तूफान-बारिश के बीच पुलिस का अलर्ट:डायल-112 गाड़ियों से गांव-गांव पहुंचाया सुरक्षा संदेश, अफवाहों से बचने और तुरंत सूचना देने की अपील
मुजफ्फरनगर में मौसम विभाग द्वारा लगातार आंधी, बारिश और संभावित आपदाओं की चेतावनी के बीच पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। आपदा प्रबंधन और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस ने डायल-112 वाहनों के माध्यम से जिलेभर में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत डायल-112 की गाड़ियां विभिन्न कस्बों, गांवों और संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचीं, जहां लाउडस्पीकर के माध्यम से आमजन को संभावित प्राकृतिक आपदाओं के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने लोगों को तेज आंधी, बारिश, बिजली गिरने और अन्य आपात स्थितियों के दौरान सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया। पुलिस द्वारा लोगों से अपील की गई कि किसी भी आपदा, दुर्घटना या आपात स्थिति की जानकारी तत्काल डायल-112, पुलिस अथवा संबंधित विभागों को दें ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई। मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस का कहना है कि जनहित और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह जागरूकता अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। उद्देश्य यह है कि किसी भी संभावित आपदा के दौरान लोगों को समय रहते सही जानकारी मिले और जनहानि या नुकसान की स्थिति को कम किया जा सके।

