मारपीट मामले में राज्यमंत्री ने एसपी कार्यालय पहुंचकर की मुलाकात:थानाध्यक्ष की कार्यशैली पर जताई नाराजगी, एसपी के निर्देश पर केस दर्ज
सीतापुर के हरगांव थाना क्षेत्र में हुए मारपीट मामले में कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही मंगलवार दोपहर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने हरगांव थानाध्यक्ष बलवंत शाही की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शिकायत दर्ज कराई। मंत्री ने आरोप लगाया कि मारपीट की घटना में शिकायत के बावजूद समय पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। जानकारी के अनुसार 21 जून को हरगांव कस्बे में सोनू और नदीम के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हुई थी। घटना के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद जांच शुरू की गई, लेकिन मुकदमा दर्ज करने को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। बताया जा रहा है कि कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही का मत था कि सोनू की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। वहीं हरगांव थानाध्यक्ष बलवंत शाही दोनों पक्षों की शिकायतों को देखते हुए दोनों ओर से कार्रवाई की बात कर रहे थे। इसी बात को लेकर मंत्री ने नाराजगी जताई और सीधे एसपी कार्यालय पहुंच गए। एसपी कार्यालय में मंत्री ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष पूरे मामले को रखा और थानाध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की मांग की। मामले की जानकारी लेने के बाद पुलिस अधीक्षक ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद मंत्री शांत हुए। प्रभारी निरीक्षक बलवंत शाही के अनुसार पीड़ित सोनू की तहरीर पर नदीम और उसके बेटों सहित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं मामले की जांच भी जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए प्रत्येक मामले में निष्पक्ष जांच और विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

