उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ का चुनाव 26 को

बैठक में सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई
बाबा न्यूज
आगरा। उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ आगरा क्षेत्र की आवश्यक बैठक ईदगाह बस स्टेशन स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर आयोजित हुई। बैठक में 26 जून 2026 को प्रस्तावित क्षेत्रीय चुनाव की तैयारीयों के संबंध में विस्तार पूर्वक चर्चा हुई। सभी पदाधिकारीयों को जिम्मेदारी सौंपी गई। गत वर्ष का लेखा-जोखा स्पष्ट किया गया। संगठन के विस्तार एवं मजबूती के लिए आवश्यक पहलुओं पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता राजकुमार क्षेत्रीय अध्यक्ष द्वारा की गई। संचालन क्षेत्रीय मंत्री ओमप्रकाश भगौर द्वारा किया गया। बैठक में जयप्रकाश शुक्ला प्रांतीय उपाध्यक्ष, श्यामवीर सिंह शाखा अध्यक्ष मथुरा, राजेंद्र चतुर्वेदी शाखा मंत्री मथुरा, नेत्रपाल सिंह क्षेत्रीय प्रतिनिधि मथुरा डिपो, के के पचौरी शाखा अध्यक्ष फाउंड्री नगर डिपो, किशन शर्मा क्षेत्रीय प्रतिनिधि फाउंड्री नगर डिपो, चंद्रेश शर्मा क्षेत्रीय प्रतिनिधि फाउंड्री नगर डिपो, राहुल शर्मा शाखा मंत्री फाउंड्री नगर डिपो, आलोक शर्मा शाखा मंत्री ताज डिपो, तारा सिंह शाखा उपाध्यक्ष फोर्ट डिपो, पी सिंह वरिष्ठ पदाधिकारी फोर्ट डिपो, नितिन शर्मा शाखा मंत्री क्षेत्रीय कार्यशाला, अजय पाराशर क्षेत्रीय प्रतिनिधि क्षेत्रीय कार्यशाला, शैलेंद्र लवानियां शाखा मंत्री ईदगाह डिपो, अशोक त्यागी शाखा अध्यक्ष ईदगाह, राजेंद्र प्रसाद प्रधान क्षेत्रीय प्रतिनिधि ईदगाह, चंद्रवीर सिंह क्षेत्रीय प्रतिनिधि ईदगाह, कम्मोद सिंह त्यागी पूर्व शाखा अध्यक्ष, अनिल शुक्ला कोषाध्यक्ष ईदगाह डिपो, गौरी शंकर त्यागी क्षेत्रीय प्रतिनिधि ईदगाह, उमेश गिरी क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अविवि कर्मचारी संघ का चुनाव 15 जुलाई को होगा, नोटिफिकेशन किया जारी

बाबा न्यूज
आगरा। डा.आर बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने आखिरकार कर्मचारियों की मांगों को स्वीकार कर लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से चुनाव की घोषणा कर दी गई है। चुनाव अधिकारी के अनुसार मतदान 15 जुलाई को होगा।
चुनाव अधिकारी प्रोफेसर बृजेश रावत के अनुसार नामांकन पत्र 25 और 27 जून को जुबली हॉल में प्रात 11:00 बजे से 1:00 तक लिए जाएंगे। 29 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 30 जून को प्रत्याशियों की सूची और चुनाव चिन्ह आवंटित किया जाएगा। चुनाव में प्रचार की अवधि 13 जुलाई शाम 5:00 बजे तक होगी। 15 जुलाई को सुबह 10:00 बजे से मतदान की प्रक्रिया आरंभ होगी जो की दोपहर 2:00 बजे तक जुबली हाल में चलेगी। 15 जुलाई को मतदान के बाद वोटो की गिनती आरंभ होगी और विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। चुनाव अधिकारी प्रोफेसर बृजेश रावत ने बताया कि प्रत्येक मतदाता को कुल सचिव की ओर से जारी किए गए पहचान पत्र को दिखाने पर ही मतदान करने दिया जाएगा। एक प्रत्याशी केवल एक पद के लिए ही आवेदन कर सकेगा। कोई भी प्रत्याशी विश्वविद्यालय परिसर में जुलूस नहीं निकाल सकेगा।

गोंडा कमिश्नर ने की बाढ़ तैयारियों की मंडलीय समीक्षा बैठक:लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी, समय से काम पूरा करने के निर्देश

मानसून नजदीक आने के साथ ही संभावित बाढ़ की तैयारियों की समीक्षा शुरू हो गई है। आज सोमवार शाम 6 बजे गोंडा कमिश्नर कार्यालय के महाराजा सुहेलदेव सभागार में कमिश्नर दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में बाढ़ तैयारियों की मंडलीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक के दौरान कमिश्नर नागपाल ने सभी कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि समय पर कार्य पूरे नहीं हुए, लापरवाही बरती गई या गुणवत्ता से समझौता किया गया, तो संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कमिश्नर ने बलरामपुर और गोंडा के अधिकारियों को विशेष तैयारी करने को कहा, क्योंकि इन जिलों में भीषण बाढ़ से बड़ी आबादी प्रभावित होती है। उन्होंने बाढ़ से बचाव के लिए राहत एवं बचाव कार्यों की सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने, बाढ़ शरणालयों को व्यवस्थित रखने और वहां अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। जिन जनपदों में राहत सामग्री का टेंडर नहीं हुआ है, वहां कमिश्नर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जून माह में ही इसे पूरा करने के निर्देश दिए है। सभी जिलों में मेडिकल और सर्विलांस टीमों को सक्रिय करने के साथ ही अधिकारियों, नाविकों और आपदा मित्रों को बाढ़ से पहले प्रशिक्षित करने के निर्देश भी दिए गए।बाढ़ के समय ग्राम स्तर पर राहत चौपाल का आयोजन भी किया जाएगा। बैठक में चारों जिलों के जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे, जबकि गोंडा के एडीएम और बाढ़ खंड विभाग के अधिकारी महाराजा सुहेलदेव सभागार में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित थे।

11 जुलाई से स्वास्थ्य विभाग चलाएगा दस्तक अभियान:वाराणसी में डेंगू व मलेरिया के प्रति स्वास्थ्यकर्मी करेंगे जागरूक, जिला टास्क फोर्स ने बनाई कार्ययोजना

जनपद में संचारी रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया जैसे मच्छर जनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण और कार्रवाई के लिए दस्तक अभियान चलाया जाएगा। 11 जुलाई से 31 जुलाई तक यह अभियान चलेगा। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। जिलधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग व विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से डेंगू, मलेरिया, टीबी, फाइलेरिया आदि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए यह अभियान पूरे जुलाई माह संचालित किया जाएगा। समस्त विभागों के सामंजस्य से ही इस अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाया जा सकता है। डेंगू की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग सहित समस्त सहयोगी विभागों को ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने पंचायती राज एवं ग्राम्य विकास विभाग को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय से साफ-सफाई का कार्य, लार्वी साइडल स्प्रे, फॉगिंग, खराब इंडिया मार्क-2 हैंडपंप की मरम्मत एवं उथले हैंडपंपों के चिन्हीकरण, नालियों एवं तालाबों की साफ-सफाई कराया जाए। जिलाधिकारी ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी व नगर निगम को निर्देशित किया कि संक्रामक रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए माइकिंग के माध्यम से प्रचार-प्रसार का कार्य कराया जाए। नगरीय क्षेत्रों में झुग्गी झोपड़ी व स्लम एरिया क्षेत्रों में विशेष रूप से सफाई अभियान चलाया जाए। सीएमओ डॉ मुकेश कुमार ने बताया कि इस अभियान में संचारी रोग जैसे डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार आदि के साथ ही टीबी, कुष्ठ, कालाजार एवं फाइलेरिया के लक्षणयुक्त मरीजों को भी चिह्नित करने पर जोर रहेगा।

अमरोहा में शराब ठेका हटाने की मांग:आबादी और मंदिर के पास होने से महिलाओं की सुरक्षा को खतरा

अमरोहा की तहसील धनौरा के ग्राम कमेलपुर के ग्रामीणों ने सरकारी देशी शराब के ठेके को बंद कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने इस संबंध में जिलाधिकारी को एक प्रार्थना पत्र सौंपा है। उनका आरोप है कि यह ठेका आबादी क्षेत्र और शिव मंदिर के पास स्थित है, जिससे गांव में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। कमेलपुर के ग्रामवासियों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि धनौरा-कमेलपुर मार्ग पर स्थित इस ठेके के आसपास चार कैंटीन भी संचालित हैं। ठेकेदार और सेल्समैन की मिलीभगत से सुबह 6 बजे से ही शराब की बिक्री शुरू हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि दुकानों पर बैठकर शराब पीने वाले लोग नशे में आबादी वाले घरों में घुस जाते हैं। वे दिन में अकेली महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करते हैं। दिन के समय ज्यादातर पुरुष मजदूरी पर बाहर होते हैं, जिससे महिलाएं और बच्चे असुरक्षित महसूस करते हैं। ठेके के पास होने के कारण छोटे बच्चे भी शराब और बीयर का सेवन करने लगे हैं, जिसका उनके भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। सुबह शिव मंदिर और देवता मंदिर में पूजा करने जाने वाली महिलाओं पर भी शराबी अश्लील टिप्पणियां करते हैं। इन समस्याओं के चलते कई परिवार ठेके के आसपास से पलायन करने को मजबूर हो गए हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि गांव की आबादी और धार्मिक स्थलों के पास बने इस सरकारी देशी शराब के ठेके को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए।

शाहजहांपुर में घर में घुसकर परिवार पर लाठी-डंडों से हमला:पुरानी रंजिश में पति-पत्नी और बेटा घायल, एफआईआर दर्ज

शाहजहांपुर में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर हमला किया गया। दबंगों ने घर में घुसकर पति-पत्नी और उनके बेटे को लाठी-डंडों से पीटा, जिससे वे घायल हो गए। यह घटना थाना पुवायां क्षेत्र के मोहल्ला आनंद वाटिका में सोमवार सुबह करीब सात बजे हुई। पीड़ित देवेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बेटे का दूसरे गांव के कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते कुछ दिन पहले भी कहासुनी हुई थी। सोमवार सुबह हमलावरों ने उनके घर में घुसकर पहले देवेंद्र सिंह के साथ मारपीट की। जब उनकी पत्नी बचाने आईं, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद हमलावरों ने उनके बेटे को भी पीटा। परिवार की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। हमलावरों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी और फिर वहां से फरार हो गए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। घटना के बाद घायल अवस्था में तीनों पीड़ित थाने पहुंचे। पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी आरके रावत ने पुष्टि की कि मारपीट की घटना हुई है। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

भरत तिवारी एनकाउंटर: ब्राह्मण समाज ने राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन:मैनपुरी में सीबीएसई जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

मैनपुरी के करहल में बिहार के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर ब्राह्मण समाज सेवा समिति ने विरोध दर्ज कराया है। समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सोमवार को राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम सुनिष्ठा सिंह को सौंपा। इसमें मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है। समिति ने कहा कि भरत तिवारी एनकाउंटर की घटना ने समाज में गहरी चिंता और आक्रोश पैदा किया है। उनका मानना है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। समिति के अध्यक्ष सत्यप्रकाश दुबे ने बताया कि भरत तिवारी एनकाउंटर प्रकरण केवल एक व्यक्ति या परिवार का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह न्याय व्यवस्था और कानून के शासन से जुड़ा एक गंभीर विषय है। उन्होंने जोर दिया कि यदि जांच में नियमों की अनदेखी या किसी व्यक्ति की संदिग्ध भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। समिति ने पीड़ित परिवार को न्याय के साथ-साथ सुरक्षा और आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी मांग की, ताकि वे असहाय महसूस न करें। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि इस पूरे प्रकरण की जांच किसी स्वतंत्र और सक्षम एजेंसी से कराई जानी चाहिए। इसका उद्देश्य जांच की निष्पक्षता सुनिश्चित करना है, ताकि उस पर कोई सवाल न उठ सके। राष्ट्रपति से अनुरोध किया गया है कि वे मामले का संज्ञान लें और संबंधित एजेंसियों को निष्पक्ष जांच के निर्देश दें। साथ ही, दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाए। समिति ने चेतावनी दी कि जब तक इस प्रकरण की सच्चाई पूरी तरह सामने नहीं आती, तब तक समाज में असंतोष बना रहेगा। इस अवसर पर गोविन्द पाण्डेय ने भरत तिवारी एनकाउंटर को ‘फर्जी’ करार दिया और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण में जिन लोगों की भूमिका संदिग्ध है, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। पाण्डेय ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी उच्च पद पर बैठे व्यक्ति का नाम सामने आता है, तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान समिति के अध्यक्ष सत्यप्रकाश दुबे, गोविन्द पाण्डेय, शशांक मिश्रा, शशांक चतुर्वेदी, अंशू पाण्डेय, शशांक दीक्षित, अवधेश दुबे, रानू पाण्डेय, आशीष मिश्रा, अवधनरेश, आशीष पाण्डेय, आशुतोष पाण्डेय, आशीष दुबे, विशाल तिवारी, पवन दुबे, राहुल पाण्डेय, कीर्ति मोहन दुबे, सुरेन्द्र दुबे, दीपक पाण्डेय, रविन्द्र कुमार दुबे, संजय कुमार, सचिन चौबे, सौरभ दुबे, विकास पाण्डेय, आकाश पाण्डेय, अभिषेक, ऋतिक, राजेंद्र त्रिपाठी, अरुण दुबे, ऋषिकांत दुबे, पिंकी, अखिलेश दुबे और अश्वनी कुमार पाण्डेय समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।