दक्ष प्रजापति जयंती: सीएम को मुख्य अतिथि बनाने की मांग:अमरोहा में आयोजित महोत्सव के लिए समाज ने की अपील

अमरोहा में भगवान श्री दक्ष प्रजापति जयंती महोत्सव को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में हुई इस बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष उदयगिरी गोस्वामी ने की। इसमें प्रजापति समाज के प्रबुद्धजनों ने आगामी महोत्सव में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने का निर्णय लिया। समाज बंधुओं ने कहा कि दक्ष प्रजापति जयंती महोत्सव केवल एक धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उनका मानना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति समाज के लिए प्रेरणादायक और ऐतिहासिक होगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री तक समाज की भावनाओं को पहुंचाने और आवश्यक प्रयास करने पर भी विस्तृत चर्चा हुई। राष्ट्रीय प्रजापति एकता सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. उत्तम सिंह प्रजापति ने बताया कि प्रजापति समाज हमेशा राष्ट्रहित और समाजहित के कार्यों में अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष दक्ष प्रजापति जयंती महोत्सव को भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों का सहयोग मिल रहा है। बैठक में महेंद्र सिंह प्रजापति (क्षेत्रीय महामंत्री ओबीसी मोर्चा), डॉ. हरज्ञान सिंह प्रजापति (जिलाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा), डॉ. विनोद गोला, देशराज गोला (नगर महामंत्री), अधिवक्ता चैनसुख गोला प्रजापति, अधिवक्ता विकास बाबू (जिला मंत्री), मास्टर रूपकिशोर प्रजापति, योगेश कुमार प्रजापति, विजयपाल सिंह कारीगर, सेठ उमेश प्रजापति, सुरेश प्रजापति, सुरेंद्र सिंह प्रजापति, डॉ. देवराज सिंह, तोताराम प्रजापति, सचिन प्रधान खाद गुजर, शिव कुमार जाटव, खेमचंद प्रजापति और डॉ. बी.पी. सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित थे। बैठक में समाज की एकजुटता और उत्साह स्पष्ट दिखा। सभी उपस्थित बंधुओं ने महोत्सव को सफल बनाने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।

देवरिया में 65 वाहनों का चालान, चार वाहन सीज:यातायात पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर की कार्रवाई

देवरिया में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने शनिवार को शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 65 वाहनों का ई-चालान किया गया। दिल्ली जाने वाली बस समेत कुल चार वाहन सीज किए गए। यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में बस स्टेशन, कसया ओवरब्रिज और अन्य प्रमुख स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की गई। सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के संचालित वाहनों की भी जांच की गई। चेकिंग के दौरान कई ऑटो और ई-रिक्शा चालकों का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया। देवरिया से दिल्ली जाने वाली चार बसों को बरियारपुर थाने पर सीज किया गया। वहीं, बिना नंबर प्लेट के संचालित डंपर और ट्रैक्टरों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उन्हें यातायात कार्यालय पर सीज किया गया। यातायात प्रभारी गुलाब सिंह ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना और वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नियमित चेकिंग अभियानों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी और यह संदेश जाएगा कि यातायात नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हिस्ट्रीशीटर अम्बुज यादव पर 20 हजार का इनाम घोषित:सुल्तानपुर में 30 मुकदमों का आरोपी, हत्या-लूट जैसे गंभीर मामले दर्ज

सुलतानपुर पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी अम्बुज यादव पर शिकंजा कस दिया है। पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने लंबे समय से फरार चल रहे इस आरोपी की गिरफ्तारी पर 20,000 रुपये के नकद ईनाम की घोषणा की है। अम्बुज यादव कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के अमरेथू डडिया गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार, वह कादीपुर थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 171/2026, धारा 109(1)/351(3) बीएनएस के तहत काफी समय से फरार है। कादीपुर थाना प्रभारी की रिपोर्ट पर क्षेत्राधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक के अवलोकन के बाद यह कदम उठाया गया है। पुलिस को आशंका है कि फरार रहकर यह अपराधी समाज में किसी गंभीर आपराधिक वारदात को अंजाम दे सकता है। अम्बुज यादव का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद लंबा है। उसके खिलाफ सुलतानपुर के विभिन्न थानों, जैसे कादीपुर, दोस्तपुर, अखंडनगर और चांदा में कुल 30 मुकदमे दर्ज हैं। इन मुकदमों में हत्या (धारा 302 आईपीसी), हत्या का प्रयास (धारा 307 आईपीसी), और लूट/डकैती (धारा 392, 395, 399 आईपीसी) जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, आरोपी पर उत्तर प्रदेश गिरोहबंद अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) और गुंडा अधिनियम के तहत भी कई बार कार्रवाई की जा चुकी है। उस पर अवैध हथियारों की तस्करी और रखने के आरोप में आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, कोई भी अराजपत्रित पुलिसकर्मी, ग्राम चौकीदार या आम नागरिक जो इस फरार अपराधी की गिरफ्तारी के संबंध में सटीक सूचना देगा, उसे 20,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा जाता है, तो ईनाम की राशि मजिस्ट्रेट जांच की कार्रवाई पूरी होने और संतुष्टि मिलने के बाद ही स्वीकृत की जाएगी।

डॉक्टर और नर्स 5 लाख में बेचते थे बच्चे:यूपी में डॉक्टर और मेडिकल कॉलेज की नर्स मिलकर चला रहे बच्चा चोरी का नेटवर्क

यूपी के अलग-अलग जिलों के डॉक्टर और नर्स बच्चा चोरी गैंग चला रहे थे। ये लोग 5-5 लाख रुपए में मासूम बच्चों का सौदा करते थे। पुलिस अब तक बच्चा चोरी रैकेट से जुड़े 6 सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने शनिवार को सीतापुर और लखीमपुर के 2 डॉक्टरों के साथ बरेली के एक मेडिकल कॉलेज की नर्स को भी गिरफ्तार किया है। बरेली की आंवला थाना पुलिस ने पश्चिम बंगाल के नदिया हाल पता यूपी के सीतापुर के महोली थाना क्षेत्र के उलदौली निवासी डॉ संजय कुमार विश्वास (60) को गिरफ्तार किया है। डॉ संजय सीतापुर में अपना हॉस्पिटल चला रहा था। लखीमपुर खीरी के थाना मैगलगंज गांव भगवतीपुर निवासी केशव राम उर्फ मंजेश (31) पुत्र सुरेंद्र कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। केशव राम उर्फ मंजेश इंटरमीडियट है और करीब 10 साल से अपना क्लिनिक चला रहा था। इसी तरह सीता (38) पत्नी मनोज चौहान निवासी गाजीपुर थाना दातागंज जनपद बदायूं हाल पता रसूलपुर थाना मीरगंज जनपद बरेली को भी गिरफ्तार किया है। सीता बरेली के भोजीपुरा स्थित एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में नर्स है। पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर खुलासा किया
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 24 मई 2026 को थाना आंवला के ग्राम मनौना से डेढ़ साल के एक बच्चे के अपहरण की सूचना मिली थी। इसके बाद गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों योगेश और पवन को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान उत्तम बाजपेयी नाम के एक और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। उत्तम बाजपेयी दलाल के रूप में कार्य करता था और बच्चों की सप्लाई को सुनिश्चित और फैसिलिटेट करने का काम करता था।
आज 30 मई को तीन अन्य आरोपियों संजय, मंजेश और सीता को गिरफ्तार किया गया है। ये तीनों आरोपी मेडिकल फील्ड से संबंधित हैं। इनमें से संजय सीतापुर में एक अस्पताल का संचालन करता है, मंजेश एक फर्जी क्लीनिक चलाता है और सीता एक नर्स के तौर पर कार्य करती है। पूछताछ में सामने आया है कि ये तीनों आरोपी बच्चों की सप्लाई में शामिल थे। अभी तक की जानकारी के अनुसार बच्चों को करीब 5 लाख रुपये में बेचा जाता था। इस गिरोह से संबंधित अन्य बायर तक पहुंचने का भी प्रयास किया जा रहा है।
जांच में अवैध गर्भपात का रैकेट चलने की भी संभावना जताई जा रही है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि जो महिलाएं बच्चा गिराना चाहती थीं, उन्हें कुछ पैसे दिए जाते थे और जब वे प्रेग्नेंसी की स्टेज पर पहुंचती थीं, तो ऑपरेशन कर बच्चे को प्राप्त कर आगे बेच दिया जाता था। इस मामले में न्यूबॉर्न बेबी भी शामिल हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। बच्चों की तस्करी करने वाले इस गिरोह के 6 आरोपियों की अलग अलग काम थे। सीता अब तक इन लोगों से लिए गए बच्चों को 5-5 लाख रुपए में बेच चुकी है। तीसरा बच्चा मनौना धाम से अगवा किया गया था। इसे भी बेचने वाले थे लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते इस गैंग का भंडाफोड़ हो गया।
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर के तहत कार्यवाही की जाएगी। इसमें अभी कुछ और भी लोगों के नाम सामने आ सकते है। पुलिस गहनता से पूरे मामले की जांच कर रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीओ आंवला नितिन कुमार, आंवला थाने के इंस्पेक्टर बीनू सिंह, सब इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह राघव, धर्मपाल सिंह, हेड कांस्टेबल श्याम सिंह, कांस्टेबल अजय सिंह, कांस्टेबल प्रियांशु और महिला कांस्टेबल छाया मौजूद रही।

तूफान-बारिश के बीच पुलिस का अलर्ट:डायल-112 गाड़ियों से गांव-गांव पहुंचाया सुरक्षा संदेश, अफवाहों से बचने और तुरंत सूचना देने की अपील

मुजफ्फरनगर में मौसम विभाग द्वारा लगातार आंधी, बारिश और संभावित आपदाओं की चेतावनी के बीच पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। आपदा प्रबंधन और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस ने डायल-112 वाहनों के माध्यम से जिलेभर में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत डायल-112 की गाड़ियां विभिन्न कस्बों, गांवों और संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचीं, जहां लाउडस्पीकर के माध्यम से आमजन को संभावित प्राकृतिक आपदाओं के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने लोगों को तेज आंधी, बारिश, बिजली गिरने और अन्य आपात स्थितियों के दौरान सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया। पुलिस द्वारा लोगों से अपील की गई कि किसी भी आपदा, दुर्घटना या आपात स्थिति की जानकारी तत्काल डायल-112, पुलिस अथवा संबंधित विभागों को दें ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई। मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस का कहना है कि जनहित और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह जागरूकता अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। उद्देश्य यह है कि किसी भी संभावित आपदा के दौरान लोगों को समय रहते सही जानकारी मिले और जनहानि या नुकसान की स्थिति को कम किया जा सके।

रालोद ने पुण्य तिथि पर चौ. चरण सिंह का किया भावपूर्ण स्मरण

 


बाबा न्यूज
आगरा। राष्ट्रीय लोकदल महानगर ने देश के भूतपूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की पुण्य तिथि पर दीवानी चौराहा स्थित प्रतिमा स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित कर हवन में आहुति देकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
विचार गोष्ठी में राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने कहा कि चौधरी साहब का सम्पूर्ण जीवन किसानों, ग्रामीण भारत और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित रहा। अध्यक्षता करते हुए महानगर अध्यक्ष दुर्गेश शुक्ला ने कहा कि समृद्ध गांव और सशक्त किसान के संकल्प को उन्होंने अपना जीवन समर्पित किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र बघेल, राष्ट्रीय महासचिव डॉक्टर मालती चौधरी ने कहा कि उन्होंने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाते हुए गांव की खुशहाली और किसान की समृद्धि को राष्ट्र निर्माण का आधार माना।
वरिष्ठ समाजसेवी व अखिल भारतीय जाट महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुंवर शैलराज सिंह एडवोकेट व पूर्व राष्ट्रीय सचिव ओपी वर्मा ने कहा कि उनके विचार, संघर्ष और सिद्धांत आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। संचालन ब्रज क्षेत्र महासचिव पुरुषोत्तम त्यागी ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रालोद के प्रदेश महासचिव महेश जाटव, पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा, सतवीर रावत व संजीव शर्मा ब्रजक्षेत्र महासचिव रामजीलाल बघेल, जिला अध्यक्ष चौधरी बाबूलाल प्रधान, युवा लोक दल के महानगर अध्यक्ष सौरभ गुप्ता, युवा लोक दल के पूर्व जिला अध्यक्ष मयंक खिरवार व संजय फौजदार, समाजसेवी आलोक चौधरी व अरविंद चाहर, जिला उपाध्यक्ष यशेंद्र आर्य, महानगर उपाध्यक्ष निर्मल मथुरिया, महामंत्री गणेश लाल तोमर, अजय वर्मा, चेतन वर्मा, प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष डॉ. प्रदीप भट्टाचार्य व्यापार प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष सोनू वर्मा, सत्यपाल सिंह, सुनील राजपूत, शेर सिंह, केदार सिंह परमार, निर्मल चाहर, लक्ष्मी सिंह, किरण देवी, रेखा यादव,अन्नु पहलवान, जसवीर चाहर,दिनेश खिरवार,अभिषेक खिरवार, अमन बघेल, बजाज खान, अजय भदावर भूपेन्द्र चौधरी, योगेश कुमार, लव कुमार ठाकुर, मनोज बाल्मीकि आदि थे।