदात के दौरान पुलिस की गाड़ी का हूटर सुनकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने गश्त के दौरान उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से एटीएम तोड़ने के उपकरण, एटीएम का कीबोर्ड, कैमरा, तार और 1 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है। मामला आशियाना थाना क्षेत्र का है। आरोपी की तलाश में जुटी थी पुलिस टीमें पुलिस के मुताबिक,10 और 11 नवंबर की रात आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर-एन स्थित स्टेट बैंक के एटीएम को अज्ञात चोर ने तोड़कर नकदी चोरी करने का प्रयास किया था। इसी दौरान पुलिस की गाड़ी का हूटर सुनकर आरोपी मौके से भाग निकला। मामले में अरविंद कुमार शुक्ला की तहरीर पर आशियाना थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें जुटी थीं। एटीएम से निकाला था कीबोर्ड, कैमरा और तार इसी क्रम में 11 और 12 नवंबर की दरमियानी रात करीब 12:50 बजे पुलिस गश्त कर रही थी। तभी पुलिस ने संदिग्ध युवक रोशन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एटीएम तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले लोहे के औजार और पाइप के साथ एटीएम से निकाले गए कीबोर्ड, कैमरा और तार बरामद हुए। इसके अलावा उसके पास से 1.10 किलो गांजा भी मिला। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और बरामदगी के आधार पर आरोपी की एटीएम चोरी के प्रयास में शामिल होने की पुष्टि हुई। मामले में बीएनएस की धारा 317(2) और एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोशन सिंह पुत्र स्वर्गीय प्रमोद कुमार उर्फ अभय सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से झारखंड के पलामू जिले के चपला हुसैनाबाद का रहने वाला है। वर्तमान में लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र स्थित कैलाश विहार में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ सरोजनीनगर थाने में चोरी और बरामदगी के दो मुकदमे, उन्नाव के सोहरामऊ थाने में एक और पारा थाने में एक मुकदमा पहले से दर्ज है। आशियाना थाने में भी उसके खिलाफ एटीएम चोरी के प्रयास और गांजा बरामदगी के दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

गोरखपुर में डूबते युवक की सिपाही ने बचाई जान:प्रतिमा विसर्जन के दौरान डूबा, शोर सुनकर कांस्टेबल ने लगाई छलांग

गोरखपुर के पिपराइच इलाके में विसर्जन में खुशियां मनाई जा रही थीं, तालाब के किनारे भीड़ थी, ढोल-बाजे बज रहे थे। तभी एक युवक सबके मना करने के बाद भी गहरे पानी में उतर गया और देखते ही देखते डूबने लगा। तभी ड्यूटी पर तैनात सिपाही ने तालाब में छलांग लगा दी और युवक को मौत के मुंह से खींच लाया। पिपराइच के पिपरा बसंत गांव में यह घटना बुधवार शाम 5:30 बजे हुई। जान की बाजी लगाने वाले सिपाही अजीत कुमार को एसएसपी ने भी शाबाशी दी है। अब जानिए पूरा मामला बुधवार को गांव में लक्ष्मी प्रतिमा का विसर्जन हो रहा था। गांव के लोग और रिश्तेदार तालाब के किनारे खड़े थे। इसी दौरान रिश्तेदारी में आया युवक आकाश पासवान लोगों के मना करने के बाद भी तालाब के गहरे पानी में चला गया। पहले तो वह पानी में खेलता रहा, फिर अचानक गहरे पानी में जाने से डूबने लगा। हाथ-पैर मारने लगा, चिल्लाने लगा। किनारे खड़े लोग घबरा गए। किसी की हिम्मत नहीं हो रही थी कि गहरे पानी में कूदे। सिपाही ने नहीं सोचा, सीधे कूद गया विसर्जन ड्यूटी में तैनात आरक्षी अजीत कुमार ने जैसे ही युवक को डूबते देखा, उन्होंने एक पल भी देर नहीं की। वर्दी समेत ही तालाब में कूद पड़े। तैरकर आकाश के पास पहुंचे और उसे पकड़कर किनारे तक ले आए। किनारे पर लाते ही गांव वालों ने आकाश को संभाला। थोड़ी देर में वह होश में आ गया। डॉक्टरों ने बताया, अब वह खतरे से बाहर है। गांव में हो रही है सिपाही की तारीफ घटना के बाद से पूरे गांव में सिपाही अजीत कुमार की तारीफ हो रही है। ग्रामीणों का कहना है, अगर सिपाही 1 मिनट भी देर करता, तो बड़ा हादसा हो जाता। विसर्जन के दौरान पुलिस की मुस्तैदी से ही एक परिवार का चिराग बुझने से बच गया।

संदीप-सौरभ की सगाई के लिए ट्रैफिक प्लान जारी:अलीगढ़ में 14 नवंबर को सुबह 8 बजे से डायवर्जन, वीवीआईपी मूवमेंट से पहले पुलिस ने तैयारियां तेज कीं

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ सिंह के 14 नवंबर को तालानगरी में होने वाले सगाई समारोह को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वीवीआईपी और वीआईपी आगमन की आधिकारिक सूचना आने से पहले ही यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है। एसपी यातायात प्रवीन कुमार की ओर से जारी इस प्लान के मुताबिक, शनिवार सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। अलग-अलग मार्गों से आने वाले वाहनों को निर्धारित स्थानों से डायवर्ट किया जाएगा। 38 स्थानों पर लगेंगे बैरियर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए शहर और आयोजन स्थल तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों पर 38 स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे। पनैठी फ्लाईओवर, कमालपुर कट, आगरा और मथुरा चेंजर, खैरेश्वर चौराहा, भांकरी कट, क्वार्सी चौराहा, महेशपुर तिराहा, बोनेर तिराहा, ओजोन कट और एटा चुंगी समेत प्रमुख स्थानों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। कानपुर, एटा, आगरा, मथुरा, खुर्जा, बुलंदशहर, टप्पल और अतरौली की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। बसों के लिए भी अलग व्यवस्था दिल्ली, खुर्जा, खैर, टप्पल, आगरा, मथुरा और एटा की तरफ से आने वाली रोडवेज, प्राइवेट और महानगर बसें निर्धारित कट और चौराहों तक ही आ सकेंगी। यात्रियों को वहीं उतारने के बाद बसों को बाईपास से गंतव्य की ओर रवाना किया जाएगा। नरोरा और रामघाट रोड की तरफ से आने वाली बसों के लिए हरदुआगंज बंबा और कासिमपुर मोड़ तक की व्यवस्था रहेगी। 10 स्थानों पर पार्किंग आयोजन में आने वाले लोगों के वाहनों के लिए 10 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें तालानगरी में किढ़ारा और कौंडरा गांव की तरफ सर्विस रोड, ट्राइडेंट स्कूल के पास खाली मैदान, दीनदयाल विकलांग विद्यालय, कलश बैंक्वेट हॉल के आसपास और डीपीएस स्कूल के सामने के स्थान शामिल हैं। वीवीआईपी पार्किंग पंडाल के अंदर और वीआईपी पार्किंग कार्यक्रम स्थल के पीछे रहेगी। वीवीआईपी मूवमेंट पर नो ट्रैफिक जोन वीआईपी आगमन और प्रस्थान के दौरान तालानगरी चौकी से डीपीएस स्कूल तक नो-ट्रैफिक जोन रहेगा। वहीं वीवीआईपी मूवमेंट के समय धनीपुर एयरपोर्ट से बोनेर, ओजोन कट, ओजोन सिटी, विजडम गंदा नाला और 38वीं वाहिनी पीएसी होते हुए कार्यक्रम स्थल तक यातायात पूरी तरह रोका जाएगा। चार क्रेन भी अलग-अलग रूट पर तैनात रहेंगी, ताकि सड़क पर खराब या दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को तत्काल हटाया जा सके। एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को प्रतिबंध से छूट रहेगी। आधिकारिक सूचना से पहले तेज हुईं तैयारियां वीवीआईपी आगमन को लेकर अभी आधिकारिक कार्यक्रम की सूचना नहीं आई है, लेकिन पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उम्मीद है कि गुरुवार देर रात या शुक्रवार तक वीवीआईपी के आगमन की आधिकारिक सूचना मिलनी शुरू हो जाएगी। इसके बाद सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जाएगा। आसपास के आधा दर्जन स्कूल शनिवार को बंद सगाई समारोह के आयोजन स्थल के आसपास करीब 100 से 150 मीटर के दायरे में स्थित आधा दर्जन बड़े स्कूल शनिवार को बंद रहेंगे। हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल के संचालक राकेश नंदन ने इसकी पुष्टि की है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के मद्देनजर इन स्कूलों में शनिवार को अवकाश घोषित किया गया है। वहीं रामघाट रोड पर स्थित अन्य स्कूलों को भी बंद रखने की संभावना है। इन स्कूलों के संबंध में शुक्रवार तक निर्णय और सूचना आने की उम्मीद है।

जनकल्याण महायज्ञ के साथ 28वें भरतकुंड महोत्सव का शुभारंभ:वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विश्व कल्याण की कामना, पौधरोपण और अवधी लोकगीतों ने बांधा समां

नंदीग्राम स्थित महायोगी भरत की तपोभूमि भरतकुंड में गुरुवार को सात दिवसीय 28वें भरतकुंड महोत्सव का शुभारंभ जनकल्याण महायज्ञ के साथ हुआ। गायत्री परिवार अयोध्या के विद्वानों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से यज्ञ संपन्न कराया। भरतकुंड महोत्सव न्यास और मांडवी मंच फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने आहुतियां डालकर विश्व कल्याण की कामना की। मुख्य यजमान के रूप में संरक्षक राकेश तिवारी, डिंपल तिवारी और डॉ. विजय शंकर मौर्य ने पूजन-अर्चन किया। इस दौरान क्षेत्र की महिलाओं ने टोली बनाकर पारंपरिक अवधी लोकगीत प्रस्तुत किए। यज्ञ के बाद प्रसाद वितरण किया गया। नवग्रह वाटिका में लगाए गए पौधे महोत्सव अध्यक्ष डॉ. अंजनी पांडेय और सचिव अंबरीष चंद्र पांडेय के नेतृत्व में भरतकुंड स्थित नवग्रह वाटिका में पौधरोपण किया गया। स्वदेश संस्थान के अध्यक्ष एसबी सागर प्रजापति ने पीपल और बरगद सहित विभिन्न पौधे लगाए। अवधी गायन और भजन संध्या ने मोहा मन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अंबेडकरनगर की कलाकार शैलजा भारती और उनकी टीम ने अवधी गायन और लोकनृत्य प्रस्तुत किया। सूचना विभाग के कलाकार ओमप्रकाश निराला, काजल दुबे, रूपम शुक्ला, महेंद्र कुमार और रामसूरत तिवारी ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। भजन गायक अंबरीष पांडेय की भजन संध्या आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम में मुख्य व्यवस्थापक रामकृष्ण पांडेय और अध्यक्ष डॉ. अंजनी कुमार पांडेय ने अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान रीता तिवारी, योगेश मिश्रा, अंकित उपाध्याय, स्वर्णलता शुक्ला, डॉ. एसके मिश्रा, रमेश मौर्य, पंकज पाठक सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। भगवान श्रीराम के अनुज भरत की तपोभूमि भरतकुंड में सात दिवसीय 28वें भरतकुंड महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार से होगा। 12 से 18 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में धर्म, संस्कृति, पर्यावरण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन भरतकुंड महोत्सव न्यास, उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन और संस्कृति विभाग के सहयोग से किया जा रहा है। महोत्सव के पहले दिन सुबह 9 बजे जनकल्याण महायज्ञ होगा। शाम 4 बजे पौधरोपण और 5 बजे पर्यावरण गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसके बाद क्रिएटर अवॉर्ड शो, श्रेष्ठ किसान सम्मान और भजन संध्या होगी। भरत मिलाप यात्रा रहेगी मुख्य आकर्षण 13 नवंबर को विशाल चट माता पूजन, पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता, फैशन शो और कथक नृत्य होगा। 14 नवंबर को महिला कबड्डी प्रतियोगिता, गरबा महोत्सव और युवा उद्यमी सम्मान आयोजित होंगे। 15 नवंबर को चित्रकला, मेहंदी-रंगोली प्रतियोगिता, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और भरत चरित्र पर व्याख्यान होगा। 16 नवंबर को पर्यटन संगोष्ठी, नारी सशक्तीकरण संगोष्ठी और सम्मान समारोह के साथ संपूर्ण रामायण पर आधारित नृत्य नाटिका और कवि सम्मेलन होगा। 17 नवंबर को भरत मिलाप यात्रा, सामूहिक हनुमान चालीसा और कव्वाली का आयोजन होगा। 18 नवंबर को होगा समापन महोत्सव के अंतिम दिन स्कूली कार्यक्रम, शास्त्रीय संध्या, सम्मान समारोह और अवधी नाइट आयोजित होगी। रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम, फूलों की होली और मयूर नृत्य के साथ राष्ट्रगान कर महोत्सव का समापन होगा। महोत्सव के मुख्य संयोजक बीकापुर विधायक अमित सिंह चौहान हैं। आयोजन समिति में पूर्व सांसद लल्लू सिंह सहित जनप्रतिनिधि, संत-महंत और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल हैं।

इटावा सदर सीट से चुनाव लड़ेंगी सीमा कुशवाहा:BJP नेतृत्व के निर्देश पर सक्रिय होने का दावा, निर्भया केस की थीं वकील

निर्भया केस में पीड़िता की ओर से सुप्रीम कोर्ट में पैरवी करने वाली अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा ने इटावा सदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। गुरुवार शाम करीब पांच बजे मीडिया से बातचीत में उन्होंने भाजपा से टिकट की दावेदारी पेश की। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व से बातचीत और मिले निर्देशों के बाद ही उन्होंने क्षेत्र में राजनीतिक सक्रियता बढ़ाई है। इटावा से बताया अपना पुराना नाता सीमा समृद्धि कुशवाहा ने कहा कि वह इटावा की बेटी हैं और यही उनका घर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने चुनाव लड़ने के लिए इटावा सदर सीट का चयन नहीं किया, बल्कि राजनीतिक रूप से सक्रिय होने के लिए यहां आई हैं। इटावा से उनका जुड़ाव हमेशा से रहा है और अब वह यहां की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाना चाहती हैं। शीर्ष नेतृत्व से बातचीत के बाद बढ़ाई सक्रियता भाजपा से टिकट की दावेदारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व से बातचीत किए बिना इस तरह की दावेदारी पेश करना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि नेतृत्व के सामने अपनी बात रखने के बाद उन्हें इटावा सदर सीट पर सक्रिय होने के लिए कहा गया। इसी निर्देश के बाद उन्होंने क्षेत्र में अपनी राजनीतिक गतिविधियां बढ़ाई हैं। बोलीं- इटावा में रोज मनेगी दिवाली सीमा समृद्धि कुशवाहा ने कहा कि अगर इटावा के लोगों का आशीर्वाद और समर्थन मिला तो यहां एक दिन नहीं, बल्कि रोज दिवाली मनाई जाएगी। उन्होंने क्षेत्र के विकास और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने का भरोसा जताया। महिला सुरक्षा और युवाओं को रोजगार दिलाना प्राथमिकता विधानसभा क्षेत्र के मुद्दों पर उन्होंने महिला सुरक्षा को अपनी पहली प्राथमिकता बताया। साथ ही बेरोजगार युवाओं को रोजगार और नियुक्तियां दिलाने की दिशा में काम करने की बात कही। उन्होंने निर्भया केस का उदाहरण देते हुए कहा कि वह देश की बेटी को न्याय दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ चुकी हैं। अब इटावा की महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य के लिए काम करना चाहती हैं। इसके अलावा इटावा के पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की बात भी कही। विधायक सरिता भदौरिया के कार्यकाल पर यह बोलीं इटावा सदर सीट से पिछले 10 साल से भाजपा विधायक सरिता भदौरिया के कार्यकाल पर सवाल पूछे जाने पर सीमा समृद्धि कुशवाहा ने कहा कि वह वर्तमान विधायक का सम्मान करती हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि अगर वह उनकी जगह होतीं तो 10 साल के राजनीतिक सफर के बाद किसी दूसरी सीमा का हाथ पकड़कर उसे भी आगे बढ़ाने का काम करतीं। सपा के गढ़ वाले सवाल पर दिया जवाब इटावा को समाजवादी पार्टी का गढ़ बताए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अब यह सपा का गढ़ नहीं रहा है। पिछले 10 साल से यहां भाजपा लगातार जीत दर्ज कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का न तो अब पहले जैसा गढ़ रहा है और न ही उसका घर पहले जैसा बचा है। सुरक्षा व्यवस्था को बताया बड़ा चुनावी मुद्दा सपा से राजनीतिक मुकाबले के सवाल पर सीमा समृद्धि कुशवाहा ने कहा कि भाजपा की उससे कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है। उनके मुताबिक, इटावा के लोग सबसे पहले अपनी सुरक्षा चाहते हैं। उन्होंने पिछले 10 साल और उससे पहले के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि लोगों ने पहले की सुरक्षा व्यवस्था भी देखी है और वर्तमान स्थिति भी देख रहे हैं।

ताजमहल में एक अनचाहा मेहमान: वाइल्डलाइफ एसओएस ने लगभग पाँच फुट लंबे अजगर को स्मारक के अंदर शौचालय से पकड़ा

बाबा न्यूज

आगरा। त्योहारी भीड़ के बीच, वाइल्डलाइफ एसओएस की टीम ने विश्व धरोहर स्थल के परिसर से एक अजगर को सुरक्षित बचाया। दो सदस्यीय ‘रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट’ की टीम ने CISF कर्मियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले शौचालय से एक गैर-विषैले सांप को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद लोगों और सांप, दोनों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा और अंत में सांप को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।

रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट’ की दो सदस्यीय टीम ने स्मारक के पूर्वी गेट के सामने वाले इलाके में CISF कर्मियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले शौचालय से अजगर को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला। इस दौरान टीम ने वहां मौजूद पर्यटक और सांप, दोनों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा और अंत में सांप को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।

ताजमहल में एक अप्रत्याशित घटना देखने को मिली, जब स्मारक के पूर्वी गेट के पास वाले प्रांगण में, CISF सुरक्षाकर्मियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले एक शौचालय के अंदर लगभग पाँच फुट लंबा ‘इंडियन रॉक पायथन’ (अजगर) देखा गया। इस घटना की सूचना मिलते ही ‘वाइल्डलाइफ एसओएस रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट’ तुरंत हरकत में आ गई। उनकी दो सदस्यीय टीम ने सफलतापूर्वक इस अजगर को सुरक्षित पकड़ा, जिससे सांप और वहाँ मौजूद पर्यटकों, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई।

अजगर को सबसे पहले CISF के जवानों ने देखा, जिन्होंने तुरंत भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के अधिकारियों को सूचित किया। प्रशिक्षित मदद की ज़रूरत को समझते हुए, अधिकारियों ने वाइल्डलाइफ़ एसओएस की इमरजेंसी रेस्क्यू हेल्पलाइन (+91 9917109666) पर संपर्क किया और तुरंत मदद करने का अनुरोध किया।

बचाव अभियान के दौरान एक अतिरिक्त चुनौती यह थी कि विश्व धरोहर स्थल होने के कारण, त्योहारों के इस मौसम में यहाँ पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही थीl
अलर्ट मिलते ही, वाइल्डलाइफ एसओएस की दो सदस्यीय रैपिड रिस्पॉन्स टीम तुरंत मौके पर पहुँच गई। पर्यटकों और अन्य लोगों को सुरक्षित दूरी पर करने के बाद, टीम ने बड़ी सावधानी से मुसीबत में फंसे अजगर को बाहर निकाला। इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि अजगर को कोई चोट न लगे और उसे कोई परेशानी न हो। इसके बाद, कुछ घंटों तक अजगर को निगरानी में रखने के पश्च्यात उसे अनुकूल प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।

वाइल्डलाइफ एसओएस के कंजर्वेशन प्रोजेक्ट्स के डायरेक्टर और हर्पेटोलॉजिस्ट (सरीसृप विशेषज्ञ) बैजू राज एम.वी. ने कहा, “इंडियन रॉक पायथन (अजगर) बिना ज़हर वाली सांप की प्रजाति हैं, जो पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। अपने बड़े आकार के बावजूद, ये आम तौर पर शर्मीले होते हैं और इंसानों से दूर रहना ही पसंद करते हैं। अगर ये अनजाने में इंसानी इलाकों में आ जाएं, तो लोगों को घबराना नहीं चाहिए, उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखनी चाहिए और खुद उन्हें पकड़ने या उनके करीब जाने की कोशिश करने के बजाय, प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचित करना चाहिए। लोगों और साँपों, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समय रहते सही कदम उठाना और बचाव के उचित तरीकों का इस्तेमाल करना बहुत ज़रूरी है।”

वाइल्डलाइफ एसओएस की सह-संस्थापक और सचिव, गीता शेषमणि ने कहा, “वन्यजीवों से सामना ऐसी जगहों पर भी हो सकता है जहाँ इसकी उम्मीद न हो, यहाँ तक कि ताजमहल जैसी ऐतिहासिक विश्व धरोहर के परिसर में भी। ऐसी हर घटना लोगों को यह याद दिलाने का एक मौका है कि वन्यजीव हमारे साझा पर्यावरण का एक अहम हिस्सा हैं। हम CISF के जवानों और ASI अधिकारियों के आभारी हैं कि उन्होंने तुरंत कार्रवाई की और यह सुनिश्चित किया कि अजगर को ज़रूरी मदद मिल सके। करुणा, जागरूकता और ज़िम्मेदार व्यवहार, इंसानों और वन्यजीवों के एक साथ रहने (सह-अस्तित्व) को संभव बनाने में बहुत मददगार साबित हो सकते हैं।”

इंडियन रॉक पायथन (पायथन मोल्यूरस) भारतीय उपमहाद्वीप में पाई जाने वाली सबसे बड़ी साँप प्रजातियों में से एक है। आई.यू.सी.एन रेड लिस्ट में निकट संकटग्रस्त (नियर थ्रेटन्ड) के रूप में सूचीबद्ध और वन्य जीवों एवं वनस्पतियों की अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर कन्वेंशन (CITES) के परिशिष्ट I में शामिल यह प्रजाति भारत के वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची I के अंतर्गत उच्चतम स्तर का कानूनी संरक्षण भी प्राप्त करती है।