मैनपुरी में अहिल्याबाई जयंती पर शोभायात्रा निकली:पूर्व विधायक ने कहा- वर्तमान पीढ़ी को समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं

मैनपुरी सदर विधानसभा क्षेत्र में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें पाल, बघेल, धनगर समाज सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। शोभायात्रा के माध्यम से सामाजिक समरसता और लोकमाता के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया। समाजवादी पार्टी के पूर्व सदर विधायक राजकुमार उर्फ राजू यादव ने अपने सहयोगियों के साथ यात्रा में शामिल लोगों, अतिथियों और समाज के प्रतिनिधियों का अभिनंदन किया। उन्होंने शोभायात्रा में शामिल लोगों के लिए जलपान और पेयजल की विशेष व्यवस्था भी कराई। कार्यक्रम के दौरान लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने उनके जीवन संघर्ष, सामाजिक योगदान और राष्ट्र निर्माण में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि अहिल्याबाई होल्कर ने जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और अपने शासनकाल में अनेक ऐतिहासिक कार्य किए। वक्ताओं ने कहा कि महिला सशक्तिकरण, धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास तथा समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए उनके कार्य आज भी प्रेरणा का स्रोत हैं। उनके आदर्श वर्तमान पीढ़ी को समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।
शोभायात्रा में युवाओं, महिलाओं और समाज के गणमान्य लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। इस दौरान समाज के लोगों ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के विचारों को आगे बढ़ाने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। शोभायात्रा ने सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के प्रति श्रद्धा का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *