Breaking News
पत्नी मायके से नहीं लौटी, युवक ने किया सुसाइड:लखीमपुर में 3 महीनें पहले की थी लव मैरिज, पत्नी बोली- तुम्हारे मरने के बाद आऊंगी

लखीमपुर खीरी में एक युवक ने पत्नी के मायके से वापस न आने से आहत होकर उत्तराखंड में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार को जब युवक का शव उत्तराखंड से पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। युवक सिंगाही थाना क्षेत्र के रमुआपुर गांव का रहने वाला था। युवक ने तीन महीनें पहले घर से 17 किलोमीटर दूर की युवती से लव मैरिज किया था। परिजनों के अनुसार युवती के परिवार वाले शादी से खुश नहीं थी। कुछ ही दिन पहले युवती मायके गई थी, जहां ससुरालियों ने युवक के साथ मारपीट की। युवक का शव शनिवार को घर पहुंचा। देखिए 2 तस्वीरें… जानिए पूरा मामला… रमुआपुर गांव के रहने वाले श्रीराम अपने तीन बेटों मुनेश (23), धर्मेंद्र (20), सुभाष (15) और एक बेटी मोहिनी (22) के साथ रहते हैं। परिजनों के अनुसार धर्मेंद्र का घर से 17 किलोमीटर दूर मोतीपुर गांव की रहने वाली युवती माधुरी से 2 साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। माधुरी के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे, जिसके बाद माधुरी घर से भागकर धर्मेंद्र के पास आ गई थी। दोनों ने तीन महीनें पहले 21 अप्रैल को मंदिर में फेरे लेने के बाद कोर्ट मैरिज की थी। दोनों के बीच तीन महीनें से सबकुछ ठीक चल रहा था। ससुरालियों पर मारपीट का आरोप बीते 17 जुलाई को माधुरी के पिता सत्रोहन अपनी बेटी को लेने उसकी ससुराल पहुंचे। उन्होंने माधुरी को एक दिन के लिए घर ले जाने की बात कहकर अपने साथ ले गए। अगले दिन, 18 जुलाई को धर्मेंद्र माधुरी को विदा कराने उसके मायके मोतीपुर पहुंचा। परिजनों का आरोप है कि वहां माधुरी के पिता और चाचा ने धर्मेंद्र के साथ मारपीट की और माधुरी को उसके साथ भेजने से इनकार कर दिया। वहीं, माधुरी ने भी धर्मेंद्र के साथ जाने से मना कर दिया। काफी मनाने के बाद भी जब माधुरी धर्मेंद्र के साथ नहीं आई, तो वह अकेला अपने घर लौट आया। मजदूरी करने की बात कहकर गया था उत्तराखंड अगले दिन, धर्मेंद्र ने घर वालों से उत्तराखंड में मजदूरी करने की बात कहकर वहां चला गया। 22 जुलाई को धर्मेंद्र के अन्य साथी और भाई मजदूरी करने चले गए, जबकि वह अकेला कमरे में रुक गया। जब उसके भाई काम करके कमरे पर वापस लौटे, तो उन्होंने धर्मेंद्र का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को जब शव घर पहुंचा, तो परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने ससुराल वालों पर धर्मेंद्र को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। भाई बोला- धर्मेंद्र पत्नी से घर आने की मिन्नतें कर रहा था मृतक के पिता श्रीराम ने बताया कि मेरे बेटे धर्मेंद्र और माधुरी दोनों ने लव मैरिज की थी। बहू के मायके वाले बहू को एक दिन के लिए अपने घर ले गए थे,जब मेरा बेटा उसे विदा कराने पहुंचा तो उसके साथ मारपीट की। इसी के चलते मेरे बेटे ने उत्तराखंड में जाकर फांसी लगा ली। वहीं मृतक के बड़े भाई मुनेश ने बताया कि धर्मेंद्र अपनी पत्नी माधुरी से फोन पर घर आने की मिन्नते कर रहा था। मुनेश ने बताया कि धर्मेंद्र से माधुरी ने कहा कि जब तुम मर जाओगे, तब तुम्हारे घर आएंगे। इसी के चलते धर्मेंद्र ने फांसी लगा ली। मृतक की दादी ने इंसाफ की मांग की मृतक की दादी जोडाना ने बताया कि उनके पोते ने लव मैरिज की थी। ससुराल वालों ने दोबारा घर भेजने से मना किया। इसी के चलते धर्मेंद्र ने फांसी लगा ली। दादी जोडाना पोते की मौत के बाद प्रशासन से इंसाफ की मांग कर रही है। सिंगाही थाने के कार्यवाहक थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि युवक के परिजनों से उन्होंने घटना की जानकारी ली है, युवक ने उत्तराखंड में सुसाइड किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *