वाराणसी रेंज के 37 अपराधी 50 हजार के इनामिया:आईजी ने हत्या लूट समेत कई मामलों में आरोपियों पर बढ़ाई राशि, विशेष टीमें लगाईं
वाराणसी रेंज के डीआईजी वैभव कृष्णा ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मंगलवार को 37 वांछित एवं फरार अपराधियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इन अपराधियों में हत्या, गैंगस्टर, गौकशी, डकैती और अन्य गंभीर मामलों के आरोपी शामिल हैं, जिनकी पुलिस पिछले एक वर्ष से अधिक समय से तलाश कर रही थी। घोषित इनाम वाले अपराधियों में चंदौली जिले के 13, गाजीपुर के 12 और जौनपुर के 12 अपराधी शामिल हैं। इनमें कई ऐसे आरोपी भी हैं, जिन्हें पुलिस भगोड़ा घोषित कर चुकी है। डीआईजी वैभव कृष्णा ने बताया कि इन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस ने उनके परिजनों, परिचितों और संभावित ठिकानों पर भी जांच-पड़ताल की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद अब उनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया है। इन अपराधियों पर घोषित हुआ इनाम सूचना देने के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर
पुलिस ने इन अपराधियों के संबंध में सूचना देने के लिए 7839860411 नंबर जारी किया है। इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति गोपनीय रूप से सूचना दे सकता है। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। एसओजी, विशेष टीमें और एसटीएफ भी लगी
डीआईजी ने रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए एसओजी और अन्य विशेष टीमों को सक्रिय किया गया है। साथ ही आरोपियों का पूरा आपराधिक रिकॉर्ड और विवरण एसटीएफ को भी उपलब्ध कराया गया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इनाम घोषित होने के बाद अपराधियों की तलाश में तेजी आएगी और आम लोगों से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर उनकी गिरफ्तारी संभव हो सकेगी। गंभीर अपराधों में वांछित हैं आरोपी
इनामी घोषित किए गए अधिकांश अपराधी गैंगस्टर एक्ट, हत्या, गौकशी, डकैती और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में वांछित हैं। कई आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे हैं और पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इन अपराधियों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

